चार्ल्स बुकोव्सकी अमेरिकी कवि, उपन्यासकार और लघु कथा लेखक हैं। वे 16 अगस्त 1920 में जर्मनी में पैदा हुए। उनके शहर लॉस एंजिलिस के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक माहौल का असर उनके लेखन में झलकता है। ग़रीब अमेरिकियों का साधारण जीवन उनके लेखन के केंद्र में है। बुकोव्सकी ने हज़ारों कविताएं, सैकड़ों लघु कथाएं और छह उपन्यास लिखे हैं। 9 मार्च 1994 में उनका निधन हुआ।
प्रशंसा गीत : (पुरानी कार के नाम)
(Eulogy)
पुरानी कारों के साथ अक्सर, ख़ासकर जब तुम उन्हें सेकंड
हैंड खरीदते हो और बड़े सालों चलाते हो,
प्यार हो ही जाता है :
तुम सीख जाते हो
स्वीकारना भी
इनका सनकीपन:
चूते वाटर पंप
बिगड़ते प्लग
जंग लगा थ्रॉटल आर्म
झिझकता कारबोरेटर
तेली इंजन
जड़ पड़ी घड़ी
जाम पड़ा स्पीडोमीटर, और
अन्य छोटी मोटी
ख़ामियाँ।
तुम अपना प्यार ज़िंदा रखने के
सभी तरीके भी सीख जाते हो :
डैशबोर्ड के नीचे का दराज़
कैसे धप्प से बंद करना
ताकि वो बंद रहे।
कैसे हेडलाइट को खुले हाथ का झापड़ मारना
ताकि वो
जल उठे,
एक्सीलरेटर को कितनी बार पैर मारना
और फिर स्टार्टर की चाबी को छूने से पहले कितनी देर रुकना,
और तुम नज़रअंदाज़ करते हो सिगरेट जले हर छेद को
सीट पर
जिस में से हर साल का वसंत
निकलता नज़र आता है।
तुम्हारी कार पुलिस थानों में
कई बार आई गई,
इसके चालान कटे कई बार कई
ख़राबियों के चलते :
टूटे वाइपर,
इंडिकेटर लाइट का ना होना, गायब
ब्रेक लाइट, टूटे टेल लाइट, ख़राब
ब्रेक, ज़्यादा
निकलता धुआँ और क्या कुछ,
लेकिन इस सब के बावज़ूद
तुम्हें पता था उसके साथ तुम सुरक्षित हो।
कभी दुर्घटना नहीं हुई, पुरानी कार
तुम्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाती रही,
वफादारी के साथ,
- ग़रीब का चमत्कार।
तो जब वो आख़िरी बार ख़राब हुई
जब उसके वाल्व बोल गए,
जब उसके थके पिस्टन
चरमरा गए, या
वो क्रैन्कशाफ्ट ख़राब हो गए और
तुमने उसे बेच दिया
कबाड़ में,
- तब तुम्हें देखना पड़ा उसे
ले जाये जाते हुए
लटकते हुए
टो ट्रक के पीछे
ले जाये जाते हुए
जैसे उसकी कोई आत्मा
नहीं,
उसके घिसे हुए पीछे के टायर
उसकी टूटी हुई पीछे की एक खिड़की और
उसका मुड़ा लाइसेंस प्लेट,
आख़िरी बार देखे तुमने,
और दर्द हुआ
जैसे कोई औरत जिसे तुमने चाहा
बहुत
और जिसके साथ रहे
साल दर साल
मर चुकी हो
और अब तुम
कभी फिर से
नहीं जान पाओगे
उसका संगीत
उसका जादू
उसकी अविश्वसनीय
वफादारी।
- चार्ल्स बुकोव्स्की, अनुवाद : अरविन्द जोशी
कमेंट
कमेंट X