गृहमंत्री ने दिए कश्मीर में उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुरहान वानी की पहली बरसी से पहले उपद्रवियों और पत्थरबाजों पर शिकंजा कसा जा रहा है। अलगाववादियों, हिंसा फैलाने वालों तथा पत्थरबाजों से सख्ती से निपटा जाएगा। अवांछनीय तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक के बाद सुरक्षा बलों को अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। गृह मंत्री ने आतंकी बुरहान की बरसी पर अलगाववादियों की हड़ताल के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
राजनाथ ने अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम के भी निर्देश दिए। उन्होंने अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम की भी समीक्षा की।
गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
शासन के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक बैठक में गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर, गृह सचिव राजीव महर्षि, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के आईजी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट तथा राज्य सरकार की रिपोर्ट के आधार पर कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई।
उन्होंने बार्डर और नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने की तैयारियों की भी समीक्षा की। गृह मंत्री ने कहा कि अमरनाथ यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। हिंसा फैलाने वालों तथा पत्थरबाजों पर पैनी निगाह होनी चाहिए। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को तैयार रहने की हिदायत दी।