कश्मीर: लश्कर के टॉप कमांडर बशीर समेत पाकिस्तानी आतंकी को सेना ने किया ढेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के अच्छाबल में एसएचओ फिरोज डार समेत छह पुलिसकर्मियों की हत्या का सुरक्षा बलों ने 15 दिन के भीतर ही बदला चुका लिया। हमले के मास्टरमाइंड 10 लाख के इनामी लश्कर के टाप कमांडर बशीर लश्करी को पाकिस्तानी साथी के साथ सुरक्षा बलों ने शनिवार को मुठभेड़ में मार गिराया।
मुठभेड़ के दौरान आतंकियों के बच निकलने में सहायता के लिए नागरिकों की ओर से किए जा रहे पथराव के दौरान क्रास फायरिंग में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। आतंकियों की ओर से बचने के लिए मकान में मानव ढाल के रूप में बंधक बनाए गए 17 लोगों को सुरक्षाबलों ने सुरक्षित निकाला। मुठभेड़ के बाद भी इलाके में हिंसक झड़पें चलती रहीं।
आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने सुबह अनंतनाग जिले के बटपोरा दियालगाम गांव में घेरेबंदी की। घेराबंदी सख्त होती देख एक मकान में छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस पर सुरक्षा बलों ने भी मोर्चेबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
सुरक्षाबलों की ताबड़तोड़ कार्रवाई में आतंकी ढेर
इस बीच आतंकियों ने मकान में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। मानव ढाल के रूप में इनका इस्तेमाल किया। डीजीपी डा. एसपी वैद ने बताया कि सुरक्षा बलों ने बंधक बनाए गए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद कार्रवाई तेज करते हुए मकान में छिपे दो आतंकियों को ढेर कर दिया।
इनकी शिनाख्त शोपशाली कोकरनाग निवासी लश्कर कमांडर बशीर अहमद वानी उर्फ बशीर लश्करी तथा पाकिस्तानी आतंकी अबू माज के रूप में हुई है। दोनों लश्कर के आतंकी थे। ए डबल प्लस कैटगरी का बशीर दो अक्टूबर 2015 को लश्कर में शामिल हुआ था और उसने कई घटनाओं को अंजाम दिया था।
मुठभेड़ के दौरान इलाके में हिंसक प्रदर्शन
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई जो सुरक्षा बलों को कार्रवाई करने में बाधा पहुंचा रही थी। भीड़ ने प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा बलों पर भारी पथराव किया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए सुरक्षा बलों की ओर से आंसू गैस के गोले दागे गए।
पैलेट गन का इस्तेमाल किया। इस दौरान क्रास फायरिंग में गांव की ताहिरा और सादात अहमद चौपान की मौत हो गई। इसके साथ ही चार लोग पैलेट गन लगने से घायल हो गए। प्रदर्शन में दर्जनभर नागरिक तथा आधा दर्जन सुरक्षा बलों के जवान घायल हुए हैं।