भाजपा नेता का आरोप, साजिश के तहत मुस्लिम युवक कर रहे हैं हिंदू लड़कियों का अपहरण
भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा ने सोमवार को मुरादाबाद पहुंचे डीजीपी जावीद अहमद और प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा से हिंदू लड़कियों के अपहरण के मामलों में पुलिस भूमिका की शिकायत की है।भाजपा जिलाध्यक्ष ने दावा किया है कि पश्चिमी यूपी में हिंदू लड़कियों का अपहरण मुस्लिम युवकों द्वारा एक योजना के तहत किया जा रहा है।
इनमें ज्यादातर नाबालिग और शादीशुदा हैं। लेकिन पुलिस इन मामलों में कार्रवाई नहीं करती। सोमवार को सर्किट हाउस में मंडल की कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद दोनों अधिकारी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नुमाइंदों से बात कर रहे थे।
इस दौरान सपा विधायकों और नेताओं ने तो कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बताते हुए अफसरों की तारीफ की। लेकिन जब भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा की बारी आई तो उन्होंने हिंदू लड़कियों के अपहरण के मामलों में पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोप लगाए।
अफेयर के जाल में फंसाकर भगाया जा रहा है
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि एक प्लानिंग के तहत हिंदुओं लड़कियों को अफेयर के जाल में फंसाकर भगाया जा रहा है और जब परिजन पुलिस के पास पहुंचते हैं तो पुलिस एक्शन नहीं लेती। भाजपा नेता ने कहा कि नाबालिग और शादीशुदा लड़कियों के मामले में भी पुलिस का जवाब होता है कि लड़की स्वेच्छा से गई है लिहाजा कार्रवाई नहीं होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष यहीं नहीं रुके उन्होंने स्थानीय सपा नेताओं पर भी इन मामलों में आरोपी पक्ष को संरक्षण देने के आरोप लगा डाले। डीजीपी ने इस बाबत स्थानीय अफसरों से पूछा तो एसएसपी नितिन तिवारी ने आंकड़ों के साथ जवाब दिया।
एसएसपी ने साफ कि किया लड़कियों के अपहरण के मामलों में बिना जाति और धर्म देखे मुकदमा दर्ज करके कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाती है।