ई-नाम में श्रेष्ठ कार्य करने पर सोलन मंडी को प्रधानमंत्री पुरस्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले को ई-नाम (राष्ट्रीय कृषि मंडी) के श्रेष्ठ कार्यान्वयन के लिए लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार सोलन के डीसी राकेश कंवर 21 अप्रैल 2016 को नागरिक सेवा दिवस पर नई दिल्ली में हासिल करेंगे। ई-नाम परियोजना का शुभारंभ पायलट आधार पर 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। परियोजना के प्रथम चरण में सोलन स्थित फल एवं सब्जी मंडी को भी विभिन्न कृषि एवं बागवानी उत्पादों के ऑनलाइन विक्रय के लिए चुना था। इसमें सोलन मंडी को श्रेष्ठ आंका गया है।
ई-नाम के माध्यम से सोलन स्थित फल एवं सब्जी मंडी से टमाटर, मटर एवं सेब का कारोबार आरंभ किया गया। अभी तक ई-नाम के माध्यम से आनलाइन 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया जा चुका है। गत वर्ष 3 करोड़ 12 लाख रुपये मूल्य के 22 क्विंटल सेब, 36 लाख रुपये के 6.82 क्विंटल टमाटर तथा 43 लाख के 19 क्विंटल मटर राष्ट्रीय कृषि बाजार के ऑनलाइन पोर्टल पर किसानों और बागवानों ने बेचे। यह गत वर्ष के कुल व्यापार का 16.5 प्रतिशत है। इस वर्ष अभी तक किसानों ने ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाकर 68.06 क्विंटल मटर ऑनलाइन बेचे हैं। यह मटर के कुल कारोबार का 39 प्रतिशत है।
आठ मई को हुआ था शुभारंभ
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोलन स्थित फल एवं सब्जी मंडी को 8 मई को ई-नाम से जोड़ा था। उन्होंने इस दिन सोलन मंडी के आनलाइन वेब पोर्टल का शुभारंभ भी किया था। सोलन स्थित सब्जी मंडी ई-नाम से जुड़ने वाली हिमाचल की पहली मंडी है। राष्ट्रीय कृषि मंडी मुख्य रूप से किसानों एवं बागवानों के उत्पाद को ऑनलाइन क्रय-विक्रय करने की सुविधा प्रदान करती है।
600 जिलों से आए 1500 नामांकन
लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार के लिए प्राथमिकता कार्यक्रम श्रेणी में पहली जनवरी 2017 से 25 जनवरी 2017 तक आनलाइन पोर्टल के माध्यम से देशभर से नामांकन मिले थे। इसमें देशभर के केंद्रीय, राज्य तथा जिला स्तर से इस संबंध में नामांकन प्राप्त किए गए। देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 600 जिलों से 1500 नामांकन आए थे। नवप्रवर्तन श्रेणी में देशभर से 830 नामांकन मिले हैं।
सभी के लिए गौरव की बात : डीसी
डीसी राकेश कंवर ने कहा कि इस पुरस्कार का श्रेय सोलन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों विशेष रूप से अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन, संदीप नेगी, एपीएमसी सोलन के सचिव प्रकाश कश्यप, एपीएमसी के कर्मचारियों तथा सोलन के किसानों को जाता है। इस पुरस्कार ने उनके और जिला प्रशासन के उत्तरदायित्व को इस दिशा में और बढ़ा दिया है। संस्थागत तरीके से परियोजना को और सुदृढ़ किया जाएगा। यह सम्मान देश की नागरिक सेवा के लिए सबसे बड़ा सम्मान है तथा यह सभी के लिए गौरव की बात है।