शिमला में दिन दहाड़े छात्रा से गैंगरेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला शहर के एक इलाके में रहने वाली एक छात्रा के साथ दो युवकों ने गैंगरेप कर दिया। आरोपियों में एक छात्र बताया जा रहा है। वारदात शहर के साथ लगते एक जंगल में हुई।
पुलिस के अनुसार यह युवती अपने दोस्त के साथ इस जगह पर टहल रही थी। इसी दौरान ये दोनों आरोपी यहां आ पहुंचे। आरोपियों की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।
मामले के खुलासे के बाद शिमला पुलिस सकते में है। युवती के बयान के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। एक आरोपी को संदेह के आधार पर पकड़ा है। युवती शहर के व्यापारी की बेटी बताई जा रही है।
लॉ का फार्म लेने निकली थी घर से
बताया जा रहा है कि यह युवती घर से लॉ का फार्म लेने निकली थी। इसी दौरान उसे दोस्त मिल गया। दोपहर दो बजे के करीब वह शहर के एक इलाके में दोस्त के साथ टहलते हुए आगे निकल गई।
सुनसान जंगल के रास्ते पर पहुंचे तो वहां दो व्यक्ति आए। उन्होंने उन दोनों से कहा कि यहां पुलिस रेड पड़ी है। आप लोगों को ऐसे घूमते देख लिया तो किसी गलत केस में आपको भी फंसा देंगे।
इन दोनों के साथ वह भी पुलिस की कथित रेड से बचने के लिए जंगल की ओर निकल पड़े। इस आपाधापी में दोनों दोस्त एक दूसरे से अलग हो गए। एक आरोपी के साथ युवती निकल गई और दूसरे के साथ उसका दोस्त।
जाल में फंसाकर किया गैंगरेप
युवती के दोस्त को जंगल में भटका कर दूसरा आरोपी भी युवती के साथ पहुंच गया। दोनों आरोपियों ने एकांत का फायदा उठाकर युवती से दुराचार किया और किसी को कुछ न बताने की धमकी दी।
युवती ने वारदात की सूचना मोबाइल पर परिजनों को दी। परिजनों से कहा कि वह शहर के नजदीक के एक जंगल में कहीं है और उसे बाहर का रास्ता नहीं मिल रहा है। परिजन सीधे वहां पहुंचे।
इसके बाद जंगल में किसी तरह वह अपनी बेटी से मिल पाए। लड़की को लेकर वह थाना पहुंचे और केस करवाया।
शिमला शहर में गैंगरेप का पहला मामला
शिमला शहर में इस तरह के गैंगरेप का यह पहला मामला है। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल करवा लिया है। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बताने से मुकर रही है।
लेकिन संगीन मामला होने से आरोपियों की तलाश तेज हो गई है। संदेह के आधार पर जिस आरोपी को पकड़ा गया है। उससे भी पूछताछ की जा रही है।
चुनावी शोर के बीच हुए इस गैंगरेप से शिमला शहर की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। फिलहाल पुलिस पता लगा रही है कि आखिर दोनों आरोपी कहां के हैं। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गैंगरेप आरोपियों के बनेंगे स्केच
छात्रा से गैंगरेप के दोनों आरोपियों के पुलिस स्केच बनाने में जुट गई है। पीड़ित छात्रा से जानकारी जुटाकर पुलिस स्केच बना रही है। स्केच बनने के बाद इन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। उधर, शनिवार को भी 103 टनल से सटे जंगल में हुई इस घटना को लेकर पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
गैंगरेप की इस घटना ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने बताया है कि पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी है। स्केच बनने के बाद मामले की जांच में और तेजी आएगी।
लोअर बाजार क्षेत्र की छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला शुक्रवार को सामने आया है। दो लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। आरोपियों की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।