सुनंदा की मौतः टूटे गिलास का क्या है राज?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर मौत मामले की अभी तक भले ही एसडीएम आलोक कुमार जांच कर रहे थे, मगर दक्षिण जिला पुलिस भी तफ्तीश में जुटी हुई थी। होटल के जिस कमरा नंबर 345 में सुनंदा पुष्कर मृत मिली थी उस कमरे से पुलिस को एक कांच का टूटा हुआ गिलास मिला है।
गिलास आधा टूटा हुआ था और टुकड़े कमरे में पड़े हुए थे। दक्षिण जिले की सरोजनी नगर थाना पुलिस ने टूटे गिलास मिलने की बात को रिकार्ड पर ले लिया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात की जांच की जा रही है कि गिलास कैसे टूटा और गिलास टूटने के क्या कारण थे?
'सुनंदा ने रात दो बजे ट्वीट क्यों किया?'
इसके अलावा तफ्तीश में ये बात भी सामने आई है कि सुनंदा तीन दिनों से सिर्फ नारियल पानी ले रही थी। इसके अलावा वह कुछ ज्यादा खा पी नहीं रही थी।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुनंदा पुष्कर ने आखिरी ट्वीट 16 और 17 जनवरी की रात करीब दो बजे किया था। पुलिस अधिकारियों ने ये खुलासा करने से मना कर दिया कि सुनंदा पुष्कर ने आखिरी ट्वीट किसे किया और रात दो बजे ट्वीट क्यों किया?
सुनंदा पुष्कर के एक अटेंडेंट ने दिए बयान में कहा है कि 16 व 17 जनवरी की रात सुनंदा पूरी रात नहीं सो पाई थी। इस कारण उसने अगले दिन या यानि 17 जनवरी को सुइट के डाइनिंग रूम से बैडरूम में झांक कर नहीं देखा था और न ही कमरे से कोई आवाज आई थी।
'इतनी देर कैसे सोती रही सुनंदा?'
अटेंडेंट के अनुसार, 17 जनवरी को शाम करीब छह बजे सुनंदा के बारे में पता किया था तो वह सो रही थी।
रात करीब सवा आठ बजे जब ये संदेह हुआ कि सुनंदा पुष्कर को तो नींद आती ही नहीं थी फिर वह पूरे दिन और इतनी देर तक कैसे सोते रही थी, तब जाकर सुनंदा को हिलाकर देखा गया था।
सुनंदा के बेटे शिव और भाई ने पुलिस को बताया है कि सुनंदा बहुत दिलेर थी और वह खुदकुशी नहीं कर सकती।
सुनंदा की मौत के हो सकते हैं तीन कारण
केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत जहर से हुई है। इसका जिक्र सुनंदा की मौत मामले की जांच कर रहे सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) ने अपनी रिपोर्ट में किया है। एसडीएम ने सुनंदा के शरीर में जहर कैसे पहुंचा का पता लगाने को कहा है। साथ ही हत्या और खुदकुशी के नजरिये से मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। सबसे अहम बात यह है कि अपनी रिपोर्ट में एसडीएम ने सुनंदा की मौत में उनके परिवार के किसी सदस्य पर संदेह नहीं जताया ह्रै।
एसडीएम आलोक शर्मा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सुनंदा की मौत के तीन कारण हो सकते हैं, पहला हत्या, दूसरा खुदकुशी और तीसरा दुर्घटनावश। ऐसे में पुलिस को मौत की वजह का पता लगाने के लिए अपनी जांच जारी रखनी चाहिए। सूत्रों का कहना है कि विसरा रिपोर्ट के बाद ही यह पता चल सकेगा कि सुनंदा के शरीर में जहर का कारण क्या था और कौन सी दवा इसकी वजह बनी।
पांच सितारा होटल में मृत पाई गई थी सुनंदा
पोस्टमार्टम करने वाले एम्स के डॉक्टरों ने कहा था कि सुनंदा की मौत आकस्मिक और अस्वाभाविक है। इसकी वजह दवा का ओवरडोज है, इसे ड्रग प्वॉइजनिंग (दवा का जहर) कहा जा सकता है। 52 वर्षीय सुनंदा पिछले शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में अपने कमरे में मृत पाई गई थीं। सुनंदा को अपने पति शशि थरूर और पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार के बीच अफेयर का शक था। इसके चलते सुनंदा और तरार के बीच ट्विटर पर काफी नोकझोंक भी हुई थी।
एम्स सूत्रों का कहना है कि एसडीएम को सौंपी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुनंदा के दोनों हाथों में एक दर्जन से अधिक जख्मों और बाएं गाल में हल्के खरोंच के निशान पाए गए थे। हालांकि रिपोर्ट में जख्मों को मौत की वजह नहीं माना गया था। रिपोर्ट के अनुसार सुनंदा के पेट से जो भोजन के सैंपल लिया गया था, उसके अनुसार सुनंदा ने कुछ नहीं खाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवसाद रोधी दवा के दो स्ट्रिप होटल के कमरे से बरामद हुई थी।