फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   modi speech in bjp conclave

मोदी ने देश के लिए सात रंग के सपने बुने

Mon, 20 Jan 2014 10:41 AM IST
हरीश लखेड़ा/अमर उजाला, नई दिल्ली
हरीश लखेड़ा/अमर उजाला, नई दिल्ली Updated Mon, 20 Jan 2014 10:41 AM IST
विज्ञापन
modi speech in bjp conclave

भाजपा ने दिल्ली तख्त के लिए विजय का संकल्प लेते हुए लोकसभा की चुनावी जंग की ताल ठोक दी है। इस सियासी जंग के लिए भाजपा के ‘सेनापति’ नरेंद्र मोदी ने एक ओर कांग्रेस को ललकारा तो दूसरी तरफ देश की प्रगति का अपना ‘इंद्रधनुषी सपना’ भी सामने रख दिया।

विज्ञापन


मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से एक कदम आगे बढ़ते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि राष्ट्रीय राजमार्गों की स्वर्णिम चतुर्भुज योजना की तर्ज पर देश के चारों हिस्सों को बुलेट ट्रेन से जोड़ा जाए। देश में कम से कम सौ नए शहर बसाए जाएं।
विज्ञापन


दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के दो दिनी सम्मेलन के अंतिम दिन रविवार को ‘चाय वाले’ मोदी ने अपना विजन पेश करने के साथ ही अन्य पिछड़ी जाति (ओबीसी) का कार्ड भी खेल दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

कांग्रेस नेताओं पर पलटवार

modi speech in bjp conclave

कांग्रेस नेताओं की चाय वाले से जुड़ी टिप्पणी पर पलटवार करते हुए मोदी ने कहा कि कुलीन व उच्च कुलों में जन्मे लोग नहीं चाहते हैं कि चुनाव में ऐसे व्यक्ति से मुकाबला किया जाए जो पिछड़ी जाति का है।

उन्होंने यह भी कहा कि आज देश का हर चाय वाला सीना तान कर चल रहा है। अब तक 77 चुनावी रैलियां संबोधित कर चुके मोदी ने अपनी जाति का जिक्र कर चुनावी साल में उत्तर प्रदेश, बिहार से लेकर देशभर की पिछड़ी जातियों को अपना राजनीतिक संदेश भी दे दिया।

मोदी ने सत्ता में आने पर संघीय ढांचे को मजबूत करने तथा क्षेत्रीय असंतुलन व विषमताओं को दूर करने का वादा भी किया। इससे मोदी ने क्षेत्रीय दलों को भी भरोसा देने की कोशिश की है कि भाजपा उनके हितों का खयाल रखेगी। खासतौर पर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा व पश्चिम बंगाल से लेकर पूर्वोत्तर का जिक्र कर मोदी ने मिशन 272 में कमी रहने के हालात में इन राज्यों के क्षेत्रीय दलों से सहयोग पाने के लिए चुनाव बाद दोस्ती का रास्ता तैयार करने की कोशिश की है।

समृद्ध भारत के लिए इंद्रधनुष के सात रंग

modi speech in bjp conclave

कांग्रेस पर सियासी हमला करने के साथ मोदी का मुख्य जोर यह बताने में रहा कि यदि वह सत्ता में आते हैं तो भारत को लेकर उनका क्या सपना है। मोदी ने भारतीयता के इंद्रधनुष के सात रंगों का जिक्र कर कहा कि वे इन्हें और निखारने की कोशिश करेंगे। उन्होंने ब्रांड इंडिया की वकालत की और अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए कहा कि देश को विश्व शक्ति बनाने के लिए पांच टी -टैलेंट, टूरिज्म, ट्रेड, ट्रैडिशन और टेक्नोलॉजी जरूरी हैं।

मोदी ने कहा कि कानून बनाने का काम बहुत हो गया, अब जनता को काम चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीयता के सात इंद्रधनुषी रंग हैं, भाजपा इन पर विशेष ध्यान देगी कि इन्हें कैसे निखारा जाए।

1 - कुटुंब-परिवार व्यवस्था 2 - कृषि, पशुधन, गांव और गरीब 3 - नारी, मातृशक्ति 4 - जल, जंगल, जमीन व जलवायु 5 - युवा शक्ति, क्योंकि देश की 65 फीसदी आबादी 35 साल से कम है। 6 - लोकतंत्र-जन भागीदारी 7 - ज्ञान-मानव संसाधन

मोदी के चुनावी वादे

modi speech in bjp conclave
1- देश के चारों हिस्सों को बुलेट ट्रेन से जोड़ा जाएगा
2- देश में नए 100 स्मार्ट सिटी की बनाने की जरूरत
3- हर एक प्रदेश में एम्स, आईआईटी और आईआईएम की जरूरत
4- नदियों को जोड़ने की परियोजना पर होगा काम
5- इंश्योरेंस की बजाय हेल्थ एश्योरेंस की जरूरत है
6- महंगाई रोकने के लिए बनेगा महंगाई नियंत्रण फंड
7- कालाबाजारियों को सजा दिलाने के लिए बनेंगी विशेष अदालतें
8-  किसानों के लिए राष्ट्रीय कृषि बाजार बनाएंगे
9- सेटेलाइट सिटी का जाल बनना चाहिए
10- हर साल की खेती के आंकड़ों को लेकर बनेगा रियल डाटा मैकेनिज्म
11- सिलेंडरों से मुक्ति के लिए गैस ग्रिड बनाने की जरूरत
12- गुजरात की तरह देश को एक और श्वेत क्रांति की आवश्यकता
13- विदेश से काला धन वापस लाएंगे
14- रेलवे के लिए होना चाहिए विश्वविद्यालय
15- पूर्वोत्तर हिस्से के विकास पर रहेगा जोर
16- मिशन मोड में गरीबों के लिए बनेंगे घर
17- राज्यों के साथ मिलकर काम करने का दिया भरोसा

कांग्रेस और भाजपा में बताया अंतर

modi speech in bjp conclave

  1. वे नामदार हैं और हम कामदार
  2. कांग्रेस की सोच है भारत मधुमक्खी की छाता है, हमारी सोच है भारत हमारी माता है।
  3. वे सोचते हैं सत्ता कैसे बचाएं, हम सोचते हैं देश कैसे बचाएं
  4. कांग्रेस कहती है गरीबी की बात न करो तो मजा नहीं आता, हम गरीबी की बात करते हैं तो नींद नहीं आती है।
  5. उनकी सोच है टिकट उन्हें देंगे जिनके दिल में कांग्रेस है, हमारी सोच है टिकट उन्हें देंगे जिनके दिल में भारत है।
  6. उनकी सोच है समाज तोड़ो और राज करो, हमारी सोच है समाज को जोड़ो और विकास करो।
  7. उनकी सोच है गरीबी मन की अवस्था है, हमारी सोच है गरीब दरिद्र नारायण है।
  8. उनकी सोच है पैसे पेड़ पर नहीं उगते, हमारी सोच है पैसे खेते और खलिहानों में उगते हैं।

मां ने राहुल को सियासी बलि से बचाया

modi speech in bjp conclave

मोदी ने कांग्रेस की ओर से राहुल को पीएम उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर प्रहार करते हुए कहा कि यह घोषणा न करने के राजनीतिक कारण तो हैं ही, मानवीय कारण भी हैं। मुकाबले में पराजय निश्चित देखकर कोई मां राजनीति की राह पर बेटे की सियासी बलि चढ़ाने के लिए तैयार नहीं हो सकती है। सोनिया गांधी ने भी मां के तौर पर निर्णय लिया कि बेटे को बचाओ।

हमें 60 महीने दें
देश को शासक की नहीं सेवक की जरूरत है। कांग्रेस को 60 साल तक मौका दिया है। हमें केवल 60 महीने दीजिए, हम देश की तस्वीर बदल देंगे।

पीएम उम्मीदवार मांगने आए थे, 3 सिलेंडर लेकर गए
मोदी ने कहा कि राहुल को पीएम पद का उम्मीदवार बनाने की उम्मीद लेकर कांग्रेस अधिवेशन में आए कार्यकर्ताओं को तीन गैस सिलेंडरों से ही संतोष करना पड़ा। मालूम हो कि राहुल ने भाषण में रियायती सिलेंडरों की संख्या नौ से 12 कराने की बात कही थी।

बेटी बचाओ पर मोदी ने भी दिया जोर

modi speech in bjp conclave

मोदी ने भी बेटियों को बचाने और समाज में उनकी बराबरी पर जोर दिया। मोदी ने मिशन मोड में बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ योजना चलाने का ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को अब गृहणी से ज्यादा राष्ट्र निर्माता के तौर पर देखा जाना चाहिए तभी देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।

मोदी ने कहा आजकल एक नई शब्दावली शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि ‘माई आइडिया ऑफ इंडिया’ से मतलब है -सत्यमेव जयते, अहिंसा परमो धर्म:, वसुधैव कुटुम्बकम, जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरियसि, नारी तू नारायणी।

दिन में सपना दिखा रहे हैं मोदी : दास

modi speech in bjp conclave

भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के पेश किए गए विजन को कांग्रेस ने दिन में सपना दिखाने जैसा बताया है। मोदी पर अव्यवहारिक बातें करने का आरोप लगाते हुए पार्टी का कहना है कि कांग्रेस भाजपा की तरह न तो जातिवादी सोच रखती है और न ही भाजपा या मोदी से डरती है।

सौ नए शहर बनाने संबंधी मोदी के विजन को भी दास ने अव्यवहारिक बताया। उन्होंने पूछा कि यह सौ शहर कहां और कैसे बसेंगे। फिर खेती की जमीन के संकट का उनके पास क्या समाधान है।

प्रवक्ता ने पूछा कि उद्योगों के कारण बेघर हुए लोगों को अब तक मुआवजा और उनका पुनर्वास करने में नाकाम रहे मोदी किस मुंह से सौ नए शहर बसाने की बात करते हैं। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि लोग यह देख रहे हैं कि अव्यवहारिक बातें करने वाली आप सत्ता में आने के बाद क्या तमाशा कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed