झूठ बोलते हैं मोदी: दिग्विजय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नरेंद्र मोदी अपनी रैलियों में अक्सर ये दावा करते हैं कि देश में युवाओं को रोजगार देने के मामले गुजरात अग्रणी है। उत्तर प्रदेश की रैलियों में वो उस मां की कहानी सुनाना नहीं भूलते, जिसका बेटा रोजगार के लिए ट्रेन से गुजरात जाता है। लेकिन कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी के दावे को सिरे से खारिज किया है।
अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि रोजगार के मामले गुजरात का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं है। महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु में रोजगार दर गुजरात से बेहतर हैं। दिग्विजय ने दावा किया कि गुजरात में काम करने के लिए अकुशल श्रमिक अधिक जाते हैं, जबकि पढ़े-लिखे युवा महाराष्ट्र और कर्नाटक की ओर रुख करते हैं।
मोदी के नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि ये जो महाशय अपने आप को महिमामंडित कर रहे हैं, उनके पास उस दावे का कोई ठोस आधार नहीं है।
मनरेगा से मजबूत हुई ग्रामीण अर्थव्यवस्था
यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए विकास पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में 2004 से 2009 तक विकास हुआ, लेकिन 2009 के बाद कई देशों में आर्थिक मंदी आई। यूरोप और अमेरिका की अर्थव्यवस्था की भारी क्षति हुई, चीन को नुकसान हुआ। लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था अपने पांव पर खड़ी रही। मनरेगा के कारण देश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हुई।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष ग्रामीण इलाकों में लोगों की परचेजिंग पावर शहरी इलाकों में ज्यादा थी। महंगाई के मुद्दे पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि देश में विकास हुआ है, जिसकी वजह से महंगाई भी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा कारण विकास दर है। सब्जियों की कीमतों में होने वाले इजाफे के लिए केंद्र को बरी करते हुए दिग्गी ने कहा कि आलू या प्याज की कीमतें मौसमी कारणों से बढ़ती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्याज 60-70 रुपए किग्रा बिक रहा था, लेकिन चुनाव होते ही ये 10 रुपए की कीमत पर आ गया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे दिग्विजय ने कहा कि यूपीए के कार्यकाल में भ्रष्टाचार हुआ, लेकिन जिन्होंने भ्रष्टचार किया उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की गई। भ्रष्टाचार के मामले में सरकार ने जवाबदेही तय की है।
नरेंद्र मोदी हमारी सबसे बड़ी मुसीबत
नरेंद्र मोदी को लोकसभा चुनावों में अहम चुनौती मानते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, "देश में 2004 के बाद एक पावर वैक्यूम आ गया था। और पावर वैक्यूम कभी न कभी भरता है।"
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि 2004 के बाद इस पावर वैक्यूम को भरने का कोशिश लालकृष्ण आडवाणी ने की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए। इस वैक्यूम को भरने के लिए ही अब नरेंद्र मोदी को लाया गया है। दिग्विजय ने कहा कि नरेंद्र मोदी ही हमारी सबसे बड़ी मुसीबत हैं।
मीडिया में प्रचार के मामले में यूपीए सरकार के पिछड़ने के मुद्दे पर दिग्विजय ने कहा कि यूपीए सरकार ने पिछले 10 सालों में शानदार काम किया लेकिन 'स्टेटक्राफ्ट' में ये सरकार पिछड़ गई। यही वजह थी की कैग को कहने का मौका मिल गया कि 2जी स्पेक्ट्रम में घाटा हो गया। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कामकाज का प्रचार नहीं कर पाई, जिसे कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा।