'यूपी जल रहा और अखिलेश देख रहे डांस'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने कहा कि दंगा पीड़ितों के लिए मुजफ्फरनगर में लगे राहत शिविरों में बच्चों की मौतें हो रही हैं, उत्तर प्रदेश जल रहा है और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विदेशी नृत्य देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां देश नहीं बल्कि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी चला रही हैं जहां पिता के बाद बेटे कंपनी की कुर्सी संभाल लेते हैं।
कुमार लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बृहस्पतिवार शाम वसुंधरा सेक्टर-16 के अटल चौक रामलीला मैदान में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस, सपा और भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली और वंशवाद पर खूब कटाक्ष किए।
राहुल गांधी को हराकर रहूंगा
कुमार विश्वास ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी को हराकर वंशवाद की राजनीति खत्म करेंगे। इसके लिए वे शुक्रवार को अमेठी जा रहे हैं। अप्रैल तक वहां रैली और दौरे करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनलोकपाल के लिए कांग्रेस सरकार ने आम आदमी को जो चैलेंज दिया था उसे आम आदमी ने स्वीकार करते हुए दिल्ली चुनाव में जवाब दे दिया है।
अब भ्रष्टाचारियों से लड़ने के लिए पूरा देश खड़ा है। राहुल गांधी की रैली बारिश के चलते रद होने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भगवान भी भ्रष्टाचारी पार्टियों के खिलाफ है।
अन्य पार्टियां आप की मंत्री राखी बिड़लान के एकाउंट में जमा 51 हजार रुपये पर तो सवाल उठा रही हैं मगर यूपी के विधायकों के करोड़ों के विदेशी दौरे पर कोई एक शब्द बोलने को राजी नहीं।
नरेंद्र मोदी पर भी कटाक्ष
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और भाजपा पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर व्यंग्य करते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि एक ओर देश के प्रधानमंत्री खुद को प्रधानमंत्री नहीं मान रहे और दूसरी ओर एक व्यक्ति खुद को प्रधानमंत्री समझ रहा।
कुमार ने कहा कि मुजफ्फरनगर के राहत शिविरों पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है बल्कि मुख्यमंत्री अखिलेश देशी-विदेशी नृत्य देखने में मशगूल हैं। रैली के दौरान काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे।
महिलाएं बोली, वीआईपी हुए विश्वास
पांच बजे की रैली में आप नेता कुमार विश्वास सवा छह बजे पहुंचे। इस दौरान रैली में कुमार को सुनने आई कईं महिलाएं लौट गई।
महिलाओं ने कहा कि आप नेता भी वीआईपी हो गए हैं। वॉलंटियर महिलाओं को घर लौटने से रोकते दिखाई दिए। कुमार सवा छह बजे पहुंचे और 6:35 पर अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक की बात कहकर लौट गए।