नोएडाः AAP के टिकट के लिए 150 दावेदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) गौतम बुद्ध नगर में पांव पसार रही है। लोग आप का सदस्य बनते ही लोकसभा सीट के लिए दावेदारी भी कर रहे हैं।
अब तक करीब 150 लोग लाइन में लग चुके हैं लेकिन उम्मीदवारों के लिए अरविंद केजरीवाल द्वारा तैयार किए गए चक्रव्यूह को भेद पाना हर किसी के बस का नहीं है। भावी प्रत्याशियों को कड़े इम्तिहान का डर भी सता रहा है।
दरअसल, दिल्ली में आप की कामयाबी ने नोएडा की राजनीति को भी अच्छा खासा प्रभावित किया है। कई दलों के नेता, संगठन के मुखिया, समाजसेवी, नौकरशाह, व्यवसायी और उद्यमियों की लाइन लगी हुई है।
केजरीवाल की किताब स्वराज पहले पढ़ें
इस होड़ में कुछ लोग फर्जी तरीके से पार्टी में घुसकर बदनामी भी कर रहे हैं। उम्मीदवार बनने की प्रक्रिया के दौरान हर विधानसभा क्षेत्र से 100 लोगों का लिखित समर्थन भी चाहिए। साथ ही अरविंद केजरीवाल की किताब स्वराज को खरीदना भी पड़ रहा है।
40 रुपये कीमत वाली किताब 40 हजार से भी ज्यादा बिक चुकी हैं। चूंकि जो प्रोफार्मा भरा जा रहा है, उसमें कई बातें किताब में छिपी हैं। सूत्रों ने बताया कि पार्टी पर्यवेक्षक व लोकसभा क्षेत्र प्रभारी के अलावा एक निजी एजेंसी को भी जिम्मा दिया गया है।
जमकर हो रहा है फर्जीवाड़ा
एजेंसी भावी उम्मीदवार के तीन पीढ़ियों की असलियत को खंगालेगी। गोपनीय जांच रिपोर्ट सीधे आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास पहुंचेगी।
उधर, फर्जी सदस्यों से भी पार्टी परेशान है लेकिन पार्टी चुप इसलिए है क्योंकि अब तक गौतम बुद्ध नगर से लाखों की संख्या में लोग जुड़ चुके हैं। पहले दस रुपये में सदस्यता फार्म मिलता था लेकिन अब 10 जनवरी से नि:शुल्क उपलब्ध हो गया है।
25 लाख वोटरों वाला लोकसभा क्षेत्र
शहर से लेकर गली मोहल्लों तक आप की आवाज पहुंच रही है। गौतम बुद्ध नगर सीट काफी मायने भी रखती है। हजारों की संख्या में औद्योगिक इकाइयां, अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई प्रोजेक्ट इसकी पहचान हैं। परिक्षेत्र में नोएडा, दादरी, जेवर, खुर्जा और सिकंद्राबाद कुल पांच विधानसभाएं आती हैं।
करीब 25 लाख जनसंख्या वाले क्षेत्र में तकरीबन 17 लाख वोटर हैं जिसमें युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा है। पार्टी प्रवक्ता अनूप खन्ना ने बताया कि संगठन की बैठक में तय किया गया है कि हर किसी को पोस्टर या बोर्ड लगाने की अनुमति नहीं होगी।
एक प्रोफार्मा होगा, उसी के मुताबिक बोर्ड लगाने की अनुमति होगी। उन्होंने माना कि पार्टी से जुड़ने के लिए हर दिन काफी संख्या में लोग संपर्क कर रहे हैं।