अब ब्रिटेन में बुर्का पहनने पर लगेगा बैन
ब्रिटेन में आने वाले दिनों में मुस्लिम महिलाओं के बुर्का पहनने पर बैन की तैयारी की जा रही है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन खुद इसके जबरदस्त समर्थन में हैं।
कैमरन ने कहा है कि स्कूलों, कोर्ट और सीमावर्ती इलाकों समेत सार्वजनिक स्थलों पर चेहरा ढंकने वाले बुर्का जैसे परिधान अब नहीं चलेंगे।
हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि फ्रांस की तरह पूरी तरह से इस तरह के परिधानों पर पाबंदी के पक्ष में नहीं हैं। एक दिन पहले ही कैमरन ने कहा था कि जो मुस्लिम मांएं अंग्रेजी में फेल होंगी, उन्हें ब्रिटेन से बाहर होना पडे़गा।
बीबीसी रेडियो फोर को दिए एक इंटरव्यू में कैमरन ने कहा, ‘जब आप किसी संस्था या एजेंसी के संपर्क में आते हैं या फिर जैसे कि आप कोर्ट में हैं या फिर आप सीमा पर हैं तो ऐसी जगहों पर जरूरी हो जाता है आप का चेहरा दिखे।
इसलिए इस तरह के मामलों में मैं हमेशा एजेंसियों के समर्थन में रहूंगा, ताकि वे नियमों और कानूनों का सख्ती से पालन करवा सकें।’ ब्रिटेन इस वक्त ऐसे कई कदम उठाने की तैयारी कर रहा है, जिससे ब्रिटिश मुस्लिमों को कट्टरपंथ की राह पर जाने से रोका जाए और इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकी संगठनों में शामिल होने के लिए मध्य पूर्व जाने वाले लोगों को रोका जा सके।
सार्वजनिक स्थलों पर चेहरा ढकने की इजाजत नहीं
कैमरन ने कहा कि एक स्कूल में एकसमान नीति होती है, यह और स्थानों से अलग संवेदनशील जगह होता है। ऐसे में लोगों को एकसमान नीति का पालन करना चाहिए। इसे धर्म से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। आपको हमेशा स्कूल के पक्ष में ही आना होगा।
यूरोप के तीन देशों में है बुर्के पर बैन
यूरोप के तीन देशों फ्रांस, बेल्जियम और नीदरलैंड में बुर्के पर पूरी तरह से बैन है। यानी वहां कहीं भी कोई महिला बुर्का पहनकर नहीं जा सकेगी। फ्रांस में 2010 से ही बुर्के और लबादे समेत किसी भी तरह के चेहरा ढकने वाले परिधानों पर प्रतिबंध लगा है।