मिनटों में महिला के साथ हुई 3 वारदात!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में खुर्जा के मुरारीनगर कालोनी में शुक्रवार को दिनदहाड़े लूटपाट के बाद महिला वकील निशी (27) की हत्या कर बदमाश शव को फंदे पर लटकाकर फरार हो गए। शाम चार बजे जब उसका ममेरा भाई घर पहुंचा तो शव पंखे से लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने शव उतार कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस का शक परिवार के करीबियों पर है।
चंद मिनटों में हुई वारदात
दिनदहाड़े लूटपाट के बाद अधिवक्ता की हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटका दिया गया और आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। चंद मिनटों में सिमट रही वारदात की कहानी पर पुलिस और आसपास के लोग विश्वास नहीं कर रहे। ममेरे भाई ने अकेले फांसी के फंदे से शव उतार कर परिजनों को सूचना दी। किसी ने शव फांसी के फंदे पर लटका नहीं देखा। इसके चलते पुलिस जांच में कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल किए गए हैं।
दिनदहाड़े वारदात से दहशत का माहौल
पुलिस की माने तो महज बीस मिनट में घर के अंदर लूटपाट और हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटकाना आसान तभी है जब वारदात को अंजाम देने वालों की संख्या तीन या उससे अधिक हो।
15 फीट ऊंची छत में पंखे से लटके 27 वर्षीय युवती के शव को 20 साल के युवक द्धारा अकेले उतारना पुलिस जांच का महत्वपूर्ण बिंदु है। दिनदहाड़े हुई वारदात से पॉश कालोनी मुरारीनगर के लोगों में दहशत का माहौल है। मृतक अधिवक्ता अलीगढ़ में प्रक्टिस कर रही थी और खुर्जा से आती जाती थी।
एसएसपी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि शुक्रवार चार बजे तक अधिवक्ता निशी उर्फ गोल्डी अपने घर की छत पर पड़ोसी महिला चिकित्सक डा. सैफाली से बात कर रही थी, जबकि मृतका के ममेरे भाई अमरेंद्र उर्फ आशू का कहना है कि वो 4.20 बजे मेन गेट खोलकर घर मे घुसा तो अधिवक्ता का शव पंखे से लटका था।
कहीं पहले तो नहीं घुसे बदमाश
पुलिस ने इस आशंका से भी इनकार नहीं किया है कि जिस वक्त अधिवक्ता गोल्डी छत पर अपनी पड़ोसन से बात कर रही थी। उस वक्त बदमाश चुपचाप वारदात के इरादे से गेट खुला देख घर मे घुसे और अधिवक्ता के आते ही बदमाशों ने शोर मचाने के डर से उसकी हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटका कर रफूचक्कर हो गए।
वारदात के वक्त घर में नहीं था कोई
वारदात के वक्त अधिवक्ता गोल्डी घर मे अकेली थी। पिता और भाई डयूटी पर थे, मां प्रमिला फरीदाबाद गई हुई थी। पुलिस ने आशंका जताई कि किसी करीबी ने मौका देख कर वारदात को अंजाम दिया और अचानक अधिवक्ता ने छत से उतर कर पहचान लिया। इसके चलते बदमाशों ने पहचानने के डर से हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटका दिया।
क्या कहते हैं पुलिस अफसर
एसएसपी बुलंदशहर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि महिला वकील शुक्रवार को घर में अकेली थी। उसकी मां प्रमिला फरीदाबाद इलाज कराने गई थी और पिता काम पर गए थे। शुक्रवार शाम 4.20 बजे जब ममेरा भाई महमदपुर निवासी अमरेंद्र उर्फ आशु घर पहुंचा तो गोल्डी का शव पंखे से लटका देख उसकी चीख निकल गई। घर के दूसरे कमरे में जेवर के डिब्बे खाली मिले। कमरे में अन्य सामान बिखरा पड़ा था।
एसएसपी ने बताया कि आशु ने ही शव पंखे से उतार कर लेखपाल को सूचना दी। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
खुर्जा के सीओ शैलेंद्र श्रीवास्तव क्राइम ब्रांच, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, स्थानीय पुलिस और सर्विलांस टीम को हत्याकांड की जांच में लगाया गया है। हत्याकांड की जांच में कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस की सभी टीमें गहराई से मामले की जांच में जुटीं हैं।