भरी गर्मी में 20 किलो का लहंगा पहना, सेट पर ही एक्ट्रेस संग हुआ हादसा
टीवी एक्ट्रेस स्नेहा वाघ इन दिनों लाइफ ओके पर आने वाले शो 'शेर-ए-पंजाब महाराजा रंजीत सिंह' में नजर आ रही हैं। जहां भरी गर्मी में लोग हल्के कपड़े पहनना चाहते हैं वहीं स्नेहा को शो की डिमांड पर इतने भारी कपड़े पहनने पड़ते हैं कि उनके लिए संभालना मुश्किल हो जाता है।
उनके कपड़ों का वजन 20 किलो होता है और इस वजह से वो बेहोश तक हो गईं जिसके बाद सेट पर अफरा-तफरी मच गई। मेंबर्स तुरंत उन्हें कमरे में ले गए और डॉक्टर को बुलाया।
होश में आने के बाद स्नेहा ने बताया, 'गर्मियों में इतने भारी कपड़ों में शूटिंग करना आसान नहीं है। गर्मी इतनी थी कि मुझे चक्कर आने लगे जिसके बाद मैं बेहोश हो गई। मैं फूड पॉइजनिंग से भी पीड़ित हूं जिस वजह से ये दिक्कत और बढ़ गई।'
टीम ने की मदद
स्नेहा शो में लीड एक्ट्रेस हैं और उनके कपड़ों का वजन करीब 20 किलोग्राम होता है जिस वजह से थकान होना लाजमी है। उन्होंने बताया, 'सौभाग्यवश मेरी टीम बहुत सहायक है, वो तुंरत मुझे कमरे में ले गए और डॉक्टर को बुलाया। वो लोग मुझे बीच-बीच में कुछ ना कुछ पीने के लिए दे रहे थे।'
इस सीरियल से पहले स्नेहा स्टार पर प्लस पर आने वाले शो 'वीर की अरदास वीरा' में नजर आई थीं।