ओला-उबर से नाराज चालकों ने शुरू की 'सेवा कैब', 5 रुपये प्रति किमी न्यूनतम किराया
ओला-उबर को टक्कर देने के लिए चालकों ने मिलकर मोबाइल आधारित सेवा कैब ऐप की शुरुआत की है। यह कैब राजधानी में मई से अपनी सेवाएं दे रही है। जुलाई में इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
इसके संचालकों ने तय किया है कि वह सर्ज प्राइसिंग नीति को अपने यहां लागू नहीं करेंगे। इसका न्यूनतम किराया पांच रुपये प्रति किलोमीटर होगा।
यह सेवा नौ चाकों की संचालन परिषद चालक शक्ति की ओर से शुरू की गई है। यह टैक्सी चालकों का संगठन है, जो ओला-उबर के साथ काम करते थे लेकिन उनकी मनमानी से परेशान होकर खुद की सेवा कैब शुरू की है।
सेवा कैब से अब तक करीब 2000 चालक जुड़ चुके हैं
सेवा कैब के सह-संस्थापक राकेश अग्रवाल के मुताबिक, कैब चालक ओला-उबर की नीतियों से परेशान थे। ओला-उबर ने पहले पैसे से लालच दिया, लेकिन अब उनकी नीतियां चालक विरोधी हो चुकी हैं।
उनके मुताबिक, दोनों कंपनियां चालकों से हर बुकिंग का लगभग 27 प्रतिशत वसूल लेती हैं। इसमें 20 प्रतिशत कमीशन, छह प्रतिशत सेवा कर व अन्य मद में लिया जाता है।
राकेश ने बताया कि सेवा कैब से अब तक करीब 2000 चालक जुड़ चुके हैं। जुलाई तक यह संख्या 3000 हजार तक पहुंचाने की कोशिश जाएगी।