भरी अदालत में जज के सामने मिली केजरीवाल को जान से मारने की धमकी : आप नेता
एक ओर अदालत में जज की मौजूदगी में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर मानहानि केस में सुनवाई चल रही थी। वहीं भरी अदालत में जजों के बीच दोनों पक्षों के वकीलों में तीखी बहस होने लगी।
मामला इतना बढ़ा कि जेटली के वकीलों ने केजरीवाल के वकीलों को देख लेने और जान से मारने तक की धमकी दे डाली। यह आरोप लगाया है आप नेता संजय सिंह और आशुतोष ने।
बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अरविंद केजरीवाल समेत छह आप नेताओं के खिलाफ मानहानि की शिकायत दायर की थी। जेटली ने दस करोड़ रुपये मुआवजे के लिए इन आरोपियों पर हाईकोर्ट में भी दावा ठोक रखा है।
जेटली के अनुपस्थित रहने पर वकीलों के बीच तीखी बहस हुई
शनिवार को कोर्ट में सुनवाई के दौरान जेटली के अनुपस्थित रहने पर कुछ वकीलों के बीच तीखी बहस भी हुई। एक वकील ने अदालत कक्ष में ही दूसरे वकील को धमकी तक दे डाली। उस समय आरोपी केजरीवाल, आशुतोष, कुमार विश्वास, संजय सिंह और राघव चड्ढ़ा मौजूद थे।
वकीलों की बहस और नोकझोंक के कारण कोर्ट के निर्देश पर पुलिस को दखल देना पड़ा। कोर्ट ने कहासुनी करने वाले दो वकीलों को कोर्ट से बाहर निकाल दिया।
अदालती कार्रवाई के बाद संजय सिंह व आशुतोष ने कहा कि कोर्ट में भाजपा गुट के वकील ने उन्हें देख लेने और जान से मारने की धमकी दी। इन लोगों से हमें जान का खतरा है। दूसरी ओर अरुण जेटली के वकील सिद्धार्थ लूथरा ने इन आरोपों का खंडन किया।