दिल्ली: आप विधायक अमानतुल्ला पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के ओखला से आप के विधायक अमानतुल्ला पर देर रात जानलेवा हमला किया गया, हालांकि वो हमले में बाल-बाल बच गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली में हो रहे एमसीडी चुनाव को लेकर उन पर हमला किया गया। वहीं आप ने इस हमले के लिए कांग्रेस पर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान देर रात उन पर तीन राउंड फायरिंग की गई।
दरअसल, दिल्ली के जमिया इलाके में बाटला हाउस चौक पर आम आदमी पार्टी के निगम प्रत्याशी महमूद अहमद का ऑफिस है। मंगलवार देर रात इलाके में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रचार कर रहे थे। कार्यकर्ता जैसे ही AAP कार्यालय के सामने पहुंचे, दोनों गुटों में झड़प हो गई।
इस घटना के बाद आप विधायक अमानतुल्लाह को बुलाया गया। अमानतुल्लाह मामले को शांत कराने के लिए बातचीत ही कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को नहीं मिला फायरिंग का सबूत
'आप' से पार्षद का चुनाव लड़ रहे महमूद अहमद ने बताया कि उनके समर्थकों का फोन आया कि बटला चौक में उनके पार्टी दफ्तर के बाहर कई कांग्रेसी कार्यकर्ता पहुंच गए हैं।
जब वह विधायक अमानतुल्लाह के साथ वहां पहुंचे तो आप समर्थकों और कांग्रेस के समर्थकों में मारपीट जारी थी। ये सब कांग्रेस से पार्षद शोएब दानिश के इशारे पर हो रहा था।
इसी बीच बाइक पर आए कुछ लड़कों ने आप विधायक पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। आरोप है कि ये फायरिंग शोएब दानिश के इशारे पर हुई।
पुलिस का कहना है कि उन्हें 100 नंबर कॉल जरूर मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें फायरिंग का कोई सबूत नहीं मिला। वहां झगड़ा जरूर हो रहा था।
पुलिस के मुताबिक- अभी तक उन्हें दिनों पक्षों की तरफ से कोई शिकायत भी नहीं है इसलिए कोई मामला भी दर्ज नहीं हुआ है। दरसअल, अमानतुल्लाह खान और शोएब दानिश के बीच पुरानी राजनीतिक रंजिश चली आ रही है और दोनों पक्ष कई बार एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं।