दिल्लीः सड़क पर कर थे बात तभी बाइक सवार बदमाशों ने बरसाई 30 राउंड गोलियां, मौत
उस्मानपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में रविवार रात बाइक सवार चार बदमाशों ने दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना के समय दोनों युवक ब्रह्मपुरी मेन रोड पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसमें एक युवक अचेत हो गया।
वहीं दूसरे युवक ने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने गली में पीछा कर उसे भी गोली मारकर जख्मी कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों जख्मी युवकों को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। गैंगवार में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मरने वाले युवक की शिनाख्त मोहम्मद वाजिद और घायल युवक की पहचान मोम्मद फैज के रूप में हुई है। दोनों सीलमपुर इलाके के रहने वाले हैं।
पुलिस इसे रंजिश का मामला बता रही है
स्थानीय लोगों के मुताबिक वाजिद और फैज रविवार रात करीब दस बजे ब्रह्मपुरी गली नंबर सात के पास मेन रोड पर बात कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने वाजिद पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी।
गोली चलते देख फैज गली नंबर सात की ओर भागा लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उसपर भी ताबड़तोड़ गोली चलाकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गये। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब तीस राउंड फायर किया है। वाजिद को आठ गोलियां लगी हैं।
गोली चलते ही आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घटनास्थल की ओर भागे। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारियों ने पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि वाजिद पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
माना जा रहा है कि गैंगवार में उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस इसे रंजिश का मामला बता रही है। फिलहाल पुलिस वाजिद और फैज के परिवार वालों से पूछताछ कर जानकारी हासिल कर रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को अपने कब्जे में ले रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।