राष्ट्रपति चुनावः रामनाथ कोविंद के खिलाफ मैदान में हरिद्वार के एक वकील
एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए घोषित प्रत्याशी रामनाथ कोविंद के खिलाफ हरिद्वार के एक वकील ने नामांकन किया है।
हरिद्वार के अधिवक्ता अजय गुप्ता भी राष्ट्रपति पद के चुनाव की दौड़ में हैं। उन्होंने दिल्ली पहुंचकर अपना नामांकन पत्र लेने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी की।
देश के अगले राष्ट्रपति के लिए चुनाव आगामी 17 जुलाई को होना है। इसके लिए हरिद्वार जिला एवं सत्र न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता अजय गुप्ता ने भी मन बनाया है।
ये बोले अजय गुप्ता
अजय गुप्ता ने साथियों के साथ दिल्ली पहुंचकर संसद में राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी की। ज्वालापुर की दयानंद नगरी निवासी अजय गुप्ता हरिद्वार की सामाजिक संस्था भारत आश्रय सेवा समिति से भी जुड़े हुए हैं।
समिति अध्यक्ष श्याम सिंह ने अजय गुप्ता की दावेदारी को हरिद्वार के लिए गर्व बताते हुए शुभकामनाएं दी हैं। गुप्ता की दावेदारी से उनके परिवार और करीब के लोग उत्साहित हैं।
अमर उजाला से बातचीत में अजय गुप्ता ने बताया कि संविधान में भारत का राष्ट्रपति निर्वाचित होने के लिए जो अर्हताएं दी गई हैं, उन सभी को वे पूरा करते हैं। इसलिए राष्ट्रपति पद के लिए वे नामांकन करेंगे।