योगी आदित्यनाथ की इस धरोहर को त्रिवेंद्र सरकार की सौगात, युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की पौड़ी जिले में बनी इस धरोहर को उत्तराखंड सरकार ने एक खास सौगात दी है। सीएम त्रिवेंद्र के इस फैसले से उत्तराखंड के युवाओं को खासा फायदा होगा।
अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपनों के अनुरूप पौड़ी जिले के यमकेश्वर के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
योगी आदित्यनाथ द्वारा स्थापित महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय बिथ्याणी को प्रदेश सरकार द्वारा अनुदान सूची में सम्मिलित किया गया है। इससे महाविद्यालय में बीएससी, एमएससी और एमए की कक्षाओं के संचालन का रास्ता खुल गया है।
वर्ष 2005 में क्षेत्र के युवाओं को घर पर उच्च शिक्षा देने के उद्देश्य को लेकर गोरखपुर के सांसद एवं वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर ब्लाक के बिथ्याणी में महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय की स्थापना की गई थी।
युवाओं को यहीं मिल सकेगी उच्च शिक्षा
अभी तक बीए की सात कक्षाओं का संचालन योगी आदित्यनाथ के सहयोग से किया जा रहा था। उत्तराखंड सरकार के संयुक्त सचिव लक्ष्मण सिंह द्वारा महाविद्यालय के उपाध्यक्ष को देहरादून बुलाकर उन्हें अनुदान सूची में शामिल किए जाने का पत्र सौंपा गया है।
महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय बिथ्याणी के उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट ने अमर उजाला को बताया कि लंबे समय से शासन स्तर पर महाविद्यालय को अनुदानित करने की प्रक्रिया लंबित थी। इसे भाजपा की त्रिवेंद्र सिंह सरकार ने पूरा कर दिया है।
साथ ही अब महाविद्यालय में बीएससी, एमए और एमएससी की कक्षाओं को भी संचालित करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अनुदान सूची में शामिल करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।