{"_id":"56fc6d964f1c1b3448f01320","slug":"du-60-per-cent-required-for-admission-in-sanskrit","type":"story","status":"publish","title_hn":"डीयू: संस्कृत में दाखिले के लिए 60 फीसदी अंक जरूरी","category":{"title":"Campus","title_hn":"कैंपस ","slug":"campus"}}
डीयू: संस्कृत में दाखिले के लिए 60 फीसदी अंक जरूरी
रश्मि शर्मा/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Thu, 31 Mar 2016 09:22 AM IST
विज्ञापन
दिल्ली विश्वविद्यालय
दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 में स्नातकोत्तर स्तर पर संस्कृत में दाखिले की राह छात्रों के लिए मुश्किल होने जा रही है। संस्कृत में सीधे दाखिले के लिए अंकों की अनिवार्यता को बढ़ा दिया गया है। अब तक जहां संस्कृत में दाखिले के लिए न्यूनतम 55 फीसदी अंकों की अनिवार्यता थी, अब वह 60 फीसदी हो गई है। हालांकि इससे कम अंकों वालों को पहले की भांति प्रवेश परीक्षा से गुजरना होगा। वहीं भाषाई अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने के लिए अब प्रवेश परीक्षा से गुजरना होगा। प्रवेश परीक्षा में कम से कम चालीस अंक लाने की अनिवार्यता रखी गई है।
विज्ञापन
दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर की आवेदन प्रक्रिया की भांति ही स्नातकोत्तर स्तर की आवेदन प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के लिए फिलहाल तिथियों को तय नहीं किया गया है। स्नातकोत्तर दाखिला प्रक्रिया कमेटी से जुड़े एक सदस्य ने बताया कि इस बार की दाखिला प्रक्रिया के तहत संस्कृत व भाषाई अध्ययन विषयों के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं। इसके साथ ही विषयों की प्रवेश परीक्षा की तिथियों को भी तय कर लिया गया है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि अब तक संस्कृत में सीधे तौर पर दाखिला लेने के लिए कम से कम 55 फीसदी की अनिवार्यता थी। इस बार से इसे बढ़ाने का फैसला किया गया है। अब जिस छात्र के स्नातक स्तर पर 60 फीसदी अंक होंगे, उसका ही दाखिला संस्कृत में सीधे तौर पर होगा।
विज्ञापन
कम अंक वालों के लिए पहले की तरह ही प्रवेश परीक्षा होगी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विश्वविद्यालय में हिंदी, संस्कृत व अंग्रेजी में दाखिले दो स्तरों (सीधे व प्रवेश परीक्षा) के आधार पर होते हैं। एमए अंग्रेजी व एमए हिंदी के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसी तरह से एमए अरेबिक, पंजाबी, बुद्धिस्त स्टडी जैसे विषयों की योग्यता में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं दाखिला प्रक्रिया 31 अगस्त तक समाप्त हो जाएगी।
भाषाई अध्ययन के लिए प्रवेश परीक्षा
स्नातकोत्तर स्तर पर भाषाई अध्ययन में दाखिला लेने के लिए अब प्रवेश परीक्षा से गुजरना होगा। दाखिला पाने के लिए इस प्रवेश परीक्षा में उम्मीदवार को कम से कम 40 अंक प्राप्त करने होंगे। दाखिले के लिए 70 फीसदी की वेटेज प्रवेश परीक्षा की होगी, जबकि 30 फीसदी वेटेज उम्मीदवार का शैक्षणिक रिकॉर्ड होगा। अब तक इस विषय में प्रवेश परीक्षा नहीं होती थी।