अरुण जेटली बोले- जीएसटी आने से सामान होंगे सस्ते, एक जुलाई से होगा लागू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक जुलाई से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने की उम्मीद जताते हुए बुधवार को कहा कि यह एक सबसे बड़े एकीकृत बाजार का निर्माण करेगा और इसके कारण सामान सस्ते होंगे तथा कर चोरी कठिन हो जाएगी। 23वें राष्ट्रमंडल ऑडीटर जनरल सम्मेलन में जेटली ने कहा कि भारत में कर अनुपालन का स्तर काफी कम है और सरकार ने नकदी का उपयोग घटाने के लिए नोटबंदी की, क्योंकि नकदी के अधिक उपयोग से कर चोरी तथा आतंक के फाइनेंसिंग को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि सरकार के सुधारात्मक कदमों से भारत की विकास दर 7-8 फीसदी तक रखने और सबसे तेज विकास दर वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बनी रहने में मदद मिल सकती है, लेकिन अस्थिर तेल कीमतें, निजी निवेश में तेजी लाने और सरकारी बैंकों के स्वास्थ्य को लेकर चुनौती की स्थिति बनी हुई है।
जीएसटी पर उन्होंने कहा कि इससे वस्तु एवं सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी, वहीं मजबूत आईटी संरचना के कारण कर चोरी कठिन हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू करने से कर वसूली बढ़ेगी, कर के ऊपर कर नहीं लगेगा, जिससे वस्तु और सेवाएं थोड़ी सस्ती हो जाएंगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसी सप्ताह चार सहायक जीएसटी विधेयकों को मंजूरी दे दी, जो संसद में चालू सत्र में ही पेश कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संसद से पारित हो जाने के बाद हम इसे इस साल के मध्य तक लागू करने की उम्मीद करते हैं।
कर अनुपालन में भारत काफी पीछे
कर अनुपालन के बारे में जेटली ने का कि भारत निमभन अनुपालन वाले देशों में काफी आगे है। उन्होंने कहा कि इसलिए सरकार की एक कोशिश रहती है कि किस तरह से अनुपालन बढ़ाया जाए। जीएसटी लागू होने के बाद कर चोरी पर लगाम लगेगी। उन्होंने साथ ही कहा कि सरकार ने प्रत्यक्ष कर कानून में भी सुधार कर नकदी उपयोग पर कई तरह की रोक लगाई है।
नकदी उपयोग पर और सख्ती का प्रस्ताव
जेटली ने मंगलवार को संसद में वित्त विधेयक 2017 में एक संशोधन पेश किया और दो लाख रुपये से अधिक नकदी के लेन-देन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने आठ नवंबर की नोटबंदी की घोषणा को जायज ठहराते हुए कहा कि अधिक नकदी के उपयोग से अपराध, भ्रष्टाचार और कर अनुपालन नहीं करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल रहा था। इसका उपयोग आतंकवाद तथा अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों को आर्थिक सहायता पहुंचाने में भी हो रहा था। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से अर्थव्यवस्था के डिजिटीकरण को भी बढ़ावा मिला। एजेंसी
जीएसटी के 1 जुलाई से लागू होने की उम्मीद : सिसोदिया
नई दिल्ली। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को जीएसटी के एक जुलाई से लागू हो जाने की उम्मीद जताई। ‘बिल्डिंग कंपिटीटिव नॉर्थ’ विषय पर आयोजित एक सम्मेलन में उन्होंने यहां संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही। उनसे पूछा गया था कि जीएसटी जुलाई से लागू हो पाएगा या नहीं। राष्ट्रीय राजधानी में व्यापार की सहूलियत पर उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली की रैंकिंग बेहतर करने के लिए कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रक्रिया को सरल और ऑनलाइन कर रहे हैं।