Donald Trump On Russian Aircraft: रूस-यूक्रेन युद्ध अब नाटो देशों की सीमाओं तक पहुंच गया है, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति के रूसी विमान के नाटो हवाई क्षेत्र घुसने के बाद मार गिराने वाले बयान के बाद पश्चिमी देशों की रणनीति और रूस की प्रतिक्रिया पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया। ट्रंप ने साफ कहा कि अगर रूसी विमान किसी भी नाटो देश के हवाई क्षेत्र में घुसते हैं, तो उन्हें मार गिराया जाना चाहिए। बता दें कि इस बैठक दौरान जब ट्रंप से सवाल किया गया- 'क्या आपको लगता है कि नाटो देशों को रूसी विमानों को गिरा देना चाहिए अगर वे उनके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करें?', इस पर ट्रंप ने बिना हिचकिचाए जवाब दिया- हां, बिल्कुल।
विज्ञापन
वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भरोसे से जुड़े सवाल पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मैं आपको एक महीने में बताऊंगा।' इस बैठक के बाद जेलेंस्की ने इसे सकारात्मक बैठक बताते हुए कहा, 'हमारी मुलाकात अच्छी रही।'
रूस के हमलों से बढ़ी चिंता
बीते शनिवार को जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं, जिससे यूरोप के पूर्वी हिस्से में भी तनाव बढ़ गया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए अमेरिका से कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की। जबकि ट्रंप ने पहले ही संकेत दिए थे कि वह रूस पर बड़े प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हैं, लेकिन शर्त यह रखी थी कि नाटो देश पहले सामूहिक रूप से रूस से तेल खरीदना बंद करें। इस बीच, यूक्रेन लंबे समय के लिए सुरक्षा गारंटी चाहता है ताकि भविष्य में रूस की ओर से कोई नया हमला न हो। वहीं, पुतिन ने चेतावनी दी है कि वह यूक्रेन में पश्चिमी सैनिकों की मौजूदगी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
रूस का हवाई हमला, नाटो की तैयारी
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने शुक्रवार की रात हाल के महीनों का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। इसमें 40 मिसाइलें और लगभग 580 ड्रोन दागे गए। इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इस हमलों के बाद नाटो देशों ने यूरोप की पूर्वी सीमा पर अपनी सुरक्षा और मजबूत कर दी।
पोलैंड और ब्रिटेन की कार्रवाई
पोलैंड ने बताया कि उसकी वायुसेना और नाटो के जेट विमानों ने सीमा के पास रूसी हमलों के खतरे को देखते हुए एहतियाती ऑपरेशन चलाया। वहीं ब्रिटेन ने पुष्टि की कि उसके लड़ाकू विमान पहली बार नाटो मिशन 'ईस्टर्न सेंट्री' के तहत पोलैंड के आसमान की निगरानी कर रहे हैं।
एस्टोनिया का दावा- हमारे हवाई क्षेत्र में घुसे रूसी विमान
बता दें कि बीते शुक्रवार को तीन रूसी लड़ाकू विमान एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में घुसे। रूस ने इससे पूरी तरह से इनकार किया, लेकिन एस्टोनिया ने रडार और विजुअल सबूतों के आधार पर 12 मिनट की इस घुसपैठ की पुष्टि की। वहीं एस्टोनिया के मिलिट्री इंटेलिजेंस प्रमुख कर्नल एंट्स किविसेल्ग ने कहा कि अभी यह तय करना बाकी है कि यह गलती थी या जानबूझकर की गई कार्रवाई।