चीन की तेजी से अस्थितर होती आंतरिक सुरक्षा व उसमें बढ़ती अनिश्चितता का हवाला देते हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने युद्ध की तैयारी का एलान किया है। जिनपिंग ने कहा, देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीजिंग अपने सैन्य प्रशिक्षण और किसी भी युद्ध की तैयारी को व्यापक रूप से मजबूत करेगा।
सरकारी मीडिया सीसीटीवी के मुताबिक जिनपिंग ने मंगलवार को एक कमांड सेंटर के निरीक्षण के दौरान सैनिकों के बीच वफादारी और युद्ध की तत्परता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, चीन की सैन्य कमान संरचना का लक्ष्य वफादार, लड़ने में पारंगत, कमान में कुशल और जीतने में सक्षम होना चाहिए। जिनपिंग ने सैन्य नेतृत्व से सैनिक प्रशिक्षण और युद्ध की तैयारी को बढ़ाने व नए युग में अपने मिशनों और कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने का भी आह्वान किया।
पिछले महीने दोबारा चीन के कमांडर इन चीफ के रूप में चुने जाने के बाद शी पहली बार केंद्रीय सैन्य आयोग के संयुक्त अभियान कमांड सेंटर पहुंचे। शी ने पिछले महीने पार्टी कांग्रेस में 2049 तक चीनी सशस्त्र बलों को ‘विश्व स्तरीय’ मानकों वाला बनाने की अपनी महत्वाकांक्षाओं की पुष्टि की। उन्होंने कहा, बीजिंग को नियमित आधार पर और विविध तरीकों से सैन्य बलों को तैनात करने में अधिक कुशल बनना होगा।
पीएलए को अपने अभियानों को अंजाम देने के लिए दृढ़ और लचीला दोनों रहना होगा। तभी हम आंतरिक सुरक्षा को मजबूती दे पाएंगे, संकटों व संघर्षों को रोकने और स्थानीय युद्ध जीतने में सक्षम बन पाएंगे। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक कमांड सेंटर निरीक्षण के दौरान जिनपिंग ने दोहराया कि सदी में अनदेखे महान परिवर्तन त्वरित दर से हो रहे हैं। चीन को अवसरों और जोखिमों दोनों के लिए तैयार होना होगा।