विदेश मंत्री एस जयशंकर।
- फोटो : social media
विदेश मंत्री एस. जयशंकर चार मार्च से दक्षिण कोरिया और जापान की चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत करेंगे तथा इस दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चुनौतियों समेत अहम द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर अपने वार्ताकारों के साथ बातचीत करेंगे। जयशंकर दो दिवसीय यात्रा पर पहले सियोल जाएंगे जहां वह कोरिया के अपने समकक्ष चो ताइ-युल के साथ 10वीं भारत-दक्षिण कोरिया संयुक्त आयोग बैठक (जेसीएम) की सह-अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्रालय ने यात्रा की घोषणा करते हुए बताया कि जयशंकर के कोरिया में गणमान्य व्यक्तियों, विचार समूहों (थिंक टैंक) के प्रमुखों और भारतीय समुदाय से मुलाकात करने की उम्मीद है।
जयशंकर अपनी यात्रा के दूसरे चरण में छह से आठ मार्च तक जापान की यात्रा करेंगे। टोक्यो में वह जापान के अपने समकक्ष योको कामीकावा के साथ 16वें भारत-जापान विदेश मंत्री रणनीतिक संवाद में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'दोनों मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा होगी और खुले, मुक्त, समावेशी, शांतिपूर्ण तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत के लिए सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान होने की संभावना है।'
चीन के शहर में कंटेनर जहाज के पुल से टकराने से पांच की मौत
चीन के गुआंगजौ शहर में गुरुवार को एक कंटेनर जहाज की टक्कर के बाद एक पुल का एक हिस्सा ढह जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई वाहन गिर गए। दुर्घटना तड़के हुई, जब हांगकांग से 90 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में गुआंगजौ के नान्शा जिले में एक खाली कंटेनर जहाज ने लिक्सिंशा ब्रिज को टक्कर मार दी, जिससे उसका एक हिस्सा ढह गया। मालवाहक जहाज के कप्तान को गिरफ्तार कर लिया गया है।