फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: पीएम मोदी ने जापान के नए PM शिगेरू इशिबा को दी बधाई; फ्रांस के विदेश मंत्री से मिले एनएसए डोभाल

Wed, 02 Oct 2024 02:23 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को शिगेरू इशिबा को जापान के प्रधानमंत्री का पद संभालने पर बधाई दी। इशिदा ने फुमियो किशिदा की जगह ली है। दरअसल, किशिदा पर घोटालों के कारण उनकी सरकार को संकट का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री का पद छोड़ दिया। 

विज्ञापन


पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में कहा, "शिगेरू इशिबा को बहुत बधाई। मैं भारत-जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने और भारत-प्रशांत में शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।" 

रूस के विदेश मंत्री ने अरब देशों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को अरब देशों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। यह बैठक अरब देशों की मांग पर आयोजित कई गई, जिसमे पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चर्चा की गई। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने इस बैठक की पुष्टि की है।

एनएसए अजीत डोभाल ने फ्रांस के विदेश मंत्री से की मुलाकात
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने बुधवार को फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने यूरोप और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर भारत के दृष्टिकोण को साझा किया। भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, एनएसए डोभाल ने फ्रांसीसी विदेश मंत्री के साथ बैठक के साथ ही अपने दौरे का समापन किया। उन्होंने यूरोप और पश्चिम एशिया में युद्ध पर अपने विचार साझा किए। 
 
डोभाल ने पिछले महीने रूस का दौरा किया था, जहां सेंट पीटर्स बर्ग में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। उनका यह दौरा पीएम मोदी की यूक्रेन यात्रा के दो हफ्ते बाद हुआ था। भारत ने पश्चिम एशिया में तनाव को लेकर सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है और कहा कि संघर्ष नहीं बढ़ना चाहिए। एनएसए ने इससे पहले मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी मुलाकात की। इस दौरान मैक्रों ने भारत और फ्रांस के प्रयासों की सराहना की। वहीं, डोभाल ने भारत-फ्रांस होरिजोन 2047 रोडमैप को लागू करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। 

पाकिस्तान में इस वर्ष 26 पोलियो मामले दर्ज
पाकिस्तान में इस साल पोलियो के 26 मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें से दो नए मामले सिंध प्रांत में पाए गए। यह जानकारी बुधवार को अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि कराची पूर्व और सुजावल जिलों में पोलियों के मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे देश की पोलियो वायरस को खत्म करने की कोशिशों को झटका लगा है। 26 पोलियो के मामलों में से 15 बलूचिस्तान, 7 सिंध, 2 खैबर पख्तूनख्वा और एक-एक पंजाब और इस्लामाबाद से हैं। देश में पिछले महीने एक बड़े टीकाकरण अभियान का समापन हुआ, जिसमें 115 जिलों में पांच साल से कम आयु के 3.3 करोड़ बच्चों को टीका लगाया गया। दूसरा बड़ा टीकाकरण अभियान 28 अक्तूबर से शुरू करने की योजना बनाई गई है। 

द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए हम भारत के साथ काम करने को तैयार : चीनी राजदूत
भारत में चीनी राजदूत शू फेहोंग ने बुधवार को कहा कि भारत से द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए चीन तैयार है। चीनी राजदूत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चीन की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग और चीनी लोगों को दिए बधाई संदेश पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा, चीन आपसी सम्मान, आपसी समझ, आपसी विश्वास, आपसी समायोजन और आपसी उपलब्धि के सिद्धांत के अनुसार एक स्वस्थ और स्थिर ट्रैक पर द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय पक्ष के साथ काम करने को तैयार है। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू ने 27 सितंबर को अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मू ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की थी।

इस बीच, एक अक्तूबर को अमेरिका में कार्नेगी एंडोमेंट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि भारत और चीन के बीच तनाव तब तक जारी रहेगा, जब तक सीमा पर सेनाओं की तैनाती जारी रहती है। सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए हमारे बीच समझौते हैं। लेकिन 2020 में चीन ने उन समझौतों का उल्लंघन किया था।
विज्ञापन

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से मिले जाकिर नाइक
धनशोधन मामले में वांछित विवादित इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक ने बुधवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। नाइक ने एक्स पर लिखा, इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मियां मोहम्मद शहबाज शरीफ के साथ बातचीत हुई। वह पाकिस्तान सरकार के निमंत्रण पर कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को कराची पहुंचे। उन्होंने एक वीडियो भी एक्स पर साझा किया है, जिसमें हवाई अड्डे पर पाकिस्तान के गणमान्य व्यक्ति उसे गुलदस्ता भेंट करते और गले मिलते दिखाई दे रहे हैं। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें