फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: भारत के दौरे पर आएंगी ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री; भीषण गर्मी के बीच लाखों श्रद्धालु पहुंचे मक्का

Mon, 25 May 2026 08:38 AM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग 26 मई को नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आएंगी। इस दौरान वह भारत-ऑस्ट्रेलिया विदेश मंत्रियों के बीच होने वाले 17वें फ्रेमवर्क डायलॉग में भी शामिल होंगी। पेनी वोंग ने कहा कि मौजूदा अनिश्चित वैश्विक माहौल में क्वाड एक बेहद अहम साझेदारी बन चुका है। ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका मिलकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चारों देश समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई, बुनियादी ढांचा विकास और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
विज्ञापन


भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी नई दिल्ली पहुंचेंगे। बैठक में क्वाड देशों के बीच चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े हालात समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।

कनाडा में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश, 17 गिरफ्तार
कनाडा के ओंटारियो प्रांत के पील क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह के 17 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह को 'फॉर ब्रदर्स' के नाम से जाना जाता है। यह गिरोह न केवल कनाडा बल्कि अमेरिका में भी दक्षिण एशियाई समुदाय के व्यापारियों और लोगों को निशाना बना रहा था। यह गिरोह धमकी, हिंसा और जबरन वसूली जैसे आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था।
विज्ञापन


नेपाल: शुरुआती 100 दिन विदेश नहीं जाएंगे पीएम बालेन
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन) अपने कार्यकाल के शुरुआती 100 दिनों में किसी भी देश की विदेश यात्रा पर नहीं जाएंगे। सरकार के प्रवक्ता और शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री शशिम पोखरेल ने सिंह दरबार में हुई कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों को यह जानकारी दी।
पोखरेल ने बताया कि प्रधानमंत्री का पूरा ध्यान सरकार के 100 दिनों के कार्य एजेंडे को लागू करने पर केंद्रित है, इसलिए वे अभी भारत समेत किसी भी देश की यात्रा नहीं कर रहे हैं। 

गौरतलब है कि 5 मार्च के चुनावों में आरएसपी को दो-तिहाई बहुमत मिलने के बाद बालेन ने 27 मार्च को कार्यभार संभाला था। प्रवक्ता ने यह भी साफ किया कि सत्ताधारी दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने के प्रस्तावित भारत दौरे से प्रधानमंत्री का कोई संबंध नहीं है। लामिछाने अपनी निजी क्षमता में भारत जा रहे हैं। आरएसपी सूत्रों के मुताबिक वे भारत सरकार के निमंत्रण पर 1 जून को रवाना हो सकते हैं।


पाकिस्तान ने एक ही दिन में 4,237 अफगान प्रवासियों को निकाला: तालिबान शरणार्थी आयोग
तालिबान के शरणार्थी आयोग ने कहा कि पाकिस्तान ने रविवार को एक ही दिन में 4,237 अफगान प्रवासियों को देश से निकाल दिया। यह जानकारी स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई है।

आयोग के अनुसार, इससे पहले भी लगातार बड़ी संख्या में तोरखम सीमा के जरिये अफगान नागरिकों को निकाला गया है। रविवार को निकाले गए लोग अफगानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत स्थित स्पिन बोल्डक सीमा से देश में दाखिल हुए। इसी दिन ईरान से भी 355 लोगों को अफगानिस्तान वापस भेजा गया। आयोग ने कहा कि इनमें से अधिकतर लोग जबरन वापस भेजे गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) के अनुसार, 26 अप्रैल से नौ मई के बीच पाकिस्तान और ईरान से 1,14,000 से अधिक लोग अफगानिस्तान लौट चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में परिवार शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से मई के बीच लाखों लोग अफगानिस्तान वापस आए हैं, जिनमें कई लोग मजबूरी में लौटने वाले हैं। मानवाधिकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि लौटने वालों को वहां आर्थिक तंगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान में हाल के महीनों में अफगान शरणार्थियों पर कार्रवाई तेज हुई है, जिसमें गिरफ्तारियां और जबरन हटाने की घटनाएं शामिल हैं। कई लोगों को विभिन्न इलाकों से हिरासत में लिया गया है।

जापान: शॉपिंग मॉल में व्यक्ति ने संदिग्ध पदार्थ छिड़का, 20 लोगों की तबीयत खराब
जापान की राजधानी टोक्यो के गिंजा इलाके में एक शॉपिंग मॉल में एक व्यक्ति ने संदिग्ध पदार्थ छिड़क दिया, जिसके बाद करीब 20 लोगों को तबीयत खराब लगने लगी। एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, गिंजा सिक्स शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में एक महिला ने आपातकालीन कॉल कर बताया कि वहां तेज बदबू फैल गई है और कई लोग खांसने लगे हैं। 

सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को इमारत के अंदर संदिग्ध पदार्थ छिड़कते हुए देखा गया है। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घटना के दौरान मौजूद एक महिला ने बताया कि कई लोग अपना मुंह पकड़कर बाहर निकल रहे थे और उसका गला अभी भी सुन्न और दर्दभरा महसूस हो रहा है।

इससे पहले 29 अप्रैल को टोक्यो के फुस्सा इलाके में एक व्यक्ति ने दो हाई स्कूल छात्रों पर हथौड़े से हमला किया था और पुलिस पर भी संदिग्ध पदार्थ का छिड़काव किया था। इस हमले में दो छात्रों को चोटें आई थीं। पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई, जब आरोपी की मां ने सड़क पर खड़े छात्रों को शांति बनाए रखने को कहा था। लेकिन वे वहां खड़े रहे। इसके बाद आरोपी ने उन पर हमला कर दिया।  

प्रधानमंत्री तारिक रहमान से प्रणय वर्मा की मुलाकात
भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में एक और अहम कदम सामने आया है। बांग्लादेश में भारत के निवर्तमान उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने रविवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत, बांग्लादेश के साथ अपने बहुआयामी संबंधों को और गहरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। ढाका में हुई इस विदाई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग के कई संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की। तारिक रहमान ने प्रणय वर्मा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। भारत सरकार ने प्रणय वर्मा को अब बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया है।

बैठक में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान भी मौजूद रहे। प्रणय वर्मा ने सितंबर 2022 में ढाका में भारतीय उच्चायुक्त का पद संभाला था। अब उनकी जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश भेजा जा रहा है। माना जा रहा है कि भारत और बांग्लादेश हाल के तनावपूर्ण दौर के बाद रिश्तों को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
 

 

फिलीपींस में नौ मंजिला इमारत गिरी, 21 लोग मलबे में दबे
फिलीपींस की राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एंजेल्स शहर में रविवार तड़के एक निर्माणाधीन नौ मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में कम से कम 21 लोग लापता हैं, जिनके मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश और तूफान के बाद यह हादसा हुआ। राहत कार्य के दौरान मलबे के नीचे से कुछ आवाजें सुनाई दी हैं, बचावकर्मी कंक्रीट काटकर लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। 

बहरीन: आईआरजीसी के साथ साजिश के आरोप में 9 को उम्रकैद
बहरीन की एक अदालत ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के साथ मिलकर देश के खिलाफ आतंकवादी और शत्रुतापूर्ण कृत्यों की साजिश रचने के आरोप में नौ दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। रविवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दो अन्य आरोपियों को तीन-तीन साल जेल की सजा दी गई है। दोषी पाए गए व्यक्ति संवेदनशील स्थलों की जानकारी जुटाने और वित्तीय लेनदेन की सुविधा प्रदान करने में शामिल थे। 
 

बलूचिस्तान में मुठभेड़ में नौ लड़ाकों और चार जवानों की मौत
पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में स्थानीय लड़ाकों के खिलाफ चलाए गए एक खुफिया ऑपरेशन में चार सुरक्षाकर्मी मारे गए और सात घायल हो गए। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने रविवार को बताया कि कुचलक और नोहसार इलाकों में शनिवार को हुई मुठभेड़ में नौ लड़ाके भी ढेर कर दिए गए। मारे गए सभी जवान आतंकवाद निरोधी विभाग के थे। घायल कर्मियों का क्वेटा में इलाज चल रहा है। सुरक्षा बलों ने  पहले भी 35 लड़ाकों को ढेर किया था। 

पाकिस्तान: आतंकियों ने शांति समिति के चार सदस्यों को मारा
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को आतंकवादियों ने बड़ा हमला कर दिया। यह हमला डेरा इस्माइल खान जिले की कुलाची तहसील में हुआ, जहां स्थानीय शांति समिति के सदस्यों को निशाना बनाया गया। इस हमले में चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने घात लगाकर समिति के सदस्यों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। हमलावरों ने सिर्फ हमला ही नहीं किया, बल्कि समिति के एक सदस्य का अपहरण भी कर लिया। इसके अलावा आतंकवादी वहां मौजूद अन्य सदस्यों के हथियार भी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों और उग्रवादी हमलों से प्रभावित रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और जल्द ही हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। मालूम हो कि पाकिस्तान में विद्रोही संगठन भी लगातार हिंसक आंदोलन कर रहे हैं। 
 

हज यात्रा की शुरुआत, भीषण गर्मी के बीच लाखों श्रद्धालु पहुंचे मक्का
वार्षिक हज यात्रा सोमवार से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई। भीषण गर्मी के बीच दुनिया भर से लाखों मुस्लिम श्रद्धालु सऊदी अरब पहुंच रहे हैं। हज पासपोर्ट बल के कमांडर सालेह बिन साद अल-मुरब्बा ने शुक्रवार को बताया कि सऊदी अरब के बाहर से 15 लाख से अधिक श्रद्धालु हज के लिए उनके देश में पहुंच चुके हैं।

इस वर्ष हज यात्रा ऐसे समय में आयोजित हो रही है, जब ईरान से जुड़े संघर्षों के बाद क्षेत्र में संघर्षविराम तो लागू है, लेकिन तनाव और अनिश्चितता का माहौल अब भी बना हुआ है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु हज के लिए सऊदी अरब पहुंचे हैं। हज के पहले दिन आमतौर पर मक्का में मौजूद श्रद्धालु पास के रेगिस्तानी इलाके में बने विशाल तंबू शिविरों की ओर बढ़ते हैं। इससे पहले श्रद्धालु मक्का की पवित्र मस्जिद अल-हरम में स्थित काबा का तवाफ (परिक्रमा) कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है।
 

द. चीन सागर में ताइवान के नियंत्रण वाले द्वीप के पास टकराव के बाद वापस लौटा चीनी जहाज
दक्षिण चीन सागर के उत्तरी छोर पर स्थित रणनीतिक तौर से अहम प्रतास द्वीप समूह के पास ताइवान और चीन के तटरक्षकों के बीच गंभीर गतिरोध और तीखी बहस के बाद रविवार को आखिरकार चीनी तटरक्षक जहाज वापस लौट गया। ताइवानी तटरक्षक बल के मुताबिक, शनिवार को एक चीनी तटरक्षक जहाज प्रतास द्वीप की ओर आते देखे जाने पर ताइवान ने जहाज भेज तुरंत चेतावनी दी थी। इस पर दोनों पक्षों के बीच संप्रभुता को लेकर रेडियो पर तीखी बहस हुई। इसमें चीन ने अपने जहाज के रोजाना की गश्त पर होने और प्रतास द्वीप के चीन की संप्रभुता और अधिकार होने की बात कही। इसके जवाब में ताइवानी जहाज ने चीनी जहाज से शांति भंग न करने और वापस लौटने को कहा। 

प्रतास द्वीप के अधिकार क्षेत्र को लेकर चीन ने किए गलत दावे
ताइवानी तट रक्षक बल के एक अधिकारी के मुताबिक, चीन के प्रतास द्वीप के अधिकार क्षेत्र और संप्रभुता को लेकर इस्तेमाल किए गए शब्द असामान्य थे और दावे गलक थे। वहीं, प्रतास के इतने करीबी जलक्षेत्र में चीनी जहाज का इतनी अधिक रुकना भी वाजिब नहीं था। आखिरकार, प्रतास से 21 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में रहा चीनी जहाज रविवार देर शाम यहां से दूर जाने लगा।

गाजा में इस्राइली हवाई हमले में महिला और बच्ची की मौत
गाजा पट्टी के दक्षिणी हिस्से में सोमवार को एक इस्राइली हवाई हमले में एक फलस्तीनी महिला और एक छोटी बच्ची की मौत हो गई। कुवैत फील्ड अस्पताल के मुताबिक, यह हमला खान यूनिस के पश्चिमी हिस्से में स्थित मुवासी इलाके में विस्थापित परिवारों के एक तंबू पर हुआ। इसी अस्पताल में शवों और घायलों को लाया गया था। अस्पताल ने बताया कि इस हमले में एक अन्य लड़की भी घायल हुई है।
विज्ञापन

वुहान से भारतीय डॉक्टर ने हैदराबाद में मरीज का किया जटिल ऑपरेशन
चीन के वुहान से एक भारतीय डॉक्टर ने हैदराबाद के एक मरीज का एक जटिल ऑपरेशन किया। मरीज के ब्लैडर में दिक्कत थी जिसे प्रतिस्थापित करना था। यानी उसकी ब्लैडर रीकंस्ट्रक्शन सर्जरी होनी थी।
हैदराबाद व वुहान से की दूरी करीब 3,000 किलोमीटर है। चाइना डेली की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. सैयद मोहम्मद गौस ने हैदराबाद में एक मरीज के ब्लैडर की रोबोट की मदद से सफल सर्जरी की। उन्होंने यह सर्जरी वुहान से रिमोटली ऑपरेट करते हुए की। 

हैदराबाद में मेडिकल स्टाफ को रखा गया था तैयार
भारत में मरीज को एनेस्थीसिया दिया और बारीक सर्जिकल औजारों तथा हाई-डेफिनिशन 3डी कैमरों से लैस रोबोटिक उपकरण अंदर डाले। वुहान में एक कंसोल से डॉ. सैयद ने जूम की हुई रियल-टाइम 3डी तस्वीरें देखीं और रोबोट को दूर से ही नियंत्रित किया। हैदराबाद में मेडिकल स्टाफ को किसी भी आपातकाल के लिए तैयार रखा गया था। यह सर्जरी इंटरनेशनल हेपाटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी एसोसिएशन के चीन चैप्टर के 10वें सम्मेलन के दौरान दिखाए गए 26 प्रोसीजर में शामिल थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें