मोरक्को के राजा मोहम्मद VI ने अफ्रीका कप ऑफ नेशंस फाइनल के दौरान हुई हिंसा के मामले में जेल भेजे गए 18 सेनेगली फुटबॉल प्रशंसकों को माफ कर दिया है। यह फैसला ईद-अल-अजहा के मौके पर मानवीय आधार पर लिया गया। इन प्रशंसकों को फरवरी 2026 में खेल परिसर को नुकसान पहुंचाने और खेल आयोजन के दौरान हिंसा फैलाने के आरोप में एक साल तक की सजा सुनाई गई थी। कुछ लोग अपनी सजा पूरी भी कर चुके थे।
जनवरी में खेले गए अफ्रीका कप फाइनल में सेनेगल और मोरक्को के बीच मुकाबले के दौरान भारी हंगामा हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ सेनेगली समर्थकों ने मैदान में घुसने की कोशिश की थी। वहीं सेनेगल की टीम ने मेजबान मोरक्को को दिए गए आखिरी मिनट के पेनल्टी फैसले का विरोध करते हुए मैदान छोड़ दिया था। हालांकि सेनेगल ने मैच 1-0 से जीत लिया था, लेकिन बाद में अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ ने विवादित फैसला लेते हुए सेनेगल से खिताब छीनकर मोरक्को को चैंपियन घोषित कर दिया। सेनेगल ने इस फैसले के खिलाफ अपील की थी। घटना के बाद दोनों देशों में तनाव बढ़ गया था और सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाले संदेश भी सामने आए थे। इसके बावजूद दोनों देशों के नेताओं ने आपसी रिश्ते मजबूत बनाए रखने और व्यापार बढ़ाने पर सहमति जताई।
सर्बिया के राष्ट्रपति ने चीन की राजकीय यात्रा शुरू की
सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने रविवार की दोपहर को पेइचिंग कैपिटल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचकर अपनी चीन की पहली राजकीय यात्रा शुरू की।
बता दें कि सर्बिया चीन के साथ नए युग में साझा भविष्य वाले समुदाय के सह निर्माण करने वाला पहला यूरोपीय देश है और दक्षिण व पूर्वी यूरोप में चीन का महत्वपूर्ण साझेदार है। दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में इधर कुछ साल चीन-सर्बिया संबंध उच्च स्तर पर चल रहे हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे के केंद्रीय हितों का डटकर समर्थन करते हैं। दोनों के पारस्परिक राजनीतिक विश्वास मजबूत हैं, सहयोग की उपलब्धियां भारी हैं, बहुपक्षीय समन्वय घनिष्ठ है और लोगों की आवाजाही अच्छी है।
इससे पहले चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि चीन सर्बिया के साथ राष्ट्रपति वुसिक की चीन यात्रा के अवसर पर लौह मित्रता मजबूत करने, पारस्परिक लाभ वाले सहयोग का विस्तार करने, बहुपक्षीय समन्वय घनिष्ठ बनाने, नए युग में चीन-सर्बिया साझे भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में अधिक उपलब्धियां प्राप्त करने को तैयार है ताकि दोनों देशों की जनता को अधिक कल्याण मिले।
श्रीलंका की पीएम बोलीं- तनाव भरी दुनिया में कॉमनवेल्थ बेहद जरूरी मंच
हरिनी अमरसुरिया ने कहा है कि आज के बढ़ते वैश्विक तनाव और अस्थिर माहौल में राष्ट्रमंडल राष्ट्र सदस्य देशों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण मंच बन गया है। उन्होंने 21 मई 2026 को कॉमनवेल्थ महासचिव शर्ली बॉचवे से मुलाकात के बाद यह बयान दिया। श्रीलंका की प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में बहुपक्षीय सहयोग और अंतरराष्ट्रीय कानून लगातार कमजोर हो रहे हैं। ऐसे समय में कॉमनवेल्थ जैसे संगठन देशों के बीच भरोसा बढ़ाने और संवाद बनाए रखने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सहयोग, साझेदारी और एक-दूसरे की आवाज सुनना आज पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।
अमारासूर्या ने कहा कि कॉमनवेल्थ की सबसे बड़ी ताकत इसकी विविध सदस्यता है, जहां छोटे और विकासशील देशों को भी अपनी बात रखने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में चल रहे संघर्षों का असर सीधे श्रीलंका जैसे देशों पर पड़ रहा है। मध्य पूर्व संकट के कारण खाद्य पदार्थ, ईंधन और उर्वरकों की कीमतें बढ़ी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लोगों पर पड़ रहे असर को कम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कॉमनवेल्थ आने वाले समय में और अधिक प्रभावशाली भूमिका निभा सकता है।
उत्तरी यूरोप का भारत के लिए प्रवेश द्वार बनेगा एस्टोनिया: राजदूत सिन्हा
भारत का यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) लागू होने पर भारतीय कारोबार के लिए एस्टोनिया निश्चित ही उत्तरीय यूरोप के बाजारों का प्रवेश द्वार बनेगा। यह बात भारत के राजदूत आशीष सिन्हा ने एक इंटरव्यू में कही। उन्होंने जोर दिया कि द्विपक्षीय संबंध मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। आशीष सिन्हा ने कहा, भारत-ईयू एफटीए लागू होने पर भारत और एस्टोनिया के बीच और अधिक व्यापार बढ़ाने के लिए मौजूदा व्यापार का एक मजबूत आधार मौजूद है।
एस्टोनिया में भारतीय राजदूत ने जोर देकर कहा कि समग्र द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। वह बोले, भारत-ईयू एफटीए के साथ, लघु-मध्यम आकार के उद्योगों की भागीदारी में काफी वृद्धि होगी और एस्टोनिया के दुग्ध-कृषि उत्पादों को भारत में अपना बाजार मिलेगा। एस्टोनिया के भारत को ई-रेजिडेंसी की सुविधा भी प्रदान करने की बात बताते हुए सिन्हा ने कहा, कई भारतीय व्यापारियों और उच्च मूल्य वाले उद्योगपतियों ने एस्टोनिया की ई-रेजिडेंसी ली है और 5,000 भारतीय एस्टोनियाई पहल का हिस्सा हैं। 1,000 से अधिक भारतीयों ने ई-रेजिडेंसी कार्यक्रम के तहत अपनी कंपनियों को पंजीकृत कराया है। आशीष सिन्हा ने कहा, भारत-ईयू एफटीए आगे के सहयोग के लिए एक आधार प्रदान करता हैा। उन्होंने कहा, एस्टोनिया को भारतीय निर्यात में न केवल वृद्धि हुई है, बल्कि पिछले वित्तीय वर्ष में इसने अपने लक्ष्य को भी पार कर लिया है। वह बोले, नई-उभरती प्रौद्योगिकियां व्यापार का एक प्रमुख हिस्सा बनने जा रही हैं। डिजिटल प्रौद्योगिकियां, आईटी, एआई-सक्षम प्रौद्योगिकियां, सॉफ्टवेयर एज ए सर्विस, इन सभी क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं।
बांग्लादेश- दो अहम बंदरगाहों का इस्तेमाल करेगा अमेरिका
बांग्लादेश और अमेरिका के बीच हुए 3 बड़े रणनीतिक समझौतों के बाद बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर क्षेत्र में सामरिक समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं। बांग्लादेश ने अमेरिका को अपने दो अहम बंदरगाहों चिटगांव-मतारबाड़ी के इस्तेमाल की अनुमति देने का फैसला किया है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच सैन्य और सुरक्षा से जुड़ी खुफिया सूचनाएं साझा करने पर भी सहमति बनी है।
अमेरिकी नौसेना व सैन्य जहाज अब इन दोनों बंदरगाहों का इस्तेमाल कर सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे अमेरिका की हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में रणनीतिक मौजूदगी काफी मजबूत होगी। चिटगांव बंदरगाह भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह से करीब 1100 किमी दूर है, इसलिए इसे भारत की सुरक्षा और सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमेरिका की विशेष नजर मलक्का स्ट्रेट पर है। यह दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है और वैश्विक समुद्री व्यापार का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। तेल, गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के लिए भी यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
भारत के लिए भी मलक्का स्ट्रेट अहम
भारत के लिए भी मलक्का स्ट्रेट बेहद अहम है। देश का 55% व्यापार यहां व सिंगापुर क्षेत्र से होता है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह इस स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से के पास स्थित हैं, जिससे भारत को सामरिक बढ़त मिलती है। कैंपबेल बे स्थित आईएनएस बाज एयर स्टेशन इस क्षेत्र में निगरानी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्पेन: रैली निकाल मांगा पीएम का इस्तीफा
स्पेन के समाजवादी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को राजधानी मैड्रिड में हजारों स्पैनवासियों ने विशाल विरोध रैली निकाली। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पीएम के आधिकारिक आवास के चारों और लगी बाधाओं को तोड़ने की कोशिश भी की। स्पेनिश सिविल सोसाइटी एसोसिएशन की अगुवाई में स्पैनवासियों ने यह रैली भ्रष्टाचार के कई घोटालों के सामने आने के विरोध में निकाली। इन लोगों के हाथों में समाजवादी माफिया का इस्तीफा और अन्य नारों वाले बैनर थे। विपक्षी पीपल्स पार्टी और धुर-दक्षिणपंथी वॉक्स पार्टी के नेताओं ने भी इसमें बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
इस दौरान पुलिस ने पीएम के आवास मोंक्लोआ पैलेस की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क पर नकाबपोश लोगों के एक समूह को हिरासत में लिया। इस पैलेस में ही सांचेज अपने परिवार के साथ रहते हैं। मार्च फॉर डिग्निटी (गरिमा मार्च) में हजारों प्रदर्शनकारी शामिल हुए। रैली के आयोजकों के मुताबिक, इस विरोध प्रदर्शन में 80,000 लोगों ने हिस्सा लिया, हालांकि मैड्रिड में स्पेनिश सरकार के प्रतिनिधि ने प्रदर्शनकारियों की संख्या लगभग 40,000 बताई।
सेनेगल: राष्ट्रपति ने पीएम को हटाया
सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दियोमाये फाये ने वर्षों से जारी तनाव के बाद पीएम ओस्मान सोनको को बर्खास्त कर दिया है। सरकार के महासचिव उमर सांबा बा ने शुक्रवार देर रात इस फैसले की घोषणा की। पास्टेफ पार्टी के फाये व सोनको के बीच खुले टकराव के बाद यह बर्खास्तगी की गई। दबा ने कहा, पीएम को बर्खास्त करने के बाद सरकार के सभी सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया।
स्पेसएक्स का अब तक का सबसे बड़ा स्टारशिप प्रक्षेपित
अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स ने अब तक का अपना सबसे बड़ा, शक्तिशाली व अगली पीढ़ी के उन्नत स्टारशिप रॉकेट का सफल परीक्षण किया। इस परीक्षण में रॉकेट में 20 नकली उपग्रहों का एक समूह तैनात किया था। स्टारशिप, टेक्सास के दक्षिणी छोर से रवाना हुआ और हिंद महासागर में नियंत्रित लैंडिंग की। यह उस रॉकेट की 12वीं परीक्षण उड़ान है, जिसे एलन मस्क लोगों को मंगल तक ले जाने के लिए तैयार कर रहे हैं।
पाकिस्तान में हमला नाकाम, 13 आतंकवादी किए गए गिरफ्तार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने एक आतंकी हमले को नाकाम करते हुए 13 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से ज्यादातर आतंकवादी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सदस्य हैं। आतंकवाद-विरोधी विभाग (सीटीडी) के प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादी पंजाब में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कार्यालयों को निशाना बनाने की फिराक में थे लेकिन पुलिस ने उनके मनसूबों में पानी फेर दिया। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक बरामद किए गए हैं।
प्रदर्शनी में एलिजाबेथ द्वितीय का जरदोजी गाउन आकर्षण का केंद्र
बकिंघम पैलेस में आयोजित एक प्रदर्शनी में इन दिनों ब्रिटेन की दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का जरदोजी गाउन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आइवरी रंग के इस गाउन को महारानी ने जनवरी 1961 में अपनी भारत की यात्रा के दौरान पहना था। इस पोशाक पर पारंपरिक भारतीय जरदोजी कला के माध्यम से मोतियों, क्रिस्टल और सेक्विन (सितारों) का बारीकी से काम किया गया है। साथ ही, राष्ट्रीय पुष्प कमल की आकृतियां उकेरी गई हैं। महारानी वेशभूषा को कूटनीति के एक प्रभावी माध्यम मानती थीं।
दुनिया में शांति व सद्भाव को बढ़ाता है योग- प्रतीक माथुर
चीन के शंघाई शहर में ईस्ट चाइना इंडियन डायस्पोरा क्रिकेट टूर्नामेंट और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 का पूर्वाभ्यास शुरू हो गया है। शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने शनिवार इन कार्यक्रमों का उद्घाटन किया। नॉर्ड एंग्लिया इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम का समन्वय भारतीय संघ शंघाई के सहयोग से किया जा रहा है। माथुर ने कहा कि योग के प्रति यह उत्साह कल्याण, सद्भाव और शांति को बढ़ावा देने के प्रति वैश्विक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पाकिस्तान: आतंकवादियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन, चार सुरक्षाकर्मी शहीद और 9 आतंकी ढेर
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के कुचलाक और नोहसार इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच भारी मुठभेड़ हुई है। खुफिया जानकारी के आधार पर आतंकवाद-रोधी विभाग ने आतंकियों के खिलाफ यह बड़ा ऑपरेशन चलाया था। इस भीषण गोलीबारी में सुरक्षाबलों ने नौ खतरनाक आतंकवादियों को मार गिराया, जबकि देश की रक्षा करते हुए चार सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। मुठभेड़ में 7 अन्य सुरक्षा अधिकारी घायल भी हुए हैं, जिनका क्वेटा के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फिलीपींस: तूफान के बाद ढही नौ मंजिला इमारत, मलबे में दबे कई मजदूर, बचाव कार्य जारी
फिलीपींस की राजधानी मनीला के उत्तरी शहर एंजेल्स में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तेज तूफान और भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन नौ मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। हादसे के वक्त इमारत में मौजूद 24 मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन 21 मजदूर अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव दल मलबे को हटाने में जुटे हैं, और सबसे अच्छी बात यह है कि मलबे के नीचे से अभी भी फंसे हुए लोगों की आवाजें आ रही हैं।