श्रीलंका: सर्वोच्च न्यायालय ने राजपक्षे को जारी किया समन
श्रीलंका की शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे को समन जारी किया। उन्हें यह समन साल 2000 में एक बच्चे सहित आठ तमिलों की हत्या के दोषी एक सैनिक को माफी देने को लेकर जारी किया गया है।
सैनिक सुनील रत्नायके को साल 2020 में माफी दी गई थी। उसे लिट्टे के साथ सशस्त्र संघर्ष के दौरान उत्तरी जाफना जिले के मिरुसुविल में साल 2000 में एक बच्चे सहित आठ जातीय तमिलों की हत्या का दोषी ठहराया गया था। राजपक्षे को राष्ट्रपति के रूप में लिए गए अपने फैसले के बारे में अदालत में जवाब देना होगा। मामले में अगली सुनवाई सितंबर में होगी।
नेपाल: संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे 12 छात्र गिरफ्तार
नेपाल पुलिस ने गृहमंत्री रबी लामिछाने के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे करीब 12 छात्रों को गिरफ्तार किया। नेपाल छात्र संघ (एनएसयू) के सदस्यों ने शुक्रवार दोपहर को लाखों की सहकारी धोखाधड़ी की जांच के लिए एक संसदीय समति के गठन की मांग करते हुए नारे लगाए। इस समिति में कथित रूप से लामिछाने भी शामिल हैं। एनएसयू ने 'सहकारी पीड़ितों के लिए न्याय', 'जीबी राय कहां है' जैसे नारे लगाए।
प्रभावशाली भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने देशभर के भारतीय समुदाय से कहा है कि अब उनके लिए हर स्तर के पद पर चुनाव लड़ने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, याद रखिए, राजनीति केवल एक संज्ञा नहीं है, बल्कि एक क्रिया है और हमें इस साल राजनीति में हिस्सा लेना है। वह डेमोक्रेटिक थिंक-टैंक ‘इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट’ के वार्षिक समारोह के लिए वाशिंगटन में जुटे भारतवंशियों से बोल रहे थे।