आठ अमेरिकी अखबारों के एक समूह ने चैटजीपीटी बनाने वाले ओपनएआई और माइक्रोसॉफ्ट पर मुकदमा दायर किया है। समूह ने आरोप लगाया कि इन कंपनियों ने अपने एआई चैटबॉट्स को विकसित करने के लिए बिना उनकी अनुमति और भुगतान किए कॉपीराइट समाचार लेखों की चोरी की है। समूह ने बयान में कहा कि हमने अपने प्रकाशनों में जानकारी जुटाने में अरबों डॉलर खर्च किए हैं। हम ओपनएआई व माइक्रोसॉफ्ट को हमारे काम को चुराने की अनुमति नहीं दे सकते।
यूरोपीय संघ के साथ व्यापार पर बढ़ते तनाव के बीच चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यूरोप की अपनी छह दिवसीय यात्रा शुरू कर दी है। रूस बीजिंग का समर्थन करता है। सामरिक और भूराजनैतिक चिंताओं के बीच जिनपिंग का दौरा अहम माना जा रहा है। वॉयस ऑफ अमेरिका (वीओए) की रिपोर्ट के हवाले से आई एक रिपोर्ट के मुताबिक शी जिनपिंग की यात्रा रविवार (28 अप्रैल) को शुरू हुई। यूरोपीय महाद्वीप के मामले में यह 2019 के बाद उनकी पहली यात्रा है। खबर के मुताबिक फ्रांस, सर्बिया और हंगरी का दौरा भी करेंगे। ताइवानी विश्लेषकों के मुताबिक, यात्रा के दौरान जिनपिंग दुनिया के शीर्ष नेताओं के साथ यूक्रेन और रूस के युद्ध के साथ-साथ पश्चिम एशिया में इस्राइल-हमास संघर्ष के मुद्दे पर भी बात कर सकते हैं। इसके अलावा, चीनी राष्ट्रपति यात्रा के दौरान व्यापारिक तनाव को दूर करने और बुडापेस्ट और बेलग्रेड के साथ बीजिंग के घनिष्ठ संबंधों को दोगुना करने की संभावनाएं भी तलाशेंगे।
लेखिका श्राबणी बासु को लंदन विवि से मिली डॉक्टरेट की मानद उपाधि
कोलकाता में जन्मी इतिहासकार-लेखिका श्राबणी बासु को साहित्य तथा साझा ब्रिटिश भारतीय इतिहास के अध्ययन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए लंदन विश्वविद्यालय ने ‘डॉक्टरेट’ की मानद उपाधि दी है। उन्होंने एक दीक्षांत समारोह में ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर’ की अपनी मानद उपाधि ग्रहण की। दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से इतिहास में स्नातक करने वाली डॉ. बासु अब लंदन में रहती हैं।
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय की बहन प्रिसेंज रॉयल प्रिसेंज एन्नी ने बासु को यह डिग्री प्रदान की। सर्वाधिक बिकने वाली जीवनी संबंधी पुस्तकों ‘स्पाई प्रिंसेंज : द लाईफ ऑफ नूर इनायत खान’ और ‘विक्टोरिया एंड अब्दुल : द ट्रू स्टोरी ऑफ क्वीन्स क्लोजेस्ट कॉन्फिडेंट’ की लेखिका बासु ने अपने संबोधन में 1980 के दशक में पत्रकार के रूप में भारत से ब्रिटेन आने की अपनी यात्रा का जिक्र किया जब वह कई छिपी हुई अद्भुत बातों से रूबरु हुईं और इन बातों को उनकी किताबों में जगह मिली। उनकी ‘विक्टोरिया एंड अब्दुल: द ट्रू स्टोरी ऑफ क्वीन्स क्लोजेस्ट कॉन्फिडेंट’ पर एक फिल्म भी बनी है जिसे ऑस्कर के लिए नामित किया गया था।