फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: पोप फ्रांसिस का आह्वान- भावी आशा के तौर पर बच्चे पैदा करें इटली के लोग; ईरान में संसदीय चुनाव

Fri, 10 May 2024 05:30 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
पोप फ्रांसिस ने इटली वासियों से बच्चे पैदा करने का आग्रह करने के लिए शुक्रवार को अपना अभियान चलाया। उन्होंने परिवारों की मदद के लिए दीर्घकालिक नीतियों का आह्वान किया और चेतावनी दी कि देश का जनसांख्यिकीय संकट भविष्य को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने परिवार समर्थक समूहों की एक वार्षिक सभा में कहा, जन्मों की संख्या लोगों की आशा का पहला संकेतक है। पोप ने कहा, बच्चों के बिना, एक देश भविष्य के लिए अपनी इच्छाएं खो देता है। इसीलिए भविष्य की आशा के तौर पर इटली वासी बच्चे पैदा करें। बता दें, इटली की जन्म दर पहले से ही विश्व में सबसे कम में से एक है। गत वर्ष 3.79 लाख शिशुओं के जन्म के साथ इटली में जन्म दर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंची है। 
विज्ञापन


बच्चों को पैदा करने के लिए दीर्घकालिक रणनीति अपनाएं
पोप ने युवा जोड़ों को बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते दीर्घकालिक राजनीतिक रणनीतियों और नीतियों को अपनाने का आह्वान किया। इसमें अनिश्चित कार्य अनुबंधों व घर खरीदने में बाधाएं खत्म करना तथा व्यवहार्य विकल्प शामिल है, ताकि महिलाओं को मातृत्व और करियर के बीच जूझना न पड़े।

ईरान में संसदीय चुनाव के लिए दूसरे दौर का मतदान
मार्च में हुए मतदान के दौरान ईरान में कट्टरपंथी नेताओं का प्रभुत्व बढ़ने के बाद देश की जनता ने संसद की शेष सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान किया। देश भर के 22 निर्वाचन क्षेत्रों में लोग 90 उम्मीदवारों में से 45 प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे, जिनमें से 15 की नरमपंथी माना जाता है। राजधानी तेहरान में 32 उम्मीदवारों में से 16 प्रतिनिधि चुने जाएंगे, जो सभी कट्टरपंथी हैं। अंतिम नतीजे सोमवार को आ सकते हैं। हालांकि छोटे निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना पहले हो सकती है। ईरान की संसद देश पर शासन करने में गौण भूमिका निभाती है। देश के सभी महत्वपूर्ण मामलों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अंतिम निर्णय लेते हैं। 
विज्ञापन


भारत ने श्रीलंकाई तमिलों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
भारत ने श्रीलंका के साथ विकास और आर्थिक सहयोग बढ़ाने में सहयोग करने की बात कही है। भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने उत्तर और पूर्व स्थित तमिल  तमिल नेशनल अलायंस (टीएनए) की मुख्य पार्टी इलंकाई तमिल अरासु काची (आईटीएके) के नेता एस श्रीधरन से मुलाकात की। उन्होंने श्रीलंका में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता की पुष्टि की। भारतीय उच्चायोग की तरफ से जारी बयान के मुताबिक दोनों के बीच चर्चा के दौरान श्रीलंका में राजनीतिक विकास के साथ-साथ श्रीलंका में भारत के विकास और आर्थिक सहयोग पर भी बातें हुईं। बता दें कि गुरुवार को श्रीलंका के चुनाव आयोग ने 17 सितंबर से 16 अक्तूबर के बीच अगला राष्ट्रपति चुनाव कराने का एलान किया। दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से यह चुनाव भी काफी अहम होगा। भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने मुख्य विपक्षी नेता साजिथ प्रेमदासा और राजपक्षे कबीले के श्रीलंका पोदुजना पेरामुना (एसएलपीपी) के नए राष्ट्रीय आयोजक सांसद नमल राजपक्षे से भी मुलाकात की। उच्चायोग ने कहा कि दोनों को भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय संबंधों के बारे में जानकारी दी गई।

UN के मंच पर पश्चिम एशिया का मुद्दा; फलस्तीन के समर्थन में भारत
भारत ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव के मसौदे के पक्ष में मतदान किया। प्रस्ताव में कहा गया था कि फलस्तीन योग्य है। उसे पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल किया जाना चाहिए। आज सुबह आपातकालीन बैठक में फलस्तीन राज्य की पूर्ण सदस्यता के समर्थन में अरब समूह का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव के पक्ष में भारत सहित 143 वोट पड़े, जबकि विपक्ष में नौ वोट पड़े और 25 अनुपस्थित रहे। 

भारत और माल्दोवा में हुआ समझौता, बिना वीजा के आ जा सकेंगे दोनों देशों के राजनयिक

भारत और माल्दोवा के बीच एक अहम समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत दोनों देशों के राजनयिक और डिप्लोमैटिक वीजा धारक बिना वीजा के एक दूसरे के देश आ जा सकेंगे। भारतीय विदेश मंत्रालय के पश्चिम मामलों के सचिव पवन कपूर और माल्दोवा की राजनयिक एना तबन ने अपनी-अपनी सरकारों की तरफ से समझौते पर हस्ताक्षर किए। 

आईएमएफ की एक टीम पहुंची पाकिस्तान
आईएमएफ मिशन की पाकिस्तान यात्रा से पहले  वैश्विक ऋणदाता की एक अग्रिम टीम शुक्रवार को पाकिस्तान पहुंच गई है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आईएमएफ टीम देश की वित्तीय टीम के साथ विस्तारित फंड सुविधा (ईएफएफ) के तहत अगले दीर्घकालिक ऋण के पहले चरण पर चर्चा करेगी। आईएमएफ समीक्षा मिशन 16 मई को इस्लामाबाद पहुंचेगा।
विज्ञापन

चीन के भारत में नवनियुक्त राजदूत जू फीहोंग शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए और अपना कार्यभार संभाल लिया। नई दिल्ली स्थित चीनी दूतावास ने यह जानकारी दी। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रोटोकॉल डिवीजन के अधिकारियों, चीनी दूतावास के मंत्री मा जिया, मंत्री वांग लेई समेत कई अधिकारियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर चीनी राजनयिक और उनकी पत्नी का स्वागत किया। 

जू फीहोंग भारत में चीन के 17वें राजदूत हैं। इनसे पहले भारत में चीन के राजदूत सुन वीडोंग थे, जिन्होंने तीन साल नई दिल्ली में सेवा देने के बाद अक्तूबर 2022 में यह जिम्मेदारी छोड़ी। नए राजदूत की नियुक्ति ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर कई मुद्दों पर विवाद है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें