फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: हूतियों ने इस्राइली जहाजों पर हमले की चेतावनी दी; सोमाली सुरक्षा बलों ने आतंकियों के कब्जे छुड़ाया होटल

Wed, 12 Mar 2025 09:58 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
गाजा में सहायता सामग्री के प्रवेश पर रोक से तिलमिलाए यमन के हूती विद्रोहियों ने पश्चिम एशिया के जल क्षेत्रों से गुजरने वाले इस्राइली पोतों पर हमले की धमकी दी है। हूती के इन चेतवानियों से लाल सागर और अन्य जल क्षेत्रों के जरिये एशिया से यूरोप जाने और आने वाले जहाजों पर हमले की चिंता बढ़ गई है। गाजा युद्ध की शुरुआत के बाद भी हूती विद्रोहियों ने लाल सागर से गुजरने वाले इस्राइली, अमेरिकी और उनके सहयोगी देशों के जहाजों को लगातार निशाना बनाया था। हूती विद्रोहियों के मानवीय संचालन समन्वय केंद्र ने हालिया बयान उस चार दिवसीय अल्टीमेटम के खत्म होने के बाद जारी किया है, जिसमें इस्राइल से गाजा में सहायता सामग्री औप जरूरी चीजों की आपूर्ति फिर से सुनिश्चित करने को कहा गया था। बयान में कहा गया है, हमें उम्मीद है कि यह समझा जाएगा कि हूती विद्रोहियों की तरफ से की गई कार्रवाई ... उत्पीड़ित फलस्तीनियों के प्रति धार्मिक, मानवीय और नैतिक जिम्मेदारी की गहरी भावना से उपजी है। इसका उद्देश्य इस्राइली हमलावर इकाई पर गाजा पट्टी के क्रॉसिंग को फिर से खोलने और खाद्य व चिकित्सा आपूर्ति सहित सहायता के प्रवेश की अनुमति देने के लिए दबाव डालना है।
विज्ञापन


ट्रंप से विवाद पर जेलेंस्की ने पत्र लिख मांगी माफी
गत दिनों व्हाइट हाउस में हुई बैठक के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए विवाद को लेकर जेलेंस्की ने ट्रंप से पत्र लिखकर माफी मांगी है। ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने फॉक्स न्यूज से साक्षात्कार में कहा कि जेलेंस्की ने राष्ट्रपति को एक पत्र भेजा है। उन्होंने ओवल ऑफिस में हुई पूरी घटना के लिए माफी मांगी है। इसके पहले कांग्रेस के संयुक्त सत्र के संबोधन में ट्रंप ने फत्र मिलने की पुष्टि की। 

वर्ल्ड फूड इंडिया में इस्राइली कृषि मंत्री को निमंत्रण
इस्राइल में भारत के राजदूत जेपी सिंह ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार में कृषि मंत्री एमके एवी डिचर से मुलाकात की। भारतीय दूतावास ने बताया कि दोनों के बीच कृषि, जल प्रबंधन, अनुसंधान एवं विकास तथा खाद्य सुरक्षा में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा हुई। जेपी सिंह ने इस्राइली सरकार के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री को भारत में वर्ल्ड फूड इंडया 2025 में भाग लेने के लिए आमंत्रित भी किया गया।
विज्ञापन

जो करना है कर लो, हम समझौता नहीं करेंगे, ईरान की अमेरिका को दो टूक

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि उनका देश अमेरिका के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। पेजेश्कियन ने कहा कि 'ये बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है कि वे (अमेरिका) हमें आदेश दें और धमकाएं। मैं आपके साथ कोई बातचीत नहीं करूंगा। आपको जो करना है कर लें।' इससे पहले ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई ने शनिवार को कहा था कि तेहरान धमकाने वाले देशों के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। ईरान की तरफ से यह बयान ऐसे वक्त सामने आए हैं, जब हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ परमाणु समझौते पर बातचीत करने की अपील की है। 

'जेल में ही मर सकते हैं जिमी लाई', बेटे का दावा

हॉन्ग-कॉन्ग के प्रमुख अखबार रहे एपल डेली के संस्थापक जिमी लाई की जेल में ही मौत हो सकती है। जिमी लाई के बेटे सेबेस्टियन लाई ने यह आशंका व्यक्त की है। सेबेस्टियन ने कहा कि उनके पिता 77 वर्षीय जिमी लाई को जेल में अमानवीय हालात में रखा गया है। वे डायबिटीज से पीड़ित हैं और जेल में उनकी सेहत लगातार गिर रही है। सेबेस्टियन ने कहा कि स्थिति ये है कि उनकी जेल में कभी भी मौत हो सकती है। जिमी लाई बीते पांच साल से जेल में बंद हैं। जिमी लाई की गिरफ्तारी पर पूरी दुनिया में चीन की आलोचना हुई थी और इसे हॉन्ग-कॉन्ग में मीडिया की आजादी के लगातार कम होने के तौर पर देखा गया था। 
 

यार्न एक्सपो स्प्रिंग 2025 में भारतीय पवेलियन का जलवा

शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने ट्वीट कर बताया कि, 'यार्न एक्सपो स्प्रिंग 2025 में भारतीय पवेलियन आगंतुकों के बीच रुचि पैदा कर रहा है, जिसमें भारतीय प्रदर्शक संदूषण मुक्त कस्तूरी कपास जैसी पहलों का प्रदर्शन कर रहे हैं। महावाणिज्य दूतावास ने भारतीय प्रदर्शकों के साथ बातचीत की और उन्हें क्षेत्र में भारत के कपड़ा निर्यात को बढ़ावा देने में वाणिज्य दूतावास के समर्थन का आश्वासन दिया।
 

अपनी बेटियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न के लिए कई लोग गिरफ्तार- जापानी मीडिया
जापानी मीडिया ने बताया कि पुलिस ने अपनी नाबालिग बेटियों के साथ यौन उत्पीड़न करने और उनके दुर्व्यवहार के वीडियो ऑनलाइन साझा करने के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अब तक इन रिपोर्टों की पुष्टि करने से इनकार कर दिया है। क्योडो न्यूज एजेंसी, एनएचके टेलीविजन और अन्य संस्थानों का कहना है कि मध्य जापान के एक क्षेत्र, ऐची प्रान्त में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है, जिनकी उम्र 30, 40 और 50 के बीच है। उन पर 6-14 साल की अपनी बेटियों या सौतेली बेटियों के साथ बार-बार दुष्कर्म करने, इसे फिल्माने और वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने का आरोप है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उन पर बाल वेश्यावृत्ति और बाल पोर्नोग्राफी का भी आरोप है।

उन्होंने कथित तौर पर एक ग्रुप चैट में अपने ऐसे संदेशों और फुटेज का आदान-प्रदान किया। नवंबर में एक व्यक्ति को एक बच्चे के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद इस समूह का पर्दाफाश हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने उसके मोबाइल फोन के डेटा की जांच की, जिसके बाद अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सोमाली सुरक्षा बलों ने आतंकियों के कब्जे छुड़ाया होटल
सोमाली सुरक्षा बलों ने बुधवार को बेलेडविन के केंद्रीय शहर में एक होटल पर 24 घंटे की घेराबंदी खत्म कर दी। अधिकारियों ने बताया कि, इसमें अज्ञात संख्या में लोग मारे गए, जिनमें हमला करने वाले सभी अल-शबाब आतंकवादी शामिल हैं।

यह हमला मंगलवार को काहिरा होटल में एक कार बम विस्फोट के साथ शुरू हुआ, जिसमें पारंपरिक बुजुर्ग और सैन्य अधिकारी रहते हैं जो अल-शबाब के खिलाफ सरकार के हमले का समन्वय करने में शामिल थे। बेलेडविन के मेयर उमर अलासो ने बुधवार को कहा कि सुरक्षा बलों ने घेराबंदी को सफलतापूर्वक खत्म कर दिया और छह अल-शबाब आतंकवादी मारे गए। यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि हमले में कितने नागरिक मारे गए। अल-कायदा से संबद्ध अल-शबाब ने हमले की जिम्मेदारी ली। राजधानी मोगादिशु से लगभग 335 किलोमीटर उत्तर में बेलेडवेने, हिरन क्षेत्र की राजधानी है और अल-शबाब के खिलाफ चल रहे अभियान में एक रणनीतिक स्थान है।
 
विज्ञापन

पुराने दस्तावेज को नष्ट करेगा यूएसएड, कई संवेदनशील
यूएसएड विभाग ने अपने पुराने मुख्यालय में स्थित दस्तावेज को नष्ट करने का फैसला किया है। इनमें कई संवेदनशील दस्तावेज हैं। व्हाइट हाउस ने इसे फेक न्यूज करार दिया है। अमेरिकी दैनिक पोलिटिको की रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय विकास के लिए अमेरिकी एजेंसी यूएसएड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बचे हुए कर्मचारियों को स्थानीय समायनुसार मंगलवार को पुराने मुख्यालय भवन में इकट्ठा होने का निर्देश दिया है।

पोलिटिको ने यूएसएआईडी की कार्यकारी निदेशक एरिका कार की तरफ से भेजी गई ईमेल का हवाला देते हुए बताया कि जिन सामग्रियों को नष्ट करने के लिए चिन्हित किया गया है, उनमें रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में एजेंसी की गोपनीय तिजोरियां और कार्मिक दस्तावेज शामिल हैं। हालांकि, ईमेल में इन दस्तावेज को नष्ट करने का कारण नहीं बताया गया है। व्यापक पैमाने पर छंटनी के बाद यूएसएड के पुराने मुख्यालय भवन को खाली कराया जा रहा है। व्हाइट हाउस की उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने इस रिपोर्ट के फेक न्यूज करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, दस्तावेज पुराने हैं, जिनमें से अधिकांश अन्य एजेंसियों की सामग्री हैं। मूल दस्तावेज अभी भी विशेष कंप्यूटर प्रणालियों में मौजूद हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें