व्हाइट हाउस के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान अत्याधुनिक मिसाइल प्रणाली विकसित कर रहा है। इसके जरिये वह अमेरिका और दक्षिण एशिया के पार भी हमला करने में सक्षम हो जाएगा। यह बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम अमेरिका के लिए खतरा है। अमेरिका ने पाकिस्तान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम में मदद के आरोप में सरकारी एयरोस्पेस व रक्षा एजेंसी नेशनल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स समेत चार पाकिस्तानी कंपनियों पर बुधवार को ही प्रतिबंध लगाया है।
पाकिस्तान को रोकने के लिए उठाए कई कदम
अमेरिका के प्रधान उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइनर ने बृहस्पतिवार को कहा, राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने पाकिस्तान को लंबी दूरी की मिसाइल प्रणालियां विकसित करने से रोकने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। पिछले साल हमने पाकिस्तान के मिसाइल कार्यक्रम में मदद करने वाली गैरपाकिस्तानी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए थे और कल हमने पाकिस्तान की सरकारी कंपनी एनडीसी समेत 4 संस्थाओं पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।
अमेरिकी थिंक-टैंक कार्नेगी एंडॉमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस के कार्यक्रम में फाइनर ने कहा, हम पाकिस्तान पर लंबी दूरी के मिसाइल कार्यक्रम को लेकर दबाव जारी रखेंगे। हम अपनी चिंताओं को दूर करने के लिए कूटनीतिक समाधान की तलाश भी जारी रखेंगे।
पाकिस्तान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को समर्थन न देना पुरानी नीति
इस बीच अमेरिकी विदेश विभाग के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, अमेरिकी कार्रवाई पाकिस्तान के लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के संबंध में हमारी चिंताओं पर आधारित है। पटेल ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, अमेरिका वैश्विक परमाणु अप्रसार व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हम पाकिस्तान के लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के बारे में अपनी चिंताओं के बारे में स्पष्ट हैं। पाकिस्तान के लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को समर्थन देने से इन्कार करना अमेरिका की पुरानी नीति रही है। विदेश विभाग हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा हित में प्रतिबंधों व अन्य उपायों का इस्तेमाल करना जारी रखेगा।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में 11 लड़ाके मारे गए
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तीन अलग-अलग अभियानों में 11 लड़ाकों को मार गिराया है। पाकिस्तान सशस्त्र बलों की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, ये अभियान 17 और 18 दिसंबर को प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए। इलाके में लड़ाकों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद टैंक जिले में पहला अभियान चलाया गया।
किर्गिस्तान में बीरेंद्र सिंह होंगे भारत के अगले राजदूत
बीरेंद्र सिंह यादव को किर्गिस्तान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। बीरेंद्र सिंह 1997 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। हाल के वर्षों में भारत और किर्गिस्तान के बीच बातचीत बढ़ी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 1991 में किर्गिस्तान की स्वतंत्रता के बाद, भारत उनके साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाला पहला देश था। किर्गिस्तान ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की पूर्ण सदस्यता हासिल करने में भारत का समर्थन किया था। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के लिए भी उसने भारत का समर्थन किया है।
जाम्बिया में आलोक रंजन झा भारत के उच्चायुक्त नियुक्त
बेलारूस में भारत के राजदूत आलोक रंजन झा को जाम्बिया में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि झा के जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। झा ने विदेशों में भारतीय राजनयिक मिशनों और नई दिल्ली में मुख्यालय में विभिन्न क्षमताओं में काम किया है। आलोक रंजन झा ने नई दिल्ली में एमईए के संयुक्त सचिव के तौर पर काम किया। साथ ही वह एस्टेट मैनेजमेंट से निपटने वाले दो प्रभागों का नेतृत्व भी कर चुके हैं।
दो सड़क हादसों में 50 की मौत, 76 लोग घायल
अफगानिस्तान में दो सड़क हादसों में 50 लोगों की मौत हो गई जबकि 76 लोग घायल हो गए। गजनी प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता हाफिज उमर ने बताया, बुधवार देर रात काबुल-कंधार राजमार्ग पर एक यात्री बस और तेल टैंकर के बीच टक्कर हो गई जबकि दूसरी दुर्घटना उसी राजमार्ग पर दूसरे इलाके में हुई। मरने वालों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हैं।
विक्रम मिस्री, विदेश सचिव
- फोटो : ANI
विदेश सचिव का तीन दिवसीय मॉरीशस दौरा
विदेश सचिव विक्रम मिस्री शुक्रवार को मॉरीशस की तीन दिवसीय (20 से 22 दिसंबर) आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। यह द्वीपीय देश में नई सरकार के गठन के बाद भारत की ओर से किसी वरिष्ठ अधिकारी की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
चीन के विदेश मंत्री वांग यी। (फाइल)
- फोटो : ANI
चीन ने रिश्ते बेहतर करने के लिए व्यापक सहमति पर दिया जोर
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल की चीन यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच रिश्तों पर जमी बर्फ पिघलनी शुरू हो गई है। चीन ने संबंधों को बेहतर बनाने के लिए व्यापक सहमति पर जोर दिया है। चीन की ओर से यह बयान भारतीय एनएसए डोभाल की चीन दौरे के ठीक बाद आया है। बीजिंग दौरे पर अजीत डोभाल ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों देशों के रिश्तों को सामान्य करने पर जोर दिया गया था। डोभाल के चीन दौरे पर दोनों देश कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू करने समेत सीमा के रास्ते व्यापार शुरू करने पर सहमत हुए थे। डोभाल गुरुवार को ही बीजिंग से भारत रवाना हुए। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा गुरुवार को बताया कि वार्ता के बाद दोनों देशों द्वारा जारी किए गए बयानों में ‘बहुत हद तक समान सार और तत्व’ थे, जो व्यापक सहमति को उजागर करते हैं।
श्रीलंकाई नौसेना ने समुद्र क्षेत्र में फंसे 25 बच्चों सहित 102 रोहिंग्याओं को बचाया
श्रीलंकाई नौसेना ने उत्तर-पूर्वी तट के निकट समुद्र क्षेत्र में फंसे म्यांमार के 25 बच्चों सहित 100 से अधिक रोहिंग्याओं को बचाया है। स्थानीय मछुआरों ने इन लोगों को बृहस्पतिवार को मुल्लईतिवु जिले के वेल्ला मुल्लीवैक्कल क्षेत्र में देखा था।
नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि अनुमान है कि ये सभी ऑस्ट्रेलिया या इंडोनेशिया जा रहे होंगे। फिलहाल हमें अभी नहीं पता कि वे समुद्र में संकट में कैसे फंसे और कहां जा रहे थे। प्रवक्ता ने कहा कि सभी मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक नाव पर सवार थे। नाव में कुल 102 लोग सवार थे। इनमें 25 बच्चे और 40 महिलाएं थीं। इसमें से एक महिला गर्भवती भी थी। नौसेना ने कहा कि आगे कार्रवाई के लिए उन्हें त्रिंकोमाली लाया गया है। बता दें कि नौसेना ने इसी तरह दिसंबर 2022 में श्रीलंकाई जलक्षेत्र में फंसे 100 से अधिक रोहिंग्याओं को बचाया था।
मेक्सिको की जेल में दंगा, सात कैदियों की मौत
दक्षिणी मेक्सिको की एक जेल में दंगा हो गया, जिसमें कम से कम सात कैदी मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि विल्लाहेरमोसा जेल के कैदी दूसरी जेल में स्थानांतरित किए जाने का विरोध कर रहे थे। उन्होंने पुलिस पर बंदूक व चाकू से हमले कर दिए। दंगे में चार पुलिसकर्मी व छह कैदी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने यह साफ नहीं किया है कि कैदियों की मौत कैसे हुई।
अमेरिकाः टेस्ला ने सात लाख वाहनों को वापस मंगवाया
टेस्ला ने शुक्रवार को बताया कि उसने अमेरिका में टायर प्रेशर निगरानी प्रणाली में खराबी के कारण 6,94,304 वाहनों को वापस मंगवाया है। नोटिस के अनुसार, प्रणाली के सही काम नहीं करने के कारण हादसे का खतरा था।
नाइजीरियाः भगदड़ में 35 बच्चों की मौत
नाइजीरिया के ओयो में आयोजित एक कार्यक्रम में भगदड़ के दौरान 35 बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ओयो पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि इब्दान के इस्लामिक स्कूल में हुए हादसे में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वूमन इन नीट की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को आमंत्रित किया गया था। उन्हें पुरस्कार के तौर पर छात्रवृत्ति दिए जाने की घोषणा की गई थी।
इमरान खान ने दी सविनय अवज्ञा आंदोलन की धमकी
जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक और दौर के विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस बार सविनय अवज्ञा आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पाकिस्तानी प्रवासियों से कहा है कि अगर रविवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे धन प्रेषण का बहिष्कार करें।
गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में खान ने अपनी दो प्रमुख मांगें रखीं। पहली यह कि विचाराधीन राजनीतिक कैदियों की रिहाई और 9 मई, 2023 और 26 नवंबर की घटनाओं की पारदर्शी जांच के लिए न्यायिक आयोगों की स्थापना। उन्होंने कहा कि अगर रविवार तक ये मांगें पूरी नहीं की गईं, तो सविनय अवज्ञा आंदोलन का पहला चरण शुरू किया जाएगा। बता दें कि इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने अपने सर्वोच्च नेता की रिहाई की मांग को लेकर 2023 और 2024 में कई विरोध प्रदर्शन शुरू किए हैं, जिनमें से नवीनतम नवंबर 2024 में है।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन तीन दिवसीय इटली दौरा करेंगे। 9 जनवरी से 12 जनवरी तक रोम की यात्रा के दौरान पोप फ्रांसिस, इतालवी राष्ट्रपति सर्जियो मटेरेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करेंगे। व्हाइट हाउस के मुताबिक 20 जनवरी को ट्रंप को सत्ता सौंपने से पहले यह संभवतः बाइडन की अंतिम विदेश यात्रा होगी। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जीन-पियरे ने बताया कि पोप से मुलाकात के दौरान दुनिया भर में शांति को आगे बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा होगी।
क्रोएशिया: स्कूल में चाकू से हमले में शिक्षक और कई छात्र घायल
क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब के एक स्कूल में एख छात्र ने चाकू से हमला कर अपने शिक्षक और कई अन्य छात्रों को घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक सुबह 9.50 बजय यह हमला हुआ। पुलिस ने उन खबरों की पु्ष्टि नहीं की है, जिनमें बताया जा रहा है कि एक छात्र की मौत हो गई है। क्रोएशियाई मीडिया की ओर से जारी वीडियो फुटेज में छात्रों को स्कूल भवन से भागते हुए दिखाया गया है। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल था। पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। मामले की जांच जारी है।
चिडो चक्रवात के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 73 तक पहुंची
पूर्वी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक में चिडो चक्रवात के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 73 हो गई। अल जजीरा की रिपोर्ट के मताबिक नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिस्क एंड डिजास्टर मैनेजमेंट ने बताया कि कम से कम 66 मौतें उत्तरी काबो डेलगाडो प्रांत में हुईं। नामपुला प्रांत में चार और नियासा में तीन लोग मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात से 540 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। बता दें कि चिडो चक्रवात के असर के कारण वह 24 घंटे में लगभग 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। लगभग 250 मिमी बारिश दर्ज की गई। 39,100 से अधिक घर नष्ट हो गए। 13,400 से अधिक घर आंशिक रूप से नष्ट हुए। मोजाम्बिक के आपदा केंद्र के मुताबिक तूफान से 3,29,500 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
अमेरिका सूडान को देगा आर्थिक सहायता
अमेरिका सूडान की मदद करेगा। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि अमेरिका सूडान को 200 मिलियन डॉलर की मदद करेगा। उन्होंने कहा कि सूडान मानवीय संकट से जूझ रहा है। उसके खिलाफ अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स ने गोलीबारी तेज कर दी है।
अमेरिका के राजनयिक जाएंगे सीरिया
सीरिया में राष्ट्रपति असद के हटने के बाद अमेरिका के राजनयिक सीरिया जाएंगे। उनके साथ ऑस्टिन संधि के बारे में जानकारी मांगने वाले बंधक वार्ताकार भी शामिल हैं।
पुतिन यूक्रेन के साथ समझौते के लिए तैयार; सीरिया में हार मानने से इनकार
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, वह यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संभावित वार्ता के लिए तैयार हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने कहा कि वे यूक्रेन के मुद्दे पर समझौता करने के लिए तैयार हैं और यूक्रेनी अधिकारियों के साथ वार्ता शुरू करने के लिए उनकी तरफ से कोई शर्त नहीं है। इसके अलावा पुतिन ने सीरिया को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस महीने की शुरुआत में विद्रोही समूहों ने उनके सहयोगी और लंबे समय तक सीरिया के शासक रहे बशर अल-असद को सत्ता से बेदखल कर दिया। इस घटना के बावजूद रूस सीरिया में पराजित नहीं हुआ है । पुतिन ने कहा, 'अभी तक पूर्व सीरियाई शासक असद से मुलाकात नहीं की है, लेकिन वह "निश्चित रूप से उनसे बात करेंगे" और मॉस्को में उनसे मिलने की योजना बना रहे हैं।' बता दें कि असद को रूस ने राजनीतिक शरण दी है।