फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: पहली बार व्हाइट हाउस आएंगे सीरियाई राष्ट्रपति अल-शरा; इटली में पांच जर्मन पर्वतारोहियों की मौत

Sun, 02 Nov 2025 02:34 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 10 नवंबर को सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की मेजबानी करेंगे। यह किसी भी सीरियाई राष्ट्रपति की व्हाइट हाउस की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मुलाकात की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन दोनों नेताओं के बीच बैठक की तैयारियां चल रही हैं।
विज्ञापन


ट्रंप और अल-शरा की पहली मुलाकात मई में सऊदी अरब में हुई थी, जो 25 वर्षों में दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच पहली सीधी भेंट थी। माना जा रहा है कि यह बैठक सीरिया के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकती है, जो दशकों की अंतरराष्ट्रीय अलगाव की स्थिति से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है।

केन्या में भूस्खलन से 21 लोगों की मौत, 1,000 मकान तबाह
केन्या के पश्चिमी रिफ्ट घाटी क्षेत्र में भूस्खलन से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य लोग लापता हो गए। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश के कारण पश्चिमी केन्या की एल्गेयो मारक्वेट काउंटी में चेसोनगोच के पहाड़ी इलाके में शनिवार को हुए भूस्खलन से 1,000 से अधिक मकान तबाह हो गए। सरकार ने गंभीर रूप से घायल 30 लोगों को हवाई मार्ग से एल्डोरेट शहर के एक अस्पताल में पहुंचाया है।
विज्ञापन


गृह मंत्री किपचुम्बा मुर्कोमेन ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों के रहने के लिए वैकल्पिक क्षेत्र की पहचान करने का प्रयास कर रही है। स्थानीय निवासी स्टीफन किटनी ने सिटीजन टेलीविजन स्टेशन को बताया कि उन्होंने एक तेज आवाज सुनी और वे अपने बच्चों के साथ घर से बाहर भागे। भारी बारिश के बावजूद शनिवार को भी बचाव कार्य जारी रहा और आपदा एजेंसियों ने मलबे में लापता लोगों की तलाश जारी रखी। चेसोनगोच के पहाड़ी इलाके में अकसर भूस्खलन होता रहता है। यहां 2010 और 2012 में अलग-अलग घटनाओं में दर्जनों लोग मारे गए थे। वर्ष 2020 में भीषण बाढ़ में एक शॉपिंग सेंटर बह गया था।

इटली में पांच जर्मन पर्वतारोहियों की मौत
इटली के उत्तरी हिस्से में साउथ टायरोल में एक हिमस्खलन में पांच जर्मन पर्वतारोहियों की मौत हो गई। बचावकर्मियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

तीनों के शव (दो पुरुष और एक महिला) शनिवार को ही बरामद कर लिए गए थे, जबकि दो अन्य लापता लोग (एक पुरुष और उसकी 17 वर्षीय बेटी) रविवार सुबह मिल गए। अल्पाइन रेस्क्यू के प्रवक्ता फेडरिको काटानिया ने कहा, वे उस खाई के निचले हिस्से में फंस गए थे जहां हिमस्खलन हुआ था। बचाव टीम अब घाटी लौट रही है, साथ ही ऊंचाई पर बिगड़ते मौसम की स्थिति को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

सभी जर्मन पर्वतारोही शनिवार को लगभग चार बजे हिमस्खलन की चपेट में आए थे। वे ऑर्टल्स पर्वत श्रृंखला के पास सिमा वर्टाना की चढ़ाई कर रहे थे, जिसकी ऊंचाई 3,500 मीटर (11,500 फीट) से अधिक है। बचावकर्मियों ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि पर्वतारोही इतनी देर क्यों चढ़ाई कर रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पर्वतारोही तीन अलग-अलग समूहों में थे और एक-दूसरे से स्वतंत्र रूप से यात्रा कर रहे थे। दो पुरुष इस हादसे में बच गए और उन्हें हेलिकॉप्टर से पास के बोल्जानो शहर के अस्पताल में ले जाया गया।

नेपाल: सुप्रीम कोर्ट ने 11 राजदूतों को वापस बुलाने के सरकार के फैसले पर रोक लगाई
नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को 11 देशों से राजदूतों को वापस बुलाने के सरकारी फैसले को रोकने का आदेश जारी किया। इनमें चीन और अमेरिका भी शामिल हैं। छह अक्तूबर को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में चीन, जर्मनी, इस्राइल, मलयेशिया, कतर, रूस, सऊदी अरब, स्पेन, ब्रिटेन, अमेरिका और जापान से राजदूतों को छह नवंबर तक वापस बुलाने का फैसला किया गया था।

न्यायमूर्ति शरंगा सुबेदी और श्री कांत पौडेल की संयुक्त पीठ ने राजदूतों को वापस बुलाने के सरकारी फैसले पर अंतरिम रोक लगाने का आदेश जारी किया।

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस काफिले पर हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल  
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को एक पुलिस काफिले पर आईईडी के हमले में एक एसएचओ और दो अन्य घायल हो गए। जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) खान जेब ने बताया कि काफिले पर हमला हंगू जिले में तब हुआ, जब पुलिस एक शांति समिति की बैठक से लौट रही थी।

एसएचओ इमरानुद्दीन और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें तुरंत तहसील मुख्यालय अस्पताल दोआबा ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डीपीओ जेब खान ने कहा कि बैठक करबोगा शरीफ गांव में आयोजित की गई थी और इसमें पुलिस अधीक्षक (जांच) अब्दुल समद खान और उप पुलिस अधीक्षक मुजाहिद हुसैन सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया था।

डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों और पुलिस के बीच गोलीबारी का आदान-प्रदान भी हुआ। घटना के बाद, मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि प्रांतीय मुख्य कार्यकारी सोहेल अफरीदी ने इस घटना का संज्ञान लिया है और खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

नेपाल में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में 3.3 फीसदी की बढ़ोतरी, भारतीय शीर्ष पर
नेपाल में अक्तूबर महीने में इस साल हवाई मार्ग से 1.28 लाख से अधिक अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पहुंचे हैं। पर्यटन बोर्ड के जरिये रविवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 3.3 प्रतिशत ज्यादा है। अक्तूबर में भारत 17,298 पर्यटकों के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद अमेरिका (13,286), यूके (8,718), चीन (6,755) और जर्मनी (6,366) का स्थान रहा। अक्तूबर में भारतीय पर्यटकों की संख्या में 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जनवरी से अक्तूबर इस साल के बीच कुल 9,43,716 पर्यटक हवाई मार्ग से नेपाल पहुंचे। दस महीनों में 2,43,350 भारतीय पर्यटकों के साथ भारत शीर्ष पर बना हुआ है।

इराक के विदेश मंत्री ने कुर्द अलगाववादी लड़ाकों से निरस्त्रीकरण की अपील की
इराक के विदेश मंत्री फुआद हुसैन ने रविवार को कुर्द अलगाववादी लड़ाकों से निरस्त्रीकरण की अपील की, जो तुर्किये में दशकों लंबे विद्रोह के बाद देश के उत्तर में पीछे हट गए हैं। कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी या पीकेके ने जुलाई में उत्तरी इराक में एक प्रतीकात्मक समारोह में हथियार डालना शुरू कर दिया था, जब उसने अंकारा के साथ शांति प्रयास के तहत अपने लड़ाकों को तुर्किये से इराक में वापस बुलाया था। लेकिन हुसैन के अनुसार, उत्तरी इराक में सशस्त्र 'पीकेके तत्व' अभी भी मौजूद हैं, खासकर सिंजार और माखमूर में।

रविवार को बगदाद में अपने तुर्किये के समकक्ष हाकन फिदान के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुसैन ने कहा, हम तुर्किये और पीकेके के बीच समझौते का समर्थन करते हैं और इस समझौते के कार्यान्वयन तथा पीकेके मुद्दे के समाधान की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरी इराक में  'पीकेके तत्वों' के मुद्दे पर फिदान के साथ चर्चा की गई। तुर्किये उम्मीद करता है कि पीकेके इराक में अपनी सशस्त्र गतिविधियां समाप्त कर देगा और वहां से तथा ईरान और सीरिया के कुछ हिस्सों से भी पीछे हट जाएगा।

ट्रंप ने नाइजीरिया को दी सैन्य कार्रवाई की धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया को चेतावनी दी है कि अगर देश में ईसाइयों पर हो रहे अत्याचारों को रोकने में सरकार नाकाम रही, तो अमेरिका न केवल नाइजीरिया को दी जाने वाली सारी सहायता बंद करेगा, बल्कि सैन्य कार्रवाई भी कर सकता है।

शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा, 'अगर नाइजीरियाई सरकार ईसाइयों की हत्याओं को जारी रहने देती है, तो अमेरिका तुरंत सभी सहायता रोक देगा और जरूरत पड़ी तो ‘अब बदनाम हो चुके’ उस देश में हथियारों के साथ उतरकर इस्लामी आतंकियों को पूरी तरह खत्म कर देगा जो इन भयानक अत्याचारों को अंजाम दे रहे हैं।' उन्होंने आगे लिखा, 'मैं रक्षा विभाग को आदेश दे रहा हूँ कि वे संभावित कार्रवाई की तैयारी करें।'

नेपाल के स्टार्टअप उद्यमियों को भारत  से मिलेगा सहयोग
नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने भारत के जीवंत उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्रों को जोड़ने के लिए नए सीमा-पार स्टार्टअप प्लेटफॉर्म (इन-स्पान) के लिए अर्जियां मंगाई हैं। परिवर्तनकारी विचारों वाले नेपाली उद्यमियों से आईआईटी मद्रास में आठ-सप्ताह के पूर्ण वित्त पोषित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ये आवेदन मांगे गए हैं। यह पहल सफल आवेदकों को सीमापार कार्यक्रमों में भाग लेने का मौका देगी। आवेदन 1-15 नवंबर तक होंगे। इस पहल में भारत-नेपाल के स्टार्टअप्स को आपस में जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इन-स्पाम कार्यक्रम आईआईटी मद्रास प्रवर्तक के सहयोग से संचालित किया जाता  है। भारतीय दूतावास ने बताया, आईआईटी मद्रास में भाग लेने वाले उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रायोगिक सीखने का अनुभव, और इंटर्नशिप के मौके देगा। 
विज्ञापन

पाकिस्तान: पेशावर के आतंकवाद निरोधक विभाग की इमारत में विस्फोट, एक अधिकारी की मौत
उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट पुलिस स्टेशन में हुए विस्फोट में एक अधिकारी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, धमाका पेशावर के भीड़भाड़ वाले यूनिवर्सिटी रोड पर स्थित CTD स्टेशन के आयुध भंडार में हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह विस्फोट पुराने विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ और फिलहाल इसे आतंकी घटना नहीं माना जा रहा है।

ओडेसा में रूस के ड्रोन हमले से दो लोगों की मौत
यूक्रेन के दक्षिण-पश्चिमी ओडेसा क्षेत्र में रविवार तड़के रूस के ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह हमला काला सागर तट पर स्थित एक कार पार्किंग इलाके में हुआ। ओडेसा के गवर्नर ओलेह किपर ने कहा कि ड्रोन हमले से इलाके में भारी नुकसान हुआ है। वहीं, रूस ने जापोरिज्जिया क्षेत्र में भी रातभर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया, जिससे लगभग 60 हजार लोग बिजली कटौती की मार झेल रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें