इस्राइल ने शनिवार को कहा कि हमास ओर से इस सप्ताह रेड क्रॉस को सौंपे गए तीन लोगों के अवशेष किसी भी बंधक के नहीं हैं। शुक्रवार रात इस्राइल को सौंपे गए तीन शवों के अवशेषों की पहचान हो गई है, जिसके बाद बताया गया है कि उनसे किसी के भी अवशेष इस्राइली बंधकों के नहीं हैं। इससे पहले इस सप्ताह की शुरुआत में हमास की ओर से दो बंधकों के शव सौंपे गए थे। अब इस घटनाक्रम के बाद इस्राइल-हमास के बीच चल रहा युद्धविराम समझौता तनावपूर्ण स्थिति में पहुंच गया है।
नाइजीरिया में ईसाई धर्म को 'अस्तित्व का खतरा'- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि नाइजीरिया में ईसाई धर्म को 'अस्तित्व का खतरा' है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि चिंताजनक और संवेदनशील हालात को देखते हुए वह इस पश्चिमी अफ्रीकी देश को 'विशेष चिंता' वाले देशों की सूची में शामिल कर रहे हैं। इन देशों की निगरानी अमेरिकी विदेश विभाग करता है।
डिक्शनरी डॉट कॉम ने 6-7 को वर्ड ऑफ द ईयर घोषित किया
ऑनलाइन शब्दकोश, डिक्टशनरी डॉट कॉम का इस वर्ष का वर्ड ऑफ द ईयर कोई शब्द नहीं है। इस बार उसने वायरल शब्द या वाक्यांश ‘6-7’ को इस श्रेणी में जगह दी, जो बच्चों-किशोरों में बहुत लोकप्रिय है। यह पीढ़ी इस वाक्यांश का अकसर इस्तेमाल करते हैं जबकि माता-पिता और शिक्षक इसे समझ नहीं पा रहे हैं। डिक्शनरी ने इसे तय करने के लिए सर्च इंजन, और शोशल मीडिया ट्रेंड्स का विश्लेषण किया।
नेपाल में 17 नई राजनीतिक पार्टियों ने पंजीकरण के लिए किया आवेदन
नेपाल में 5 मार्च 2026 को होने वाले आम चुनाव से पहले 17 नई राजनीतिक पार्टियों ने निर्वाचन आयोग (ईसी) में पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। आयोग के प्रवक्ता नारायण भट्टराई ने बताया, इनमें से 7 पार्टियों ने 12 सितंबर को चुनाव तिथि घोषित होने के बाद, जबकि 10 ने उससे पहले आवेदन किया। नए आवेदनों के साथ आयोग में पंजीकृत पार्टियों की कुल संख्या अब 124 हो गई है। आयोग नए दलों के दस्तावेजों की समीक्षा कर रहा है।
कुछ ग्रह खुद ही बना सकते हैं अपना पानी
कुछ ग्रह बाहरी पानी के लिए बाहरी स्रोतों पर निर्भर रहने के बजाय खुद ही पानी बना सकते हैं। अब तक यह माना जाता था कि ऐसे जल-समृद्ध ग्रह अपने तारों से दूर बनते हैं और बाद में पास आ जाते हैं, क्योंकि सूरज की भयंकर गर्मी से पानी टिक नहीं पाता। हमारे सौरमंडल में भी एक स्नो लाइन होती है। इसके भीतर बने ग्रहों (जैसे शुक्र) पर पानी नहीं होता, जबकि इसके बाहर बने ग्रह (शनि, नेपच्यून) पर पानी और गैस की भरमार होती है। नए अध्ययन के अनुसार, अगर सही परिस्थितियां हों तो हाइड्रोजन और खनिजों की रासायनिक प्रक्रिया से ग्रहों के अंदर ही स्थानीय रूप से पानी बन सकता है। प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में इसे तार्किक ढंग से समझाया गया है।
दो स्वास्थ्यकर्मियों ने आसमान में सीपीआर देकर बचाई जान
नर्स की नई नौकरी जॉइन करने अबुधाबी जा रहे केरल के दो व्यक्तियों ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में यात्री की जान बचाकर सबका दिल जीत लिया। अबुधाबी जा रहे एयर अरेबिया के विमान के उड़ान भरने के 20 मिनट बाद एक यात्री को दिल का दौरा पड़ा। उड़ान में मौजूद वायनाड के अभिजीत जीस (26) और चेंगन्नूर के अजीश नेल्सन (29) ने तुरंत सीपीआर देकर यात्री की नब्ज व सांस वापस लाने में मदद की। अभिजीत ने बताया, जब मैंने उन्हें चलते हुए देखा, तो बहुत राहत मिली। विमान में मौजूद डॉ. आरिफ अब्दुल कादिर ने भी मदद की।
पैनल में खराबी आने से फोर्ड ने वापस मंगाए 79,800 वाहन
फोर्ड मोटर कंपनी ने अमेरिका में लगभग 79,800 वाहनों को दरवाजे के पैनल और पिछली लाइटबार की खराबी के कारण वापस मंगाने की घोषणा की है। नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (एनएचटीएसए) के अनुसार, इसमें 14,843 एफ-150 लाइटनिंग इलेक्ट्रिक पिकअप ट्रक शामिल हैं। इसके अलावा फोर्ड ने 34,481 री-मैन्युफैक्चर्ड 10आर80 ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन यूनिट्स भी वापस मंगाई हैं, जो कुछ फोर्ड और लिंकन वाहनों में मरम्मत के पुर्जों के रूप में उपयोग की गई थीं।
किम का दावा-1969 में कोई चांद पर नहीं उतरा, नासा ने किया खारिज
हॉलीवुड अभिनेत्री किम कार्दशियन ने दावा किया कि 1969 में कोई चंद्रमा पर उतरा ही नहीं। हालांकि, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अभिनेत्री को इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि हम छह बार चांद पर जा चुके हैं। रियलिटी शो द कार्दशियन्स के हालिया एपिसोड में किम ने कहा कि मुझे लगता है कि अपोलो मिशन नकली था। इस पर नासा के कार्यवाहक प्रशासक सीन डफी ने सोशल मीडिया पर किम को टैग करते हुए लिखा, हम पहले भी छह बार चांद पर जा चुके हैं और अब आर्टेमिस मिशन के तहत दोबारा जा रहे हैं।
इस्राइल के हाइफा में भारतीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत
इस्राइल के हाइफा में इस साल के दूसरे भारतीय फिल्म महोत्सव की जोरदार शुरुआत हो चुकी है। इस उद्घाटन समारोह में 200 से अधिक लोग शामिल हुए। दो सप्ताह तक चलने वाले इस उत्सव में पद्मावत, गंगूबाई काठियावाड़ी, जवान, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, अंधाधुन और 12वीं फेल जैसी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। पहला फिल्म महोत्सव फरवरी में हुआ था, जिसकी सफलता के बाद यह दूसरा संस्करण आयोजित किया गया है।
पाकिस्तान: पंजाब पुलिस ने अक्तूबर में 18 आतंकियों को दबोचा
पंजाब (पाकिस्तान) पुलिस के आतंकवाद-रोधी विभाग (सीटीडी) ने पिछले एक महीने में खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई में 18 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ज्यादातर आतंकवादी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े हैं। सीटीडी ने बताया कि गिरफ्तार आतंकवादी पंजाब के अलग-अलग जिलों में आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 3 किलो से ज्यादा विस्फोटक, 14 डेटोनेटर, 33 फीट फ्यूज वायर, 3 बम, मोबाइल फोन, नकदी और प्रतिबंधित संगठनों के पर्चे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आतंकियों के खिलाफ आतंकवाद निरोधक कानूनों के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन की विवादित जीत
तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने विवादित चुनाव में 97 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। विपक्षी दलों ने चुनाव को फर्जी बताते हुए सड़कों पर प्रदर्शन किए, जिनमें कई लोगों की मौत हुई। संयुक्त राष्ट्र और कई देशों ने चुनावी हिंसा पर चिंता जताई है। इस जीत के बाद हसन ने कहा कि अब देश को एकजुट करने का समय है। आलोचकों का कहना है कि इस चुनाव में विपक्ष को दबाया गया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाई गई। हसन की यह जीत सत्तारूढ़ पार्टी सीसीएम की सत्ता पर दशकों से चली आ रही पकड़ को और मजबूत करती है।
ड्रोन देखे जाने के बाद बर्लिन एयरपोर्ट पर संचालन अस्थायी रूप से स्थगित
जर्मनी की राजधानी बर्लिन हवाई अड्डे पर देर शाम ड्रोन देखे जाने के कारण लगभग दो घंटे तक उड़ानें स्थगित रहीं, जिसके बाद शनिवार सुबह जर्मन राजधानी में हवाई यात्रा सामान्य हो गई। एक स्थानीय समाचार की तरफ से हवाई अड्डे के हवाले से बताया गया है कि बर्लिन के ब्रैंडेनबर्ग हवाई अड्डे पर स्थानीय समयानुसार रात 8:08 बजे से 9:58 बजे के बीच उड़ानें स्थगित रहीं।
स्थानीय पुलिस ने टैग्सस्पीगल अखबार को बताया कि एक प्रत्यक्षदर्शी ने ड्रोन देखे जाने की सूचना दी है। पुलिस ने ड्रोन देखे जाने की पुष्टि की, लेकिन ड्रोन नहीं मिला। हवाई अड्डे और पुलिस के प्रतिनिधियों ने टिप्पणी के अनुरोधों का तुरंत जवाब नहीं दिया। सितंबर में नाटो के हवाई क्षेत्र में ड्रोन घुसपैठ के अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचने के बाद यूरोप हाई अलर्ट पर है। कुछ यूरोपीय अधिकारियों ने इन घटनाओं को मास्को की तरफ से नाटो की प्रतिक्रिया का परीक्षण बताया, जिससे यह सवाल उठा कि रूस के खिलाफ गठबंधन कितना तैयार है। पिछले महीने, म्यूनिख हवाई अड्डे को ड्रोन देखे जाने के कारण 24 घंटे से भी कम समय में दो बार बंद किया गया था।
विदेशी कंपनियों को बंदरगाह लीज पर देने के फैसले के खिलाफ बांग्लादेश में बंदरगाह कर्मियों की हड़ताल
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने देश के प्रमुख व्यावसायिक बंदरगाह चटगांव को विदेशी कंपनियों को लीज पर देने का फैसला किया है, जिसके खिलाफ सैकड़ों बंदरगाह कर्मियों ने शनिवार को सामूहिक भूख हड़ताल की। श्रमिक कर्मचारी ओकिया परिषद (एसकोओपी) के नेता अनवर हुसैन ने प्रदर्शन के दौरान कहा, यह फैसला राष्ट्रीय हित के खिलाफ है। किसी भी परिस्थिति में इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। चटगांव बंदरगाह में यह विरोध प्रदर्शन उस समय हुआ जब प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने पिछले महीने नई मूरिंग कंटेनर टर्मिनल (एनसीटी) को संयुक्त अरब अमीरात की कंपनी डीपी वर्ल्ड को लीज पर देने की योजना की घोषणा की थी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एनसीटी टर्मिनल देश के संसाधनों और आधुनिक तकनीक से बनाया गया है और यह बांग्लादेश का सबसे सफल कंटेनर टर्मिनल साबित हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसे विदेशी ऑपरेटरों को सौंपना देश की आर्थिक संप्रभुता पर चोट करेगा।
अमेरिका अब किसी दूसरे देश की नहीं गिराता सरकार- तुलसी
अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने कहा कि अमेरिका अब ना तो किसी दूसरे देश की सरकार गिराता है और ना ही वहां अपना शासन थोपता है। यह बदनाम दौर अब पूरी तरह से खत्म हो चुका है। बहरीन में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज की ओर से आयोजित मनामा डायलॉग में गबार्ड ने कहा कि वाशिंगटन की दशकों की दखल देने वाली विदेश नीतियों से बहुत सारा पैसा बर्बाद हुआ, कई लोग मारे गए और दुश्मन भी बढ़ गए। इतना ही नहीं, आईएसआईएस जैसे इस्लामी आतंकवादी ग्रुप को बढ़ावा मिला, इसलिए अब यह सब पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
भारत ने फिजी को भेजी एआरवी दवाओं की खेप
भारत ने फिजी के सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के समर्थन में द्वीपीय देश को एंटी-रेट्रो वायरल (एआरवी) दवाओं की खेप भेजी है। यह कदम ग्लोबल साउथ देशों के साथ भारत की स्वास्थ्य साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए सोशल मीडिया में लिखा, भारत फिजी की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया और मानवीय जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की भूमिका को एक विश्वसनीय विकास और मानवीय भागीदार के रूप में रेखांकित करती है।
मिस्र में दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय का उद्घाटन
मिस्र ने आखिरकार शनिवार को ग्रैंड इजिप्शियन म्यूजियम का उद्घाटन कर दिया। यह दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय है, जो मिस्र की सभ्यता को समर्पित है। राजधानी काहिरा के बाहरी इलाके में गीजा पठार पर स्थित इस म्यूजियम में प्राचीन मिस्र के जीवन की झलक दिखाने वालीं 50 हजार से ज्यादा कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। लगभग दो दशक में निर्मित यह संग्रहालय अब गीजा पठार पर तीन पिरामिड और ग्रेट स्फिंक्स ऑफ गीजा के साथ एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा।
श्रीलंका में जन प्रतिनिधियों को सुरक्षा देने की अपील
श्रीलंका में विपक्षी सांसदों ने पुलिस प्रमुख प्रियंता वीरासुरिया से सभी जन- प्रतिनिधियों को निजी सुरक्षा देने की अपील की है। साथ ही, स्पीकर से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पुलिस अधिकारी को सदन में बुलाने का अनुरोध भी किया है। मुख्य विपक्षी पार्टी समागी जन बालवेगया के सांसद रंजीत मद्दुमा बंडारा ने सरकार के निजी सुरक्षा हटाने के फैसले को राजनीतिक करार दिया और कहा कि जन प्रतिनिधियों की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
भारत के लिए जासूसी करने के आरोप में पाकिस्तानी मछुआरा गिरफ्तार
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्ला तरार ने शनिवार को दावा किया कि देश के एक मछुआरे इजाज मल्लाह को भारत के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मल्लाह को भारतीय खुफिया एजेंसियों ने समुद्र में मछली पकड़ते समय पकड़ा था और उसे जासूसी के बदले इनाम देने का लालच दिया गया था। तरार के मुताबिक, मल्लाह से पाकिस्तान नौसेना, सेना और सिंध रेंजर्स की वर्दियां, पाकिस्तानी मुद्रा, सिगरेट, माचिस, लाइटर और सिम कार्ड जैसे सामान जुटाने को कहा गया था। मंत्री ने बताया कि जब मल्लाह इन वस्तुओं को लेकर भारत जाने की कोशिश कर रहा था, तब पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों ने उसे समुद्र में गिरफ्तार कर लिया। सूचना मंत्री ने इसे भारतीय खुफिया एजेंसियों की पाकिस्तान के खिलाफ प्रचार युद्ध की साजिश बताया और पत्रकारों को कुछ बरामद वस्तुएं व एक वीडियो भी दिखाया, जिसमें मल्लाह ने स्वीकार किया कि उसे भारतीय एजेंसियों ने पकड़ा था।
खराब मौसम के कारण नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में सैकड़ों पर्यटक फंसे
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र स्थित लुकला हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण लगातार तीसरे दिन उड़ानें स्थगित होने से सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश हो रही है, आसमान में बादल छाए हुए हैं और कोहरा छाया हुआ है, जिससे माउंट एवरेस्ट और क्षेत्र की अन्य चोटियों के प्रवेश द्वार लुकला स्थित तेनजिंग-हिलेरी हवाई अड्डे और उसके आसपास दृश्यता बहुत कम हो गई है।
सोलुखुम्बु जिले के सहायक मुख्य जिला अधिकारी सुरेंद्र थापा ने बताया कि लगातार बारिश और कम दृश्यता के कारण गुरुवार से उड़ानें संचालित नहीं हो पा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन पहले एवरेस्ट बेस कैंप तक ट्रेकिंग करने के बाद लुकला लौटे पर्यटकों को काठमांडू लौटने के लिए कोई उड़ान नहीं मिल रही है। थापा ने बताया कि इस पर्यटन सीजन में रोजाना दर्जनों उड़ानें संचालित होती हैं, लेकिन अब सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं।
लुकला और उसके आस-पास के होटल और नामचे बाजार पर्यटकों से भरे हुए हैं क्योंकि खुम्बू क्षेत्र की यात्रा के बाद लौटने की तैयारी कर रहे पर्यटक लुकला में फंस गए हैं। तारा एयरलाइंस लुकला के प्रभारी अमृत मगर ने बताया कि एयरलाइन से टिकट बुक कराने वाले लगभग 1,500 पर्यटक लुकला में फंसे हुए हैं। काठमांडू में जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग के मौसम पूर्वानुमान प्रभाग के अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश और बर्फबारी जल्द ही रुकने वाली नहीं है। अधिकारियों ने आगे कहा, 'कोशी प्रांत सहित पहाड़ी और पहाड़ी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है।'