फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: रूस में इंडिया फेस्ट का हुआ शुभारंभ; पाकिस्तान में इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई

Sat, 05 Jul 2025 03:39 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

पाकिस्तान ने भारत से एक बार फिर बातचीत के लिए गुहार लगाई है। पाकिस्तान ने कहा कि वह सदैव भारत के साथ सामान्य पड़ोसी वाले संबंध का इच्छुक है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने शुक्रवार को कहा, हम कूटनीति के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं। पाकिस्तान की प्रतिबद्धता सर्वविदित है और बहुत स्पष्ट है। सामान्य पड़ोसी संबंध की इच्छा जताने के साथ ही प्रवक्ता ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने की भारत की कार्रवाई को पूरी तरह से अवैध भी बता दिया जिसका अंतरराष्ट्रीय कानून के संदर्भ में कोई महत्व नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि राजनीतिक स्तर पर यह संधि दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण संसाधन, जल, के प्रबंधन की आधारशिला बनी हुई है, जिसने दशकों के दौरान अनेक उतार-चढ़ावों का सामना किया है। यदि कोई विवाद है, तो दोनों पक्षों ने संधि में विवाद निपटान तंत्र के माध्यम से इसे हल करने की कोशिश की है।

विज्ञापन


क्रेमलिन के पास नौ दिन तक चलने वाले इंडिया फेस्ट का हुआ शुभारंभ
क्रेमलिन के पास नौ दिन तक चलने वाला 'इंडिया फेस्ट' का शुभारंभ शनिवार को हुआ, जिसमें कई भारतीय राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके तहत, मानेज स्क्वायर के एक कोने में (जो क्रेमलिन की दीवार से जुड़ा है) एक हरा-भरा उष्णकटिबंधीय भारत का द्वीप बनाया गया है, जहां भारतीय खाना और हस्तशिल्प की दुकानें लगी हैं। यह उत्सव भारत के दूतावास और रूस सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। 

अमेरिका ने फिर ईरान के तेल निर्यातों पर लगाया प्रतिबंध
इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध विराम के 12 दिन बाद अमेरिका ने ईरानी तेल निर्यात पर फिर प्रतिबंध लगाया है। इसे तेहरान के ऊर्जा क्षेत्र के खिलाफ अमेरिका की पहली कार्रवाई बताई जा रही है। बृहस्पतिवार को घोषित प्रतिबंधों के निशाने पर इराकी व्यवसायी सलीम अहमद सईद और उनकी संयुक्त अरब अमीरात स्थित कंपनी है, जिस पर अमेरिका ने इराकी तेल के साथ ईरानी तेल की तस्करी का आरोप लगाया है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा, ईरान के व्यवहार ने उसे तबाह कर दिया है, जबकि उसके पास शांति चुनने का हर अवसर था, उसके नेताओं ने उग्रवाद को चुना। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माईल बाघई ने सुझाव दिया कि ईरान इस संकट का कूटनीतिक समाधान खोजने के लिए ओमान और कतर के माध्यम से अमेरिका के साथ अप्रत्यक्ष संपर्क में है। बाघई ने कहा, कूटनीति का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए या इसे धोखे के साधन के रूप में या अपने विरोधियों के खिलाफ मनोवैज्ञानिक युद्ध के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, तेहरान को लगता है कि उसके कूटनीतिक प्रयासों के साथ विश्वासघात किया गया है।

विज्ञापन

पाकिस्तानी नंगा पर्वत पर चढ़ रही चेक पर्वतारोही की मौत
चेक पर्वतारोही क्लारा कोलोचोवा (46) की पाकिस्तान में नंगा पर्वत की चढ़ाई करते समय मृत्यु हो गई। नंगा पर्वत आठ हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली दुनिया की 14 चोटियों में से एक है। क्लारा का शव खोजने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। यह क्षेत्र पीओके में मौजूद है।

एआई ओवरव्यू को लेकर गूगल के खिलाफ शिकायत
गूगल को अपने एआई ओवरव्यूज (अवलोकन) पर स्वतंत्र प्रकाशकों के समूह से यूरोपीय संघ (ईयू) की अविश्वास संबंधी शिकायत का सामना करना पड़ा है। ईयू ने यूजरों को अपूरणीय क्षति से बचाने के लिए एक अंतरिम उपाय की भी मांग की है। गूगल ने मई में ही एआई अवलोकन में विज्ञापन जोड़ना शुरू किया है। कंपनी सर्च इंजन में एआई को एकीकृत करके अपना सबसे बड़ा दांव लगा रही है, लेकिन इस कदम ने प्रकाशकों जैसे कुछ सामग्री प्रदाताओं की चिंताओं को जन्म दिया है। 30 जून के स्वतंत्र प्रकाशक गठबंधन दस्तावेज में यूरोपीय आयोग को दी गई एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गूगल ऑनलाइन सर्च में अपनी बाजार शक्ति का दुरुपयोग कर रहा है। इसकी सर्च इंजन सेवा एआई के लिए वेब सामग्री का दुरुपयोग कर रही है।

ब्रिटिश संसद में पाकिस्तान के धार्मिक उत्पीड़न उजागर
ब्रिटेन की संसद के समिति कक्ष-7 में आयोजित एक सत्र के दौरान पाकिस्तान में जारी अल्पसंख्यकों के धार्मिक उत्पीड़न को उजागर किया गया। इस सत्र को धर्म-आस्था की आजादी पर बने सर्वदलीय संसदीय समूह (एपीपीजी फोर्ब) ने आयोजित किया। सभा को दौरान पाकिस्तान में हिंदुओं, सिखों, ईसाइयों, शियाओं और अहमदियों से होने वाले राज्य-प्रायोजित दुर्व्यवहारों की प्रकृति को उजागर किया। इसमें पाकिस्तान की सैन्य व राजनीतिक मशीनरी की गंभीर तस्वीर भी पेश की गई। ब्रिटिश संसद में देश के सांसदों, मानवाधिकार पैरोकारों और समुदाय के प्रतिनिधियों ने न सिर्फ पाकिस्तानी सरकार और सेना की करतूतों की गवाही दी बल्कि उनके दस्तावेजी सबूत भी पेश किए। ये सबूत बताते हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार अलग-अलग घटनाएं नहीं हैं। इसके बजाय, वे सरकार और सैन्य प्रतिष्ठान के समर्थन से निष्पादित एक जानबूझकर अपनाई जाने वाली रणनीति का हिस्सा हैं। 

ऑस्ट्रेलिया में यहूदी धर्मस्थल में लगाई आग, अंदर प्रार्थना कर रहे थे श्रद्धालु

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक व्यक्ति द्वारा यहूदी धर्मस्थल में आग लगाने की घटना सामने आई है। हैरानी की बात ये है कि जिस वक्त धर्मस्थल में आग लगाई गई, उस समय कई श्रद्धालु पूजा कर रहे थे। हालांकि आग लगने के बाद श्रद्धालु एक दूसरे दरवाजे से निकल गए, जिससे हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। गौरतलब है कि जहां यहूदी धर्मस्थल में आगजी की घटना हुई, वहीं पर सात महीने पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी, जिसमें एक श्रद्धालु घायल हो गया था। आग धर्मस्थल के दरवाजे तक सीमित रही और तभी अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित कर लिया। ऑस्ट्रेलिया में 7 अक्तूबर 2023 से यहूदी विरोधी हमलों में तेजी आई। इसी दिन इस्राइल और गाजा के बीच लड़ाई शुरू हुई थी।  
 

पाकिस्तान में अरबों डॉलर का निवेश करेगा अजरबैजान

पाकिस्तान और अजरबैजान के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। अब दोनों देशों में एक समझौता हुआ है, जिसके तहत अजरबैजान, पाकिस्तान में दो अरब डॉलर का निवेश करेगा। यह निवेश पाकिस्तानी अर्थव्यवस्था के विविध क्षेत्रों में किया जाएगा। समझौते पर हस्ताक्षर अजरबैजान के खानकेंदी में पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार और अजरबैजान के वित्त मंत्री मिकाइल जब्बारोव ने किए। इस दौरान अजरबैजान के राष्ट्रपति और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी मौजूद रहे। अजरबैजान के राष्ट्रपति जल्द ही पाकिस्तान का दौरा करेंगे, जिसमें विस्तृत समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। बीते दिनों भारत के साथ पाकिस्तान का जो संघर्ष हुआ था, उसमें भी अजरबैजान ने पाकिस्तान की मदद की थी।
 

ब्रिटेन में भारतीय मूल के व्यक्ति को उम्रकैद

ब्रिटेन में 24 साल के भारतीय मूल के एक व्यक्ति को बच्ची से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया गया है। अदालत ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी की पहचान नवरूप सिंह के रूप में हुई है। आरोपी पर अक्तूबर 2024 में एक महिला से दुष्कर्म की कोशिश का भी आरोप लगा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने फोरेंसिक सबूतों, सीसीटीवी और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी को पकड़ा। 

बंदूक हिंसा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, श्रीलंका में 300 से अधिक लोग गिरफ्तार

बंदूक हिंसा पर रोक लगाने और आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के उद्देश्य से श्रीलंका की पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। श्रीलंकाई अधिकारियों ने बताया कि कोलंबो के उत्तरी उपनगरों में रात भर समन्वित कार्रवाई कर 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में श्रीलंका पुलिस, विशेष कार्यबल, सेना और नौसेना के जवान शामिल थे। अभियान के दौरान, नशीली दवाओं से संबंधित और अन्य अपराधों में उनकी कथित संलिप्तता के लिए 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई ऐसे समय की गई, जब श्रीलंका में बंदूक हिंसा की घटनाओं में तेजी आई है। विपक्ष का दावा है कि जनवरी से अब तक 60 से अधिक गोलीबारी की घटनाओं में 40 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। सरकार का कहना है कि ये हत्याएं अपराधियों की आपसी गैंगवार में हुईं।

पाकिस्तान: इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई, बचाव कार्य जारी

पाकिस्तान के दक्षिणी हिस्से में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत के गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। बचाव अभियान दूसरे दिन भी जारी है। फंसे हुए जीवित लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि रात को बचावकर्मियों ने मलबे से 10 और शव निकाले हैं। सरकारी सिविल अस्पताल ने एक बयान में कहा कि उसे 16 शव प्राप्त हुए हैं और कई घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय मीडिया और आपातकालीन अधिकारियों के अनुसार, बचावकर्मी भारी मशीनरी का इस्तेमाल कर कम से कम आठ अन्य फंसे हुए लोगों की तलाश कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कहा कि यह इमारत एक संकरी सड़क पर स्थित थी, जिससे भारी मशीनरी लाने में दिक्कत हो रही है। टीवी फुटेज में बचावकर्मी मलबा हटाते हुए दिख रहे हैं, जबकि फंसे लोगों के परिजन रोते और उनकी सुरक्षा के लिए दुआ करते नजर आए।

पाकिस्तान में इमारतों के गिरने की घटनाएं आम हैं, क्योंकि निर्माण मानकों को अक्सर सही तरीके से लागू नहीं किया जाता। कई इमारतें खराब गुणवत्ता वाली सामग्री से बनाई जाती हैं और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाती है ताकि खर्च कम किया जा सके। जून 2020 में कराची में एक अपार्टमेंट इमारत गिरने से 22 लोग मारे गए थे।
 

तुर्किये ने सीरिया भेजे दो फायरफाइटर विमान, दोनों तरफ भीषण आग लगी

तुर्किये ने शनिवार को दो फायरफाइटर विमान सीरिया को भेजे, ताकि पड़ोसी देश के जंगल की लगी आग को बुझाने में मदद की जा सके। वहीं, तुर्किये की तरफ भी सीमा के पास आग लगी है और देश के पश्चिमी हिस्से में एक व्यक्ति की मौत की खबर आई है। सीरिया के आपातकालीन और आपदा प्रबंधन मंत्री राएद अल सालेह के अनुसार, 11 दमकल ट्रक और पानी वाले वाहन भी सीरिया के उत्तर पश्चिमी लताकिया क्षेत्र में भेजे गए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि तुर्किये में अचानक लगी आग के कारण उनके वाहन लगभग एक दिन देरी से पहुंचे। तुर्किये में 26 जून से लगातार आग लगी है।
 

कजाखस्तान: विश्व बॉक्सिंग कप के फाइनल में पहुंचे पांच भारतीय मुक्केबाज 
भारत की मीनाक्षी, साक्षी, पूजा रानी, हितेश गुलिया और जुगनू ने शानदार जीत दर्ज कर अपने-अपने भार वर्गों के फाइनल में जगह बना ली है। यह मुकाबले विश्व बॉक्सिंग कप के दौरान शनिवार को खेले गए। अब तक भारत को 11 पदक पक्के हो चुके हैं, जिनमें से 6 मुकाबले रविवार को स्वर्ण पदक के लिए खेले जाएंगे।

अभी भारत के अभिनाश जमवाल (पुरुष 65 किग्रा वर्ग) का सेमीफाइनल मुकाबला बाकी है।  अगर वह जीतते हैं तो भारत को एक और स्वर्ण पद का मौका मिलेगा। मीनाक्षी ने भारत के लिए जीत की शुरुआत की। उन्होंने 48 किलोग्राम के सेमीफाइनल में तुर्किये की नुर्सेलन याल्गेटेकिन को 5-0 से हराया। उनका प्रदर्शन बहुत आक्रामक और दमदार रहा। इसके बाद साक्षी ने भी शानदार खेल दिखाया। उन्होंने उज्बेकिस्तान की फेरूजा काजाकोवा को 54 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में 5-0 से मात दी।

ओलंपियन पूजा रानी ने भी फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने 80 किग्रा वर्ग में तुर्किये की एलीफ गुनेरी को कड़ी टक्कर दी और 3-2 के नतीजे से जीत हासिल की। नूपुर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने शुक्रवार को ही 80+ किग्रा वर्ग में अपनी जगह पक्की कर ली थी। इस तरह चार महिला मुक्केबाज अब फाइनल में हैं।

संजू (60 किग्रा वर्ग) को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कजाखस्तान की विक्टोरिया ग्राफेएवा के खिलाफ कड़ी मेहनत की, लेकिन 0-5 से हार गईं और अब उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा। इससे पहले भारत ने ब्राजील में छह पदक जीते थे। उस समय केवल पुरुष मुक्केबाजों ने भाग लिया था। यह पहली बार है जब महिला मुक्केबाज भी विश्व बॉक्सिंग कप में खेल रही हैं। पुरुष वर्ग में हितेश गुलिया ने भी फाइनल में जगह बना ली है। 70 किग्रा वर्ग में खेलते हुए पहले राउंड में वह फ्रांस के मकन ट्राओरे के खिलाफ थोड़े संघर्ष में थे। लेकिन दूसरे और तीसरे राउंड में उन्होंने जबरदस्त वापसी की और जीत दर्ज की। जुगनू ने भी जीत की लय को जारी रखा। उन्होंने 85 किग्रा वर्ग में इंग्लैंड के टेगन स्कॉट को 5-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
 

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने प्रतिबंधों में ढील के बाद सीरिया का दौरा किया
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने शनिवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क में सीरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति अहमद अल-शराआ से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा के लिए हुई। ब्रिटेन ने हाल ही में सीरिया पर लगे कुछ प्रतिबंधों को हटाना शुरू किया है। सीरिया ने पश्चिमी देशों के साथ अपने संबंध सुधारने शुरू कर दिए हैं, खासकर दिसंबर में राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद। यह घटनाक्रम अहमद अल-शरा के नेतृत्व वाले इस्लामी संगठन ‘हयात तहरीर अल-शाम’ के हमलों के बाद हुआ था।

अल-शरा के कार्यालय ने बताया कि लैमी और राष्ट्रपति ने आपसी संबंधों, सहयोग को बढ़ाने के तरीकों और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद लैमी ने सीरिया के विदेश मंत्री असअद अल-शिबानी से भी मुलाकात की। अप्रैल में ब्रिटिश सरकार ने सीरिया की 12 संस्थाओं पर लगे प्रतिबंध हटा दिए थे, जिनमें सरकारी विभाग और मीडिया संस्थान शामिल थे। इसका उद्देश्य असद के हटने के बाद देश के पुनर्निर्माण में मदद करना था। कुछ हफ्ते पहले ही ब्रिटेन ने लगभग दो दर्जन सीरियाई व्यवसायों से भी प्रतिबंध हटा लिए थे। इनमें ज्यादातर बैंक और तेल कंपनियां थीं। इसी हफ्ते, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसमें सीरिया पर लगे कई अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों को समाप्त कर दिया गया। यह कदम उन्होंने अल-शरा से किए गए वादे को निभाने के तौर पर उठाया।
विज्ञापन

नेपाल में केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से नागरिक उन्मुक्ति पार्टी (एनयूपी) ने अपना समर्थन वापस लेने का फैसला किया है। एनयूपी एक प्रमुख मधेसी पार्टी है, जिसके चार सांसद हैं। हालांकि, इससे गठबंधन की स्थिरता पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। पार्टी की अध्यक्ष रंजीता श्रेष्ठ ने शनिवार को बताया कि सरकार छोड़ने और संसद में विपक्ष में बैठने का फैसला पार्टी के संसदीय दल की बैठक में लिया गया है। पार्टी जल्द इस बारे में स्पीकर और प्रधानमंत्री को सूचित करेगी। एनयूपी के सांसद अरुण चौधरी ओली सरकार में पर्यटन, संस्कृति और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री हैं। उन्होंने कहा, वह रविवार को प्रधानमंत्री को इस्तीफा सौंपेंगे। इससे पहले 22 जुलाई को जनता समाजवादी पार्टी ने ओली सरकार से अपना समर्थन वापस लेने का फैसला किया था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें