एक रूसी हत्यारे वादिम क्रासिकोव को शुक्रवार को जर्मनी की जेल से रिहा कर दिया गया। वादिम की यह रिहाई रूस और पश्चिमी देशों के बीच हुई कैदियों की अदला-बदली के तहत हुई है। वादिम क्रासिकोव को साल 2019 में एक पूर्व चेचेन्या उग्रवादी की हत्या का दोषी ठहराया गया था।
वादिम क्रासिकोव ने दिनदहाड़े बर्लिन के एक पार्क में चेचेन्या उग्रवादी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिस जगह हत्या हुई, वह पार्क जर्मनी की संसद और तत्कालीन जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल के कार्यालय से कुछ कदम की दूरी पर है। यही वजह है कि इस हत्याकांड को लेकर जर्मनी में काफी बवाल हुआ था।
कौन है वादिम क्रासिकोव
क्रासिकोव का जन्म साल 1965 में कजाखस्तान में हुआ था और उस वक्त कजाखस्तान सोवियत संघ का हिस्सा था। वादिम रूस की सुरक्षा ईकाई एफएसबी में काम करता था और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वादिम एक हत्या है, जो रूस की सरकार के लिये काम करता है।
कथित तौर पर वादिम चेचेन्या उग्रवादी जेलिमखान खानगोशविली की हत्या के लिए फ्रांस के रास्ते जर्मनी में दाखिल हुआ था और इसके लिए उसने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया। चेचेन्या उग्रवादी की हत्या के कुछ मिनट बाद ही वादिम को गिरफ्तार कर लिया गया था। वादिम ने पार्क में गोली मारकर खानगोशविली की हत्या की थी। हालांकि पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद वादिम ने खुद को निर्दोष बताया था।
जांच के दौरान वादिम की पहचान यूक्रेन की सुरक्षा सेवाओं की मदद से की गई, क्योंकि वादिम ने यूक्रेन के खारकीव में साल 2010 में दूसरी शादी की थी। उसी दौरान की फुटेज से वादिम की पहचान की गई।
वादिम को जर्मनी में सजा सुनाते हुए जज ने कहा था कि चेचेन्या मूल के नागरिक की हत्या एक राज्य आतंकवाद है और हत्या का आदेश सीधे पुतिन ने दिया था। क्रासिकोव को साल 2021 में सजा सुनाई गई थी। इससे नाराज होकर रूस ने मॉस्को स्थित जर्मनी के दूतावास के दो कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था।
क्रासिकोव उन 26 कैदियों में शामिल है, जिन्हें रूस- यूरोप के बीच हुई कैदियों की अदला बदली के तहत रिहा किया गया है। क्रासिकोव रूस पहुंच चुका है और वहां खुद राष्ट्रपति पुतिन ने क्रासिकोव समेत अन्य कैदियों का स्वागत किया।