लेबनान में इस्राइल के साथ युद्ध लड़ रहे हिजबुल्ला ने हुंकार भरी है। बता दें कि हिजबुल्ला की तरफ से दावा किया गया है कि इस्राइली सैनिक लेबनान में नहीं घुसे हैं और उसके लड़ाके इस्राइली सैनिकों के साथ सीधे मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
मध्य इस्राइल में मिसाइल फायरिंग बस शुरुआत है- हिजबुल्ला
इस्राइल ने जमीनी स्तर पर ऑपरेशन की शुरुआत की घोषणा के बाद से अपने पहले बयान में हिजबुल्ला के प्रवक्ता मोहम्मद अफिफी ने कहा कि इस्राइली बलों की तरफ से लेबनान में घुसने का दावा झूठा था। उन्होंने कहा कि हिजबुल्ला के लड़ाके दुश्मन बलों के साथ सीधे मुकाबले के लिए तैयार हैं। उन्होंने ये भी कहा कि हिजबुल्ला ने मंगलवार को मध्य इस्राइल की ओर मध्यम दूरी की मिसाइलों की फायरिंग की केवल शुरुआत है।
लेबनानी समुदायों को इस्राइल सेना का आदेश
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइली सेना ने सीमा के पास मौजूद लगभग दो दर्जन लेबनानी समुदायों को जगह खाली करने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक, हिजबुल्ला के रॉकेट हमले के बाद इस्राइली सेना ने सार्वजनिक समारोहों को सीमित कर दिया है और समुद्र तटों को बंद कर दिया है।
कई वर्षों से लेबनान में ऑपरेशन चला रहा इस्राइल
वहीं एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइली सेना का दावा है कि उसने पिछले कई वर्षों में लेबनान में दर्जनों छोटे-छोटे जमीनी ऑपरेशन चलाए हैं।
लेबनान पर इस्राइली हवाई हमले हुए तेज
अलजजीरा के अनुसार लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियाह के पास एक और इजरायली हवाई हमला हुआ था। हालांकि यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि इस हमले का टारगेट क्या था। जानकारी के अनुसार इस्राइल न केवल लेबनान राजधानी के दक्षिणी हिस्सों में बल्कि देश के भीतर कई जगहों पर हमला कर रहा है। इस तरह के इस्राइली हमले लेबनान में अधिक व्यापक और गहन होते जा रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने संघर्ष को कम करने का किया आह्वान
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने लेबनान में संघर्ष को कम करने का आग्रह किया है, उनके प्रवक्ता ने कहा कि हिजबुल्ला के खिलाफ इस्राइल के बढ़ते हमले से क्षेत्रीय युद्ध की आशंका बढ़ गई है। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, गुटेरेस ने तत्काल युद्ध विराम की अपील की है और कहा कि लेबनान में किसी भी कीमत पर पूर्ण युद्ध को टाला जाना चाहिए, और लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।