ईरान पर इस्राइल और अमेरिका की कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच यूएई से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए उड़ानें फिर से शुरू हुईं। एमिरेट्स की पहली फ्लाइट में यात्रियों का भावुक स्वागत हुआ। वहीं, जेद्दा से इंडिगो की विशेष उड़ानें भी भारतीयों को घर लौटने में मदद कर रही हैं।
इस्राइल और अमेरिका की ईरान पर संयुक्त कार्रवाई और उसके जवाब में ईरान के हमलों ने पूरे पश्चिम एशिया में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। मिसाइल और ड्रोन हमलों के चलते उड़ान सेवाएं ठप हो गईं, लाखों यात्री फंसे रहे। इसी बीच अब यूएई में फंसे भारतीयों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है। जहां सोमवार रात से दुबई और अबू धाबी से भारत के लिए उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं, जिससे घर लौटने की राह आसान हुई है, जिसके बाद दिल्ली, मुंबई और बेंगलूरू के लिए उड़ानें कई दिनों की रुकावट के बाद अब उड़ान भर रही हैं।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार एमिरेट्स एयरलाइन की ड्यूटी पर मौजूद एयर होस्टेस ने दुबई से बंगलूरु जाने वाली फ्लाइट EK568 में सवार यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि बंगलूरू के लिए इस फ्लाइट में आपका स्वागत है। हां, यह पहली उड़ान है। यह पल यात्रियों के लिए भावुक और खुशी भरा था।
बता दें कि इससे पहले दुबई एयरपोर्ट्स ने उड़ानों के आंशिक फिर से शुरू होने की आधिकारिक पुष्टि की थी। सीमित उड़ानों के साथ 2 मार्च की शाम से दुबई इंटरनेशनल (DXB) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल- अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) से उड़ानें फिर से शुरू हुईं। हालांकि, अधिकारियों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। यात्रियों से कहा गया है कि वे तभी एयरपोर्ट आएं जब उनकी एयरलाइन ने उन्हें सीधे संपर्क कर निश्चित उड़ान समय बता दिया हो।
ये भी पढ़ें:- US-Iran War: ऑपरेशन एपिक फ्यूरी पर अमेरिका का खुलासा, 24 घंटे में ईरान के हजार से ज्यादा ठिकानों पर किया हमला