सार
गाजा में इस्राइल ने एक बार फिर जोरदार हमला किया। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जिसमें तीन बच्चे भी शामिल थे। वहीं दूसरी ओर वेस्ट बैंक में पत्रकार अली समौदी को आतंकवादी संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
इस्राइल और हमास के बीच का संघर्ष दिन-प्रतिदिन और घातक होता हुआ जा रहा है। इसी बीच बुधवार को गाजा में इस्राइल ने एक बार फिर जोरदार हमला किया। इस हमले में लगभग 12 लोगों की मौत हो गई, जिसमें तीन बच्चे भी शामिल है। अल-अक्सा अस्पताल के मुताबिक, हमले नुसेरात शरणार्थी शिविर के तीन घरों पर किए गए। बच्चों में दो सगे भाई थे, जिनके शवों के टुकड़े अस्पताल पहुंचे।
वेस्ट बैंक में पत्रकार अली समौदी गिरफ्तार
इस्राइली सेना ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक के जेनिन शहर में छापेमारी कर पत्रकार अली समौदी को गिरफ्तार किया। समौदी पहले CNN और अल-जज़ीरा के लिए काम कर चुके हैं। 2022 में वे उस गोलीबारी में घायल हुए थे जिसमें पत्रकार शिरीन अबू अकलेह की मौत हुई थी। इस्राइली सेना ने आरोप लगाया कि समौदी इस्लामिक जिहाद से जुड़े हैं और उन्होंने उसके लिए पैसे भेजे, हालांकि कोई ठोस सबूत नहीं दिया गया।
ये भी पढ़ें:- Russia-China Ties: रूस ने चीन को दी एडवांस्ड एस-400 वायु रक्षा प्रणाली, बीजिंग ने किया था अरबों डॉलर का करार
लेबनान ने अमेरिका से इस्राइल पर दबाव डालने को कहा
लेबनान के राष्ट्रपति ने अमेरिकी सैन्य प्रतिनिधिमंडल से इस्राइल पर दबाव डालने की अपील की है ताकि वह अब भी कब्जे में रखे गए लेबनानी कैदियों को रिहा करे और सीमा क्षेत्र से पीछे हटे। इस बैठक में अमेरिका के नए प्रतिनिधि मेजर जनरल माइकल जे. लीनी भी शामिल हुए।
ये भी पढ़ें:- Yemen: हूती विद्रोहियों की खैर नहीं, अमेरिका के साथ मिलकर ब्रिटेन ने किया हमला, ड्रोन कारखाने को बनाया निशाना
गाजा पर नहीं थम रहा इस्राइल का हमला
बता दें कि पिछले महीने हमास के साथ युद्धविराम खत्म होने के बाद से इस्राइल गाजा पर रोज हमले कर रहा है। मार्च की शुरुआत से ही गाजा में 20 लाख लोगों को भोजन और दवा जैसी जरूरी चीजों की आपूर्ति रोक दी गई है, ताकि हमास पर बंधकों की रिहाई को लेकर दबाव बनाया जा सके। इस सप्ताह गाजा सिटी और बेइत लाहिया में भी दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बात अबतक की करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक गाजा में 52,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।