पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया में बोको हरम ने अंधाधुंध गोलीबारी की। गोलीबारी में 100 से अधिक लोगों की मौत की खबर है। लड़ाकों ने कई दुकानों और घरों में आग लगा दी। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, बोको हरम के संदिग्ध लड़ाकों ने उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया के एक गांव पर हमला किया और कई लोगों को मार डाला। स्थानीय समय के मुताबिक हमला रविवार दोपहर को हुआ।
मरने वालों की संख्या 100 से अधिक
स्थानीय अधिकारी बुलामा जलालुद्दीन ने कहा कि हमले में 81 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। माफा में रहने वाले मोडू मोहम्मद ने कहा कि कई और स्थानीय निवासी लापता हैं और मरने वालों की संख्या 100 से अधिक होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि कुछ शव अभी भी झाड़ियों में हैं।
150 संदिग्ध बोको हरम आतंकियों ने किया हमला
पुलिस अधिकारी अब्दुलकरीम ने बताया, ‘योबे राज्य के एक गांव में राइफलों और आरपीजी (रॉकेट चालित ग्रेनेड) से लैस लगभग 150 संदिग्ध बोको हरम आतंकवादियों ने 50 से अधिक मोटरसाइकिलों पर माफा वार्ड पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने कई लोगों की हत्या कर दी। साथ ही कई दुकानों और घरों को जला दिया। हालांकि आतंकी हमले में मारे गए लोगों की वास्तवकि संख्या नहीं पता है।"
दो लड़ाकों की हत्या के बाद भड़का आतंकी समूह
अब्दुलकरीम ने कहा कि बोको हरम का ये हमला दो संदिग्ध आतंकियों की हत्या का बदला है। अपने दो लड़ाकों की हत्या के बाद आतंकी समूह भड़क उठा था। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, "अब तक 15 शवों को उनके रिश्तेदारों को दफनाया जा चुका है, कई लोग अभी भी लापता हैं और उनका अब तक पता नहीं लग सका है।
चरमपंथी पहले घर लूटते हैं और फिर उन्हें जला देते हैं
योबे राज्य पिछले 15 सालों से बोको हरम और अन्य चरमपंथी समूहों के विद्रोह का खामियाजा भुगत रहा है। जिसकी वजह से हजारों लोगों की जान चली गई है और 20 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं। चरमपंथियों ने एक और अन्य समूह से दोस्ती कर ली है और यह समहू स्थानीय निवासियों का अपहरण करते हैं। चरमपंथी पहले घर लूटते हैं और फिर उन्हें जला देते हैं।