संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने कोविड-19 के खात्मे के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस महामारी से लड़ने में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रिया बेहद धीमी और असमानता भरी है।
गुटेरस ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र के उच्च स्तरीय सप्ताह के समापन की पूर्व संध्या पर कहा कि हमारी दुनिया के सामने अभूतपूर्व चुनौती है। जलवायु परिवर्तन हो या फिर विभिन्न स्थानों पर जारी संघर्ष या कोविड-19, इन सभी चुनौतियों ने सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हमसे दूर कर दिया है।
उन्होंने कहा, 'सबसे पहले, इस महामारी का अंत करना है। हमारी प्रतिक्रिया बेहद धीमी और बहुत असमान है। मैं दुनिया से एक वैश्विक टीकाकरण योजना को लेकर एक साथ आने का आह्वान करता हूं ताकि अगले साल के मध्य तक दुनिया की 70 प्रतिशत आबादी का टीकाकरण किया जा सके।'
इस दौरान गुटेरस ने पांच बिंदुओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन पर तुरंत काम किए जाने की जरूरत है ताकि दुनिया सही दिशा में आगे बढ़ सके। ये हैं- महामारी को समाप्त करना, सभी का जल्दी से स्वस्थ होना, महिलाओं और लड़कियों के लिए समान अधिकार, जलवायु परिवर्तन पर काम, 2050 तक जीरो उत्सर्जन और दुनिया की भलाई के लिए सभी का मिलकर कार्य करना।
उन्होंने कहा कि पहले हमें इस महामारी को खत्म करना है। अब तक हमारी प्रतिक्रिया बेहद धीमी और असमान रही है। मैं दुनिया से अपील करता हूं कि वैश्विक वैक्सीन योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और वैक्सीन उत्पादन दोगुना किया जाए। अगले साल के मध्य तक दुनिया की 70 फीसदी आबादी तक वैक्सीन पहुंच जाए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया भर में अब तक कुल 228,206,384 लोग वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 4,687,066 लोगों की मौत हो चुकी है। 15 सितंबर 2021 तक दुनियाभर में 5,634,533,040 कोविड रोधी टीके लगाए जा चुके हैं।