बलूचिस्तान में एक बच्चे को उसकी मां के साथ पाक सेना समर्थित अपराधियों द्वारा गोली मारने के विरोध में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को अपनी सीमा चौकियों को छोड़कर भागना पड़ गया। स्थानीय अखबार ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ के मुताबिक हजारों प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
एक खुफिया अधिकारी ने अरब न्यूज को नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ‘ग्राउंड जीरो क्लीयरेंस ऑपरेशन’ के तहत कार्रवाई की जा रही है। इलाके के लोगों ने भी ऐसी हलचल के बारे में बताया है। कुछ हफ्ते पहले सरकार के समर्थक एक नेता नवाबजादा जमाल खान रायसैनी ने कहा था कि पाकिस्तान की सेना ने बलूच लिबरेशन आर्मी और बलूच लिबरेशन फ्रंट को साफ करने के लिए अभियान चलाया है।
इस बारे में पाकिस्तान के मंत्रियों ने कोई साफ जवाब नहीं दिया है। बलूचिस्तान के गृहमंत्री मीर जिया उल्लह लंगूव ने ऑपरेशन के बारे में तो कुछ नहीं कहा लेकिन असरदार कदम उठाने की बात कही है। वहीं, एक और अधिकारी ने बताया कि कई निशाने हफ्तों पहले बना लिए गए थे और अब केच, पंजगुर और ग्वादर में छापेमारी की जा रही है।