यूक्रेन पर हमला बोलने के बाद रूस कई तरह के प्रतिबंधों का सामना कर रहा है। ऐसे में अमेरिका ने रूस पर कुछ ऐसे प्रतिबंध लगाए हैं, जो उसके अंतरिक्ष कार्यक्रमों की रफ्तार को धीमा कर सकते हैं। इस बीच रूस ने एक बार फिर से दुनिया और विशेष तौर पर अमेरिका को धमकी दी है। रूस ने कहा है कि, अगर वह इस तरह से प्रतिबंध जारी रखेगा तो, वह अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (आईएसएस) को यूरोप या संयुक्त राज्य पर गिरा देगा।
रूस को मनाने नासा आया सामने
रूस की अंतरिक्ष एजेंसी द्वारा स्पेस स्टेशन गिराने की धमकी के बाद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का बयान सामने आया है। नासा ने कहा है कि नए प्रतिबंध दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष सहयोग को खतरे में नहीं डालेंगे। हमारे साझा अंतरिक्ष कार्यक्रम में बदलाव की कोई योजना नहीं है।
बाइडेन ने लगाए थे कई प्रतिबंध
यूक्रेन मसले पर अमेरिका ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए हैं। हाल ही में अमेरिका ने नए प्रतिबंधों के तहत प्रौद्योगिकी निर्यात को रोक दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि, नए प्रतिबंध रूस की सैन्य और एयरोस्पेस क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता को सीमित करेंगे।