अमेरिका ने मैक्सिको सीमा पर पिछले महीने 1.44 लाख से ज्यादा शरणार्थियों को हिरासत में लिया। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मैक्सिको से लगी सीमा पर शरणार्थियों के पकड़े जाने के मामले अप्रैल की तुलना में 32 फीसदी बढ़ गए। 2006 से किसी एक महीने में यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। यह सभी लोग अवैध रूप से सीमा पार करने के तहत पकड़े गए। इनमें से करीब 10 फीसदी लोग बिना कागजात के यहां पहुंचे। इस बीच ट्रंप ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वह मैक्सिको के साथ शरणार्थियों को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता करने को तैयार नहीं है।
ट्रंप की मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने की मांग के बीच यह आंकड़े जारी किए गए हैं। माना जा रहा है कि इन आंकड़ों से अमेरिकी सरकार कांग्रेस पर मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के मामले में भारी पड़ेगी। इस बीच अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस और प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने बुधवार को मैक्सिको के शीर्ष राजनयिकों के साथ वार्ता की।
बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को यह भी एलान किया था कि आयात शुल्क को लेकर मैक्सिको के साथ वार्ता में कोई खास प्रगति नहीं हुई। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर कोई समझौता नहीं हो पाया तो दस जून से मैक्सिको से आने वाले सामान पर पांच फीसदी शुल्क लगाया जाएगा और यह हर माह तब तक बढ़ता जाएगा जब तक कि अवैध शरणार्थियों की समस्या खत्म ना हो जाए।