अमेरिकी नौसेना प्रमुख माइकल मार्टिन गिलडे ने भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू से एक अहम मुलाकात में भारत-अमेरिका के बीच रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। एडमिरल गिलडे ने इस बैठक के बाद ट्वीट किया, हम हिंद-प्रशांत और इससे भी आगे मुक्त, खुली व समावेशी नियम आधारित व्यवस्था को मिलकर प्रोत्साहित करेंगे।
विज्ञापन
गिलडे ने ट्वीट किया कि अमेरिका में भारत के राजदूत से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने संधू के साथ बैठक की अपनी तस्वीर भी साझा की। संधू ने एडमिरल का उनकी मेजबानी के लिए आभार व्यक्त किया। संधू ने ट्वीट किया, मैं भारत-अमेरिकी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए काम करने का इच्छुक हूं। दोनों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
बता दें कि अमेरिका इन दिनों इस इलाके में चीन के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इसमें भारत को वह अपना सर्वोच्च साझेदार मानता है।
विज्ञापन
अमेरिकी सांसद रिक ने कहा, बंदरगाह से व्यापार बढ़ाएंगे
अमेरिका के प्रभावशाली सांसद टॉम रिक ने भारत की महावाणिज्य दूत स्वाति कुलकर्णी से अटलांटा में मुलाकात कर अंतरदेशीय बंदरगाह से व्यापार बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों ने इस बात पर चर्चा की है कि किस प्रकार से भारत के साथ व्यापार रिश्ते दक्षिण कैरोलाइना में अंतरदेशीय बंदरगाह के जरिये स्थानीय अर्थव्यवस्था में मदद कर सकते हैं। कुलकर्णी ने इस मुलाकात की सराहना की।