अफगानिस्तान से लोगों को निकालने की समयसीमा मंगलवार को खत्म होने के साथ ही अमेरिका और अन्य देशों ने अपने हर नागरिक और सहयोगी को सुरक्षित वापस ले जाने की जद्दोजहद तेज कर दी है।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने सोमवार को कहा, अमेरिका में अफगानिस्तान में अब भी फंसे लोगों को निकालने की क्षमता है और वे निकासी अभियान के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन की ओर से तय समय सीमा से पहले यह काम कर लेंगे। अमेरिका ने अपने नागरिकों को जल्द से जल्द काबुल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए कहा है।
सुलिवन बोले, 300 अब भी फंसे, हमारे पास निकालने की क्षमता
सुलिवन ने बताया, करीब 300 अमेरिकी वहां बाकी हैं। हमने इससे अधिक लोगों को कल निकाला था, इसलिए लगता है कि उनके पास वहां से निकलने का मौका है। काबुल हमले से पहले ही अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने वापसी के आखिरी के कुछ दिनों को खतरनाक बताया था।
दूतावास रखने की योजना नहीं
सुलिवन ने बताया, अमेरिकी बलों की पूरी तरह वापसी के बाद अमेरिका की वहां दूतावास कायम रखने की कोई योजना नहीं है। अमेरिका मंगलवार के बाद भी हर एक अमेरिकी नागरिक के साथ-साथ उन अफगान लोगों की भी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करेगा, जिन्होंने हमारी मदद की।