फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रूस यूक्रेन युद्ध: पुतिन से मिल सकते हैं संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, लड़ाई रोकने की करेंगे अपील

Tue, 26 Apr 2022 09:29 PM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को

सार

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव गुटेरेस पहले भी यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध विराम लागू करने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने इस लड़ाई के चलते भीषण मानवीय संकट की स्थिति बनने की ओर इशारा किया है और युद्ध को जल्द से जल्द खत्म करने को कहा है।
विज्ञापन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करने वाले हैं। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को लेकर होने वाली इस मुलाकात के दौरान गुटेरेस पुतिन को दो महीने से चल रही इस जंग को समाप्त करने के लिए सहमत करने का प्रयास करेंगे। मॉस्को में पुतिन से मिलने के बाद गुटेरेस गुरुवार को यूक्रेन की राजधानी कीव का दौरा करेंगे। यहां वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ बैठक करेंगे। 

विज्ञापन


मॉस्को जाते हुए गुटेरेस ने अंकारा में तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन से भी मुलाकात की। एर्दोगन भी रूस और यूक्रेन के बीच विवाद को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता के लिए प्रयास कर चुके हैं, लेकिन उनकी ये कोशिशें नाकाम रही हैं। गुटेरेस के प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि वह देखेंगे कि वर्तमान संकट के समाधान के लिए क्या किया जा सकता है। क्या मानवीय स्थिति सुधारी जा सकती है या फिर एक समय काल के लिए लड़ाई रोकी जा सकती है।

यूक्रेन के साथ कोई शांति वार्ता नहीं करेंगे: सर्गेई लावरोव
पुतिन के साथ संभावित मुलाकात से पहले मंगलवार को गुटेरेस ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद लावरोव ने यूक्रेन के साथ शांति वार्ता करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि रूस इस चुनौती का कूटनीतिक समाधान निकालना चाहता है। सर्गेई लावरोव के इस बयान के सामने आने के बाद गुटेरेस और पुतिन की मुलाकात के दौरान कुछ असाधारण परिणाम निकलने की संभावना कम ही दिखाई दे रही है।
विज्ञापन


व्लादिमीर पुतिन ने भी की तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन से बात
व्लादिमीर पुतिन ने तुर्की के अपने समकक्ष के साथ यूक्रेन विवाद को लेकर फोन पर बात की। जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं के बीच यह फोनवार्ता एर्दोगन और गुटेरेस की मुलाकात के बाद हुई है। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस पहले भी कई बार यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध विराम की अपील कर चुके हैं। उन्होंने इस लड़ाई के चलते भीषण मानवीय संकट की स्थिति बनने की ओर इशारा किया है और युद्ध को जल्द से जल्द खत्म करने को कहा है।

रूस के किंडरगार्टन में दो बच्चों और एक महिला की हत्या
रूस में एक किंडरगार्टन में एक हमलावर ने दो बच्चों और एक महिला कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। एक सांसद ने यह जानकारी दी। संघीय सांसद और पूर्व गवर्नर सर्गेई मोरोजोव ने वीके सोशल नेटवर्क पर लिखा कि मध्य रूस के वेशकायमा शहर में एक व्यक्ति किंडरगार्टन में घुस गया और उसे एक महिला कर्मी व बच्चों को गोली मार दी और बाद में खुद को भी गोली मार ली। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य कर्मी को चोट आई है।

रूस गंभीर खतरा, चीन प्रतिस्पर्धी व चुनौती: ब्रिटिश प्रमुख रक्षा अध्यक्ष
ब्रिटिश प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) एडमिरल टोनी रेडकिन ने मंगलवार को कहा कि उनका देश रूस को एक गंभीर खतरे के रूप में तथा चीन को प्रतिस्पर्धी और चुनौती के रूप में देखता है। ‘रायसीना डायलॉग-2022’ में यह पूछे जाने पर कि क्या यूक्रेन-रूस युद्ध से चीन को फायदा हुआ है क्योंकि पश्चिम का ध्यान चीन के सवाल से हट गया है? रेडकिन ने जवाब दिया कि मुझे लगता है कि हमें चीन के संदर्भ में इन निष्कर्षों को लेकर वास्तव में सतर्क रहना होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें