प्रांतीय पुलिस ने एक बयान में कहा है कि लाहौर से करीब 375 किलोमीटर दूर खानेवाल में दोपहर के भोजने के लिए रुके डिप्टी डायरेक्टर नवीद सादिक और इंस्पेक्टर नासिस अब्बास पर दो आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं। दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पंजाब प्रांत के खानेवाल जिले में मंगलवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने आतंकरोधी विभाग (काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट) के दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
प्रांतीय पुलिस ने एक बयान में कहा है कि लाहौर से करीब 375 किलोमीटर दूर खानेवाल में दोपहर के भोजने के लिए रुके डिप्टी डायरेक्टर नवीद सादिक और इंस्पेक्टर नासिस अब्बास पर दो आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं। दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। बयान में बताया गया है कि आतंकवादी बाइक पर भागने में सफल रहे।
मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही ने पुलिस महानिरीक्षक को आतंकियों की गिरफ्तारी के लिए शुरू किए गए अभियान की निगरानी करने का आदेश दिया है। उन्होंने आतंक की ताजा लहर से निपटने के लिए पंजाब पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) को पाकिस्तानी तालिबान के रूप में भी जाना जाता है। टीटीपी ने पिछले साल नवंबर में सरकार के साथ अनिश्चितकाल के लिए संघर्ष विराम की समाप्ति की घोषणा की। इसके बाद से पाकिस्तान में आंतकवादी गतिविधियों में तेजी देखी गई है। आतंकी समूहों ने अपने लड़ाकों को देशभर में हमले करने का आदेश जारी किया है।
पिछले महीने बन्नू में खैबर पख्तूनख्वा आतंक रोधी विभाग (सीटीडी) परिसर में तीन दिनों तक पुलिस अधिकारियों को बंधक बनाया गया था। इसके बाद पाकिस्तानी सेना के कमांडो ने उनको छुड़ाने के लिए अभियान चलाया और 25 तालिबानी आतंकवादियों को मार गिराया था।