अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपती शी जिनपिंग
- फोटो : फाइल
हांगकांग पर तकरार के बीच अमरीका ने दो चीनी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया है। इन दोनों पर वर्जिनिया स्थित एक संवेदनशील सैन्य ठिकाने में घुसने की कोशिश का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इनमें से एक राजनयिक चीनी सेना का ‘अंडरकवर’ खुफिया अफसर था जो किसी गोपनीय मिशन पर अमेरिका भेजा गया था।
वहीं, स्थानीय मीडिया के अनुसार अमेरिका ने चीन के खिलाफ पिछले 30 साल में पहली बार ऐसी सख्त कार्रवाई की है। इसका खुलासा करते हुए न्यूयॉर्क टाइम्स ने यह भी दावा किया है कि इन दोनों को गोपनीय तरीके से सितंबर में ही वापस चीन भेज दिया गया।
मना करने के बावजूद नहीं माने
द टाइम्स के अनुसार दोनों राजनयिक अपनी बीवियों के साथ वर्जिनिया स्थित नॉर्फोक में तैनात विशेष कार्रवाई बल के ठिकाने के करीब तक पहुंच गए थे।
इतना ही नहीं, सुरक्षाकर्मियों के मना करने के बावजूद ये लोग छिपते-छिपाते सैन्य ठिकाने की ओर बढ़ रहे थे। रोके जाने पर उन्होंने सुरक्षाकर्मियों का निर्देश समझने में भूल होने की बात कही।